)
Swapna Shastra: धनतेरस का पर्व कुबेर देवता और मां लक्ष्मी को समर्पित है. इस दिन इन देवी-देवताओं की विधि-विधान से पूजा की जाती है. धनतेरस पर्व का सीधा संबंध पैसों से है. ऐसे में धनतेरस पर या इस पर्व के आने के कुछ दिन पहले अगर कुछ सपने दिख रहे हैं तो समझ लेना चाहिए कि आपके जीवन में धन संकट खत्म होने वाला है. हालांकि, नींद में देखे गए हर सपने सच हों ये जरूरी नहीं है लेकिन ये जरूर हो सकता है कि कुछ सपने कोई विशेष संकेत दे रहे हैं. धनतेरस पर दिखने वाले सपनों के अलग-अलग मतलब हो सकते हैं. आइए इन सपनों के बारे में जानें साथ ही इनके संकेतों को समझें.
धनतेरस पर अगर आपने ऐसा कोई सपना देखा है जिसमें आपको अपने चारों ओर धन दिखाई दे रहा है या आपके घर की तिजोरी धन से भरी हुई दिख रही है तो ऐसे सपने का अति शुभ मतलब होता है. हो सकता है कि अचानक धन प्राप्त हो या किसी बड़ी बाधा का अंत हो जाए या जीवन में सुख-समृद्धि का आगमन जल्द ही हो जाए. ऐसे सपने संकेत देते हैं कि जल्दी ही आपका मान-सम्मान बढ़ने वाला है.
अगर धनतेरस के दिन आपने सपना देखा है कि आप बैंक में पैसा जमा कर रहे हैं तो इसका अर्थ है कि आपकी आय में जल्द ही बढ़ोतरी होने वाली है. ऐसे सपने रुका धन या दिया हुआ कर्ज मिलने का संकेत देते हैं. ऐसे सपने का अर्थ है कि आपको करियर में बड़ी तरक्की मिलने वाली है.
स्वप्न शास्त्र की मानें तो अगर आप धनतेरस की रात को सपना देखते हैं कि आपको किसी ने सोने का गिफ्ट दिया है तो ऐसे सपने अति शुभ माने जाते हैं. इस सपने का मतलब है कि आपको कहीं से धन प्राप्त हो सकता है. ऐसे सपने नौकरी में बोनस और बिजनेस में अच्छी डील मिलने का भी संकेत देते हैं. हो सकता है कि एक-दो दिन के भीतर ही आपको कोई शुभ समाचार सुनने को मिल जाए.
अगर धनतेरस या उससे एक-दो दिन पहले आपको किसी बड़े खजाने का सपना आए तो इसे एक अति शुभ संकेत माना जाएगा. ऐसे सपने संकेत देते हैं कि निकट भविष्य में आपकी प्रतिष्ठा समाज में बढ़ने वाली है. ऐसे सपने अचानक धन लाभ से लेकर इच्छा पूर्ति का भी संकेत देते हैं. ऐसा भी हो सकता है कि कहीं फंसा हुआ धन आपको प्राप्त हो जाए.
(डिस्क्लेमर: इस लेख में दी गई जानकारी स्वप्न शास्त्र, धार्मिक मान्यताओं और ज्योतिष पर आधारित है. इसका उद्देश्य केवल सामान्य जानकारी देना है. सपनों को लेकर किसी भी निर्णय से पहले अपने विवेक का प्रयोग करें और विद्वान से सलाह अवश्य लें.)