बिहार के बेतिया से एक सड़क हादसे की खबर सामने आ रही है, जहां दो बाइकों की आमने-सामने हुए जोरदार टक्कर में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि एक युवक घायल हो गया है. यह घटना मंगलवार की देर रात साठी थाना क्षेत्र के साठी गांव के पास की है. बताया जा रहा है कि दोनों बाइक की रफ्तार बहुत ही ज्यादा तेज थी. इसी दौरान दोनों बाइक की टक्कर हो गई. टक्कर इतनी तेज हुई की दोनों बाइकों के परखच्चे उड़ गए. टक्कर होने के बाद दोनों बाइक सवार युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया.
इस घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से मृतकों और घायल युवकों को अस्पताल पहुंचाया. मृतकों की पहचान गुड्डू कुमार और चंदन कुमार के रूप में हुई है. वहीं, घायल युवक का इलाज जारी है. इस सड़क दुर्घटना के बाद इलाके में शोक की लहर है. शुरुआती जानकारी के अनुसार, तेज रफ्तार को दुर्घटना की वजह बताया जा रहा है. हालांकि, यह हादसा किन परिस्थितियों में हुआ, इसकी विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है. पुलिस मामले की जांच कर रही है. जांच के बाद ही दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा.
वहीं दूसरी ओर मसौढ़ी के गांधी मैदान में रावण दहन कार्यक्रम के दौरान एक हादसा हो गया. रावण दहन कार्यक्रम समाप्त होने के बाद बाहर निकलने वाले निकास द्वार पर अचानक बहुत ज्यादा भीड़ जमा हो गई, जिससे भगदड़ जैसे हालात बन गए. इस दौरान मची भगदड़ में कई महिलाएं नीचे गिर गईं. इस कड़ी में चार महिलाएं घायल हो गईं. घायलों में एक महिला की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे PMCH में भर्ती कराया गया.
घटना के बाद हड़कंप
इस घटना के बाद मौके पर हड़कंप मच गया. सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन ने मोर्चा संभाला और काफी मशक्कत के बाद भीड़ को नियंत्रित करने का प्रयास किया. इस घटना के बाद कार्यक्रम स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था और भीड़ प्रबंधन को लेकर सवाल उठने लगे हैं. फिलहाल, प्रशासन पूरे मामले की जांच कर रहा है.
रिपोर्ट: धनंजय द्विवेदी (बेतिया), प्रभंजन सिंह (मसौढ़ी)