)
नालंदा में दो परिवारों की दीपावली की खुशियां उस वक्त मातम में बदल गईं, जब एक भीषण सड़क हादसे में दो सगे भाई समेत तीन युवकों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई. वहीं, इस घटना में दो युवक गंभीर रूप से जख्मी हो गए. घटना हरनौत थाना क्षेत्र के हरनौत बाजार की है. मृतकों की पहचान अनीश कुमार, गौतम कुमार और मन्नू कुमार के रूप में हुई है. वहीं, जख्मी अमित कुमार और रवि कुमार का इलाज बिहारशरीफ सदर अस्पताल में चल रहा है.
मिली जानकारी के अनुसार, सभी युवक घर के बाहर पटाखे फोड़ रहे थे. पटाखे खत्म हो गए, जिसके बाद पांचों युवक पटाखे खरीदने हरनौत बाजार गए. इसी दौरान वे भीषण सड़क हादसे का शिकार हो गए. हादसे में मारे गए मन्नू और अनीश आपस में सगे भाई बताए जा रहे हैं. जख्मी रवि कुमार की शादी 21 नवंबर को होने वाली थी. हादसे की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई. जिन घरों में त्योहार की खुशियां मनाई जा रही थीं, वहां अब मातम पसरा है. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
मामले को लेकर थानाध्यक्ष ने बताया कि सभी शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बिहार शरीफ सदर अस्पताल भेज दिया है और मामले की छानबीन कर रहे हैं. बताया जा रहा है कि यह घटना मोटरसाइकिल के डिवाइडर से टकराने की वजह से हुई है.
वहीं, बीते दिन (3 नवंबर) सीतामढ़ी के बैरगनिया-ढेंग सड़क पर नंदबारा के पास मंगलवार को भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई. बताया जा रहा है कि तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी. यह पूरी घटना CCTV कैमरे में कैद हो गई है. इस हादसे में बाइक सवार दोनों लोगों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया.
मृतकों की पहचान सेखौना गांव निवासी हरिलाल ठाकुर और अशोगी गांव निवासी मंदेश पासवान के रूप में हुई है. दोनों चापाकल मरम्मत का काम करते थे. घटना की खबर मिलते ही मृतकों के परिजनों में कोहराम मच गया. घटना के बाद इलाके में शोक का माहौल बना हुआ है.
नालंदा से ऋषिकेश कुमार और सीतामढ़ी से त्रिपुरारी शरण की रिपोर्ट