App

हिसार और हांसी में बसों के पहिए थमे, यात्रियों को झेलनी पड़ रही परेशानी

हरियाणा के हिसार में बकाया भुगतान की मांग को लेकर रोडवेज कर्मचारियों की अनिश्चितकालीन हड़ताल जारी है. कर्मचारी अपने बकाया भत्तों और भुगतान की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रहे हैं. हड़ताल के कारण हिसार डिपो की 181 और हांसी सब-डिपो की 78 बसें बंद हैं.

हिसार और हांसी में बसों के पहिए थमे, यात्रियों को झेलनी पड़ रही परेशानी
Image Credit: रोडवेज कर्मचारियों की हड़ताल से थमी बसों की रफ्तार

हिसार और हांसी में लंबित वित्तीय भत्तों और बकाया भुगतान की मांग को लेकर रोडवेज कर्मचारियों की अनिश्चितकालीन हड़ताल जारी है. कर्मचारियों की हड़ताल के चलते हिसार डिपो और हांसी सब-डिपो की कुल 259 बसों का संचालन पूरी तरह ठप हो गया है. बसों के पहिए थमने से यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है.

लोगों को हो रही परेशानी? 

बता दें कि हिसार डिपो की 181 और हांसी सब-डिपो की 78 बसें हड़ताल के चलते बंद हैं. इसका असर दिल्ली, चंडीगढ़ और जयपुर सहित कई लोकल और लंबे रूटों पर देखने को मिल रहा है. बस सेवा बाधित होने के कारण यात्रियों को अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए दूसरे साधनों का सहारा लेना पड़ रहा है.

क्या है मांग? 

जयबीर घणघस और मंजीत कुमार रोडवेज कर्मचारी ने बताया कि रोडवेज कर्मचारी लंबे समय से अपने लंबित वित्तीय लाभों और बकाया भुगतान की मांग कर रहे हैं. इनमें नाइट ड्यूटी भत्ता, टीए (यात्रा भत्ता), एलटीसी और मेडिकल बिलों का भुगतान प्रमुख रूप से शामिल है. कर्मचारियों का कहना है कि जब तक उनकी मांगों का समाधान नहीं होता, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा. बताया जा रहा है कि शुक्रवार शाम और रात को हिसार की SDM ज्योति मित्तल और रोडवेज यूनियन के नेताओं के बीच बातचीत हुई, लेकिन ये वार्ता बेनतीजा रही. इसके बाद कर्मचारियों ने अनिश्चितकालीन चक्का जाम जारी रखने का निर्णय लिया.

कर्मचारियों ने दी चेतावनी? 

रोडवेज कर्मचारियों ने चेतावनी दी है कि अगर जल्द उनकी मांगें नहीं मानी गईं तो साझा मोर्चा के आह्वान पर पूरे हरियाणा में करीब 20 हजार रोडवेज कर्मचारी प्रदेशव्यापी चक्का जाम करेंगे. वहीं, हांसी बस स्टैंड पर बसों का संचालन बंद होने से यात्रियों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा. करनाल और चंडीगढ़ जाने वाले यात्रियों कृष्ण एवं सोनू ने बताया कि वे काफी देर से बसों का इंतजार कर रहे हैं, लेकिन बसें उपलब्ध नहीं हैं. 

यात्रियों का कहना है कि सिरसा डिपो की सरकारी बसें भी समय पर नहीं पहुंच रही हैं और जो बसें आ रही हैं, वे भी काफी देरी से पहुंच रही हैं. ऐसे में रोडवेज कर्मचारियों की हड़ताल का सीधा असर आम जनता पर पड़ रहा है. एक तरफ कर्मचारी अपनी लंबित मांगों को लेकर आंदोलन कर रहे हैं. वहीं दूसरी तरफ बस सेवा बाधित होने से रोजाना सफर करने वाले यात्रियों को भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है.

(हांसी से नवीन शर्मा की रिपोर्ट)

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Akanchha Singh

Akanchha Singh

जी-न्यूज में ट्रेनी सब एडिटर. वर्तमान में दिल्ली-एनसीआर हरियाणा डिजिटल टीम में दिल्ली-एनसीआर-हरियाणा की राजनीति, हाइपर लोकल, क्राइम की खबरों पर नजर. यूटिलीटी की खबरों में दिलचस्पी है. 2023 में संस्थान से जुड़े. माखन लाल चतुर्वेदी भोपाल से पत्रकारिता में डिग्री हासिल की.
Read More