App

'हम ट्रंप को मार डालेंगे...!' तेहरान की सड़कों पर भड़का गुस्से का लावा, एंगेलाब स्क्वायर पर टंगे खौफनाक पोस्टर

यूएस में मिडटर्म इलेक्शन खत्म होने के बाद यूएस की ईरान के साथ फिर से भिड़ंत की आशंका जताई जा रही है. उधर, ईरान में भी अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप के खिलाफ नफरत का ज्वार उमड़ रहा है.

'हम ट्रंप को मार डालेंगे...!' तेहरान की सड़कों पर भड़का गुस्से का लावा, एंगेलाब स्क्वायर पर टंगे खौफनाक पोस्टर
Image Credit: तेहरान में अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप को मारने की धमकी वाले होर्डिंग लगे हैं

ईरान की सड़कों पर अमेरिका और इजरायल के खिलाफ गुस्से का ऐसा लावा फूटा है, जिसने दुनिया की धड़कनें बढ़ा दी हैं. तेहरान के एंगेलाब स्क्वायर पर लगे पोस्टरों में सीधे तौर पर डोनाल्ड ट्रंप को जान से मारने की धमकी दी गई. एक तरफ ईरान में मौत के बदले की कसमें खाई जा रही हैं, दूसरी तरफ अमेरिका में मिडटर्म चुनावों की हार ने ट्रंप की मुश्किलें चौतरफा बढ़ा दी हैं.

ईरान के नेताओं का कहना है कि ट्रंप ने ईरान को जो जख्म दिए हैं, वो वहां की अवाम के जेहन से निकलना मुश्किल ही नहीं नामुमकिन है. यही वजह है कि वक्त-वक्त पर ईरान की जनता का ये उबाल फूट पड़ता है. इस बार तो तेहरान की सड़कों पर ऐसे पोस्टर और बिलबोर्ड लगा दिए गए हैं, जिसकी कल्पना किसी ने नहीं की थी.

ट्रंप पर आग-बबूला हैं ईरान के लोग

अब आपको बताते हैं कि ईरान का बच्चा-बच्चा आखिर क्यों डोनाल्ड ट्रंप के नाम से आग-बबूला हो उठा है. असल में, इसकी वजह वो काली तारीखें हैं, जब अमेरिकी और इजरायली बमों ने ईरान की धरती को दहला दिया था.

आठ महीने पहले हुए इस खूनी संघर्ष में ईरान के सिर्फ सैन्य ठिकाने ही तबाह नहीं हुए, बल्कि सैकड़ों परिवारों की दुनिया उजड़ गई. देश के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई समेत कई दिग्गज कमांडर और लीडर इस जंग में मारे गए.

होर्डिंग पर लिखा- 'हम ट्रंप को मार डालेंगे'

ईरान के लोगों के दिल पर लगे ये जख्म इतने गहरे हैं कि समय के साथ भरने के बजाय और हरे हो रहे हैं. ईरानी अवाम आज भी उस बर्बादी को भूली नहीं है और ये गुस्सा लावा बनकर सड़कों पर फूट पड़ता है. इस बार ये गुस्सा किसी बंद कमरे तक सीमित नहीं है बल्कि राजधानी तेहरान की सड़कों पर खुलेआम दिख रहा है. एंगेलाब स्क्वायर के व्यस्त इलाके में लगे विशालकाय होर्डिंग्स पर साफ-साफ लिख दिया गया है हम ट्रंप को मार डालेंगे.

पोस्टर में अमेरिकी राष्ट्रपति को जेल की सलाखों के पीछे बेबस दिखाया गया है...सिर्फ ट्रंप ही नहीं बल्कि अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस, स्टीव विटकॉफ और इजरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू के खून से सने चेहरों वाले अपमानजनक पोस्टर भी शहरभर में टांग दिए गए

हाथों में लाल झंडे और खून का बदला खून जैसे बैनर थामे हजारों लोग सड़कों पर उतर आए हैं. ईरान की राजधानी इस वक्त एक सुलगते हुए रणक्षेत्र में तब्दील हो चुकी है. एक तरफ समंदर पार ईरान में मौत के बदले की ये कसमें खाई जा रही हैं, दूसरी तरफ खुद अमेरिका के भीतर डोनाल्ड ट्रंप के राजनीतिक भविष्य पर संकट के बादल मंडरा रहे हैं.

मिडटर्म चुनाव में ट्रंप को लगा बड़ा झटका

देश में हो रहे मध्यावधि चुनावों में ट्रंप की पार्टी रिपब्लिकन को तगड़ा झटका लगा है. सीनेट से लेकर हाउस ऑफ रिप्रेजेंटेटिव्स और कई राज्यों के गवर्नर चुनाव में पार्टी को करारी शिकस्त झेलनी पड़ी है. राजनीतिक जानकारों का मानना है कि ट्रंप की आक्रामक विदेश नीतियों और मीडिल ईस्ट में छेड़ी गई इस तबाही भरी जंग से अमेरिकी अवाम भी अंदर ही अंदर खौफ और नाराजगी में है.

जाहिर है, घरेलू मोर्चे पर चुनाव की हार और अंतरराष्ट्रीय मोर्चे पर ईरान की इन खौफनाक धमकियों के बीच डोनाल्ड ट्रंप चारों तरफ से घिर चुके हैं. तेहरान की सड़कों पर सुलगता ये बारूद और अमेरिका के अंदरूनी राजनीतिक झटके यह साफ इशारा कर रहे हैं कि आने वाले दिन दुनिया की राजनीति के लिए बेहद उथल-पुथल भरे होने वाले हैं.

(ब्यूरो रिपोर्ट जी मीडिया)
 

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Devinder Kumar

Devinder Kumar

अनुभवी पत्रकार और अंतर्राष्ट्रीय मामलों के विश्लेषक हैं. पिछले 18 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं. अमर उजाला और नवभारत टाइम्स जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में काम करने के बाद, वर्तमान में वे Zee News में कार्यरत हैं. देश-दुनिया और ब्रेकिंग न्यूज पर नजर रखते हैं. अंतर्राष्ट्रीय राजनीति, वैश्विक घटनाक्रमों और खोजपरक पत्रकारिता में विशेष पकड़ है.
Read More