App

समस्तीपुर में कपड़ा धोने गईं 4 लड़कियां डूबी, 2 बहनों की डूबने से मौत, दो की बची जान

समस्तीपुर में मंगलवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया. चौर में कपड़ा धोने गईं 4 लड़कियां पानी में पैर फिसलने की वजह से गिर पड़ी. इस हादसे में 2 चचेरी बहनों की मौत हो गई, जबकि दो लड़कियों कि जान किसी तरह से बच गई.

समस्तीपुर में कपड़ा धोने गईं 4 लड़कियां डूबी, 2 बहनों की डूबने से मौत, दो की बची जान
Image Credit: समस्तीपुर में कपड़ा धोने गईं 4 लड़कियां डूबी, दो की मौत (Z News)

समस्तीपुर जिले के दलसिंहसराय थाना क्षेत्र के महनैया चौर में मंगलवार को एक दर्दनाक हादसे में चार किशोरी डूब गईं, जिसमें दो चचेरी बहनों की डूबने से मौत हो गई, जबकि दो को ग्रामीणों ने बचा लिया. सभी एक साथ कपड़ा धोने के लिए चौर गई थीं. इसी दौरान अचानक पैर फिसलने से गहरे पानी में चली गईं और डूब गईं. 

हादसे की खबर मिलते ही आसपास के इलाके में अफरातफरी मच गई. मृत किशोरियों की पहचान सहबाजपुर महनैया वार्ड 14 निवासी मोती दास की पुत्री सुस्मिता कुमारी (14) और राजकुमार दास की पुत्री रूबी कुमारी (16) के रूप में हुई है. वहीं, दिनेश सहनी की पुत्री अंशु कुमारी को अस्पताल में भर्ती करवाया गया है, जबकि एक किशोरी सुरक्षित है.

घटना के संबंध में बताया जाता है कि मंगलवार को दोनों किशोरियां अपनी सहेलियों के साथ घर से कपड़ा धोने के लिए महनैया चौर गई थीं. दोनों साथ में कपड़ा धो रही थीं. इसी दौरान अचानक उनका पैर फिसल गया और दोनों गहरे पानी में चली गईं. 

वहीं, दो अन्य सहेलियां भी पानी में डूबने लगीं. आसपास मौजूद लोगों को जब इसकी जानकारी मिली तो शोर मच गया. इसके बाद स्थानीय ग्रामीण आनन-फानन में चौर की ओर दौड़े. ग्रामीणों ने किशोरियों को बचाने के लिए पानी में उतरकर तलाश शुरू की. काफी मशक्कत के बाद दो को जिंदा पानी से निकाल लिया गया, जबकि सुस्मिता व रूबी को जब तक पानी से बाहर निकाला गया, तब तक दोनों की मौत हो चुकी थी.

एक साथ दो किशोरियों की मौत की खबर से मौजूद लोगों की आंखें नम हो गईं. देखते ही देखते घटनास्थल पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई. घटना की सूचना मिलने पर दलसिंहसराय थाने की पुलिस मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का जायजा लिया और प्रारंभिक जांच के बाद दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए सदर अस्पताल, समस्तीपुर भेज दिया. 

हादसे के बाद दोनों किशोरियों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. स्वजनों ने बताया कि दोनों उर्दू मध्य विद्यालय, महनैया की छात्रा थीं. सुस्मिता कुमारी सातवीं और रूबी कुमारी नौवीं कक्षा में पढ़ाई कर रही थीं. दोनों माता-पिता की इकलौती बेटी थीं. जिन घरों में कुछ देर पहले तक सामान्य दिनचर्या चल रही थी, वहां अचानक चीख-पुकार मच गई. परिजनों के विलाप से माहौल गमगीन हो गया.

रिपोर्ट: मनटुन कुमार राय

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Shailendra

Shailendra

शैलेंद्र जी न्यूज के रीजनल चैनल, जी बिहार झारखंड की डिजिटल टीम में चीफ सब एडिटर के तौर पर काम करते हैं. वह बिहार और झारखंड की सियासत और क्राइम समेत कई समसामयिक मुद्दों पर न्यूज लिखते हैं. वह कभी-कभी राष्ट्रीय मुद्दों पर भी लिखते हैं. उनको मीडिया के तीनों प्रारूप प्रिंट, टेलीविजन और डिजिटल में काम करने का अनुभव. जनसंदेश टाइम्स, स्वतंत्र चेतना, टीवी 100, साधना न्यूज, एफएम न्यूज आदि न्यूज चैनलों से होते हुए न्यूज नेशन, इंडिया अहेड, ईटीवी भारत और न्यूज स्ट्रीट मीडिया (NYOOOZ) में अहम जिम्मेदारी निभाई. मीडिया जगत में सफर पिछले 12 सालों से बिना रुके जारी है.
Read More