Bihar Crime: नवादा में गर्भवती महिला की मौत पर बवाल, पटना में युवक की खुदकुशी पर उठ रहे सवाल
पटना और नवादा में दो अलग-अलग घटनाओं में युवक और गर्भवती महिला की मौत से सनसनी फैल गई है. गोसाई टोला में 24 वर्षीय आकाश कुमार सिंह की मौत हुई, जबकि ननौरा गांव में सुनीता कुमारी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. दोनों ही मामलों में पुलिस जांच में जुटी है.
एक ओर राजधानी पटना में 24 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से इलाके में सनसनी फैल गई, तो वहीं दूसरी ओर नवादा में दो महीने की गर्भवती महिला की मौत के बाद पति और मायके पक्ष के दावों ने मामले को उलझा दिया है. महिला के भाई ने हत्या की आशंका जताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है. दोनों ही मामलों में पुलिस जांच में जुटी है और मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाने की कोशिश कर रही है.
हत्या या आत्महत्या
पहली घटना नवादा के ननौरा गांव में हुई, जहां 28 वर्षीय गर्भवती महिला सुनीता कुमारी की मौत हो गई. महिला के पति रजनीकांत मेहता ने इसे आत्महत्या बताया है, जबकि मृतका के भाई बबलू कुमार ने हत्या की आशंका जताई है. सुनीता दो महीने की गर्भवती थी और उसका एक बेटा भी है. पति रजनीकांत ने बताया कि वह मोबाइल दुकान में काम करता है. उसके अनुसार, एक लड़की का फोन आने के बाद सुनीता नाराज थी और पिछले पांच दिनों से उसके संबंध को लेकर शक कर रही थी. रजनीकांत का दावा है कि उसने पत्नी की नाराजगी के बारे में ससुराल वालों को भी बताया था. रात में सुनीता दूसरे कमरे में थी, जहां उसने फांसी लगाकर जान दे दी. पति ने किसी अन्य महिला से संबंध होने से इनकार किया है.
निष्पक्ष जांच की मांग
दूसरी ओर, मृतका के भाई बबलू कुमार ने आरोप लगाया कि तीन साल पहले भी उनकी बहन के साथ मारपीट की गई थी. उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच और मोबाइल कॉल डिटेल खंगालने की मांग की है. इस मामले में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी हुलास कुमार ने बताया कि पुलिस दोनों पक्षों की ओर से लगाए गए आरोपों की जांच कर रही है. महिला के गले पर निशान भी मिले हैं. पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है.
24 वर्षीय युवक ने फांसी लगाकर दी जान
वहीं, पटना के गोसाई टोला स्थित सरपंच गली में एक 24 वर्षीय युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है. मृतक की पहचान आकाश कुमार सिंह के रूप में हुई है. मृतक की पहचान गोपालगंज जिले के कुचायकोट थाना क्षेत्र के सिरसिया बाबू टोला का रहने वाला था और गोसाई टोला में कारू महतो के मकान में किराये पर रहता था.
कमरे में बंद मिला युवक का शव
मामले की जानकारी देते हुए विधि एएसपी-2 सुषमा सागर ने बताया कि रात करीब 9 बजे घटना की सूचना मिली. युवक ने अपने कमरे का दरवाजा अंदर से बंद कर गमछे का फंदा बनाया और पंखे से लटक गया. घटनास्थल पर FSL की टीम ने पहुंचकर जांच कर रही है. वहीं, पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए पीएमसीएच, पटना भेज दिया है. फिलहाल आत्महत्या के कारणों का पता नहीं चल सका है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.
रिपोर्ट: यशवंत सिन्हा (नवादा), प्रकाश कुमार सिन्हा (पटना)