App

दिवाली से पहले हीरो का बड़ा धमाका! नए लुक में लॉन्च किया स्कूटर, मिलेंगे 2 शानदार कलर और दमदार फीचर्स

फेस्टिव सीजन में नया स्कूटर खरीदने वालों के लिए Hero MotoCorp ने एक नया मॉडल पेश किया है. कंपनी ने Destini 110 का Classique Edition लॉन्च किया है. इसमें दो नए ड्यूल टोन कलर, रेट्रो लुक और कई काम के फीचर्स दिए गए हैं.

दिवाली से पहले हीरो का बड़ा धमाका! नए लुक में लॉन्च किया स्कूटर, मिलेंगे 2 शानदार कलर और दमदार फीचर्स
Image Credit: Hero Destini 110 Classique Edition लॉन्च

अगर आप भी इस फेस्टिव सीजन नया स्कूटर खरीदने का प्लान बना रहे हैं, तो Hero MotoCorp ने आपके लिए शानदार ऑप्शन पेश कर दिया है. दिवाली से पहले Hero MotoCorp ने अपनी Destini 110 सीरीज में एक नया मॉडल शामिल कर दिया है. कंपनी ने भारत में Destini 110 Classique Edition लॉन्च कर दिया है. इसकी एक्स शोरूम कीमत 76,400 रुपये रखी गई है. लेकिन, इस बार कंपनी ने इंजन या स्कूटर के दूसरे मैकेनिकल हिस्सों में कोई बड़ा बदलाव नहीं किया है. नए मॉडल में आपको अलग कलर, नई स्ट्राइप्स और कुछ खास कॉस्मेटिक अपडेट देखने को मिलेंगे.

इस एडिशन को कंपनी ने खास तौर पर नया लुक देने की कोशिश की है. इसमें दो ड्यूल टोन कलर ऑप्शन मिलते हैं. ऐसे में जो लोग नार्मल कलर्स से हटकर कुछ अलग चाहते हैं, उनके पास अब एक नया ऑप्शन होगा.

दो नए कलर ऑप्शन में मिलेगा स्कूटर

Hero Destini 110 Classique Edition दो कलर्स में लाया है. पहला Matt Goldfish Silver/Light Industrial Grey है, जिसमें ब्राउन कलर के इनर पैनल दिए गए हैं. दूसरा Matt Aries Brown है, जिसके साथ ब्लैक इनर पैनल दिए गए हैं.

दोनों ही कलर्स में फ्रंट हैंडल कवर और साइड पैनल पर नई स्ट्राइप्स लगाई गई हैं. इसके साथ ही मिरर और सीट को भी स्कूटर के कलर से मैच किया गया है. कंपनी ने इस एडिशन की पहचान अलग रखने के लिए 3D Classique Edition बैज भी दिया है. इसके रिम पर ब्रांडेड टेप भी देखने को मिलता है.

पुराने मॉडल वाले ही मिलेंगे फीचर्स

कंपनी ने इस नए एडिशन में इंजन और दूसरे मैकेनिकल पार्ट्स को पहले के जैस ही रखा है. सरल शब्दों में कहें तो यह मॉडल लुक के मामले में अलग है. Hero ने Destini 110 को सितंबर 2025 में लॉन्च किया था. इसे फैमिली को ध्यान में रखकर तैयार किया गया था.

इसमें 785mm लंबी सीट दी गई है. कंपनी के अनुसार यह अपने सेगमेंट की सबसे लंबी सीट है. साथ ही इसमें पैर रखने के लिए भी काफी जगह मिलती है. आगे और पीछे दोनों ओर 12 इंच के पहिए दिए गए हैं. पीछे के पहिए में 100/80-12 साइज का चौड़ा टायर दिया गया है.

स्पेस की नहीं है कोई कमी

Destini 110 में डेली लाइफ के इस्तेमाल को ध्यान में रखते हुए कई सुविधाएं दी गई हैं. इसमें सीट के नीचे 19 लीटर की जगह मिलती है. इसके साथ ही आगे की तरफ एक अलग स्टोरेज कंपार्टमेंट दिया गया है, जहां मोबाइल चार्ज करने की सुविधा भी मिलती है. सीट के नीचे सामान रखने वाली जगह में बूट लैंप भी मिलता है. दूसरे फीचर्स की बात करें तो इसमें डिजिटल और एनालॉग इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर, अलॉय व्हील्स और क्रोम डिटेलिंग दी गई है. स्कूटर में LED प्रोजेक्टर हेडलैंप, LED टेल लैंप और पोजिशन लैंप भी मिलते हैं.

110cc इंजन के साथ आती है i3S टेक्नोलॉजी

Hero के इस स्कूटर में 110cc का इंजन दिया गया है. इसमें कंपनी की i3S यानी Idle Stop-Start System टेक्नोलॉजी भी मिलती है. ट्रैफिक में स्कूटर कुछ देर तक खड़ा रहने पर यह सिस्टम इंजन बंद कर देता है. जैसे ही राइडर एक्सीलेटर देता है, इंजन फिर से चालू हो जाता है. इससे पेट्रोल बचाने में मदद मिलती है.

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Udbhav Tripathi

Udbhav Tripathi

उद्भव त्रिपाठी जी न्यूज डिजिटल में सब एडिटर हैं. वह जुलाई 2025 में जी न्यूज से जुड़े. साइंस और ऑटो-टेक की खबरें लोगों तक पहुंचाने का काम करते हैं. उन्होंने अब तक Samsung, Realme और  Vivo जैसे स्मार्टफोन्स के रिव्यू किए हैं. 2025 के बिहार चुनाव में इन्होंने लाइव खबरें चलाई थी जो लोगों को काफी पसंद आई थी. इनकी खबरें काफी भरोसेमंद होती हैं. इससे पहले वे हरिभूमि में काम कर चुके हैं. जहां उन्होंने टेक, एक्सप्लेनर और देश दुनिया पर भी काम किया. इनकी पढ़ाई की बात करें तो इन्होंने इलाहाबाद विश्वविद्यालय से मॉस कम्यूनिकेशन में PG कर रखा है. अगर आपको इनसे बात करनी है, तो आप udbhavtripaathi@gmail.com पर जुड़ सकते हैं.
Read More