)
दरभंगा में शहरी गैस वितरण परियोजना के तहत घर-घर पाइपलाइन से रसोई गैस यानी PNG की आपूर्ति शुरू हो गई है. सेवा पखवाड़ा के अंतर्गत आयोजित कार्यक्रम में भारतीय जनता पार्टी प्रदेश अध्यक्ष सह नगर विधायक संजय सरावगी और सांसद डॉ. गोपाल जी ठाकुर ने संयुक्त रूप से नारियल फोड़कर, फीता काटकर और गुब्बारा उड़ाकर PNG आपूर्ति का शुभारंभ किया.
सैकड़ों परिवारों को पाइपलाइन के जरिए प्राकृतिक गैस उपलब्ध करा दी गई
शहर में पहले चरण में सैकड़ों परिवारों को पाइपलाइन के जरिए प्राकृतिक गैस उपलब्ध करा दी गई है. बाकी 36 सौ करोड़ से 70 किलोमीटर के प्रस्तावित स्टील पाइपलाइन नेटवर्क में करीब 63 किलोमीटर का काम पूरा होने की जानकारी सामने आई है.
पाइपलाइन गैस की सुविधा से लोगों को सिलेंडर की झंझट से राहत मिलेगी
कार्यक्रम में सांसद डॉ. गोपाल जी ठाकुर ने कहा कि पाइपलाइन गैस की सुविधा से लोगों को सिलेंडर की झंझट से राहत मिलेगी और रसोई में धुएं से मुक्ति के साथ सुविधा बढ़ेगी. उन्होंने मिथिला को यह सुविधा उपलब्ध कराने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्री हरदीप सिंह पुरी के प्रति आभार जताया.
उपभोक्ताओं को सिलेंडर बुकिंग और डिलीवरी की परेशानी से राहत मिलेगी
पीएनजी (PNG) की आपूर्ति शुरू होने से शहर के कई परिवारों में खुशी का माहौल है. पाइपलाइन से गैस मिलने पर उपभोक्ताओं को सिलेंडर बुकिंग और डिलीवरी की परेशानी से राहत मिलेगी और उपयोग के आधार पर गैस का बिल आएगा.
पीएनजी सप्लाई क्या है? जानिए
बता दें कि पीएनजी आपूर्ति पाइपलाइनों के भूमिगत नेटवर्क के जरिए से सीधे आवासीय, वाणिज्यिक और औद्योगिक संपत्तियों तक पाइप्ड प्राकृतिक गैस की डिलीवरी होती है. इसके तहत गैस की आपूर्ति 24 घंटा की जाती है, जिससे भारी गैस सिलेंडरों को बुक करने, स्टोर करने या बदलने की आवश्यकता समाप्त हो जाती है. इससे केवल बिल आता है और उपभोक्ता को राहत मिलती है.
रिपोर्ट: मुकेश कुमार