Sikar Murder Case: राजस्थान के सीकर जिले में पत्नी की हत्या का मामला सामने आया है. जीणमाता थाना क्षेत्र के कोछोर गांव की सिकवाली ढाणी में एक पति ने अपनी पत्नी पर पिकअप गाड़ी चढ़ा दी. इससे महिला की मौके पर ही मौत हो गई. शुरुआती जानकारी के मुताबिक, पत्नी ने घर में बंधी दूधारू गाय बेचने से मना किया था. इसी बात से नाराज होकर पति ने यह वारदात की. आरोपी पति पर करीब 15 लाख रुपये का कर्ज बताया जा रहा है. पुलिस ने आरोपी को डिटेन कर लिया है.
गाय बेचने को लेकर पति-पत्नी में हुआ विवाद
जीणमाता थाना प्रभारी राकेश कुमार मीणा ने बताया कि घटना आज शाम को कोछोर गांव की सिकवाली ढाणी में हुई. चुन्नीलाल कुमावत ने अपने घर पर बंधी दूधारू गाय को बेचने की बात की थी. जब उसकी पत्नी चूंकी देवी को इस बारे में पता चला तो उसने गाय बेचने से मना कर दिया. बताया जा रहा है कि इसी बात को लेकर पति नाराज हो गया. गुस्से में आकर उसने घर से करीब 100 मीटर दूर अपनी पत्नी पर पिकअप गाड़ी चढ़ा दी. गाड़ी की चपेट में आने से चूंकी देवी की मौके पर ही मौत हो गई.
15 लाख रुपये के कर्ज में था आरोपी पति
जानकारी के अनुसार, आरोपी पति चुन्नीलाल पर करीब 15 लाख रुपये का कर्ज था. इसी के चलते वह घर में बंधी दूधारू गाय को बेचना चाहता था. पत्नी ने गाय बेचने का विरोध किया तो दोनों के बीच विवाद हो गया. आरोप है कि इसके बाद चुन्नीलाल ने पिकअप से पत्नी को कुचल दिया.
पुलिस ने आरोपी को किया डिटेन, FSL टीम ने जुटाए साक्ष्य
घटना की सूचना मिलने पर जीणमाता थाना पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया और जांच के लिए एफएसएल टीम को भी बुलाया. टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं. SHO राकेश कुमार मीणा ने बताया कि आरोपी पति को डिटेन कर लिया गया है. वहीं, महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए सीकर के एसके हॉस्पिटल की मोर्चरी में रखवाया गया है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.