App

मां रोती रही और पिता की पथरा गईं आंखें, गया के 2 घरों में पसरा मातम, सड़क हादसे में 2 युवकों की मौत

इमामगंज-शेरघाटी मार्ग पर सड़क हादसे में दो युवकों की मौत हो गई. बताया जा रहा है कि अज्ञात वाहन ने बाइक सवार को टक्कर मार दी थी, जिसकी वजह से ये हादसा हुआ. फिलहाल, पुलिस घटना की जांच कर रही है.

मां रोती रही और पिता की पथरा गईं आंखें, गया के 2 घरों में पसरा मातम, सड़क हादसे में 2 युवकों की मौत
Image Credit: इमामगंज शेरघाटी मार्ग सड़क हादसा, दो की मौत (Z News)

गया जिले के इमामगंज-शेरघाटी एसएच-69 मुख्य मार्ग पर हुए एक भीषण सड़क हादसे ने 2 परिवारों को गहरे शोक में डुबो दिया है. 4 नवंबर बुधवार को इमामगंज-शेरघाटी मुख्य मार्ग पर सामने से आ रहे एक अज्ञात वाहन ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी. इस हादसे में विशुन बिगहा निवासी धनंजय कुमार की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि दिनेश भुइयां ने बांकेबाजार अस्पताल में दम तोड़ दिया. तीसरे युवक विक्रम कुमार गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिनका एक पैर कट गया है और बेहतर इलाज के लिए उन्हें गया रेफर किया गया है.

स्थानीय लोगों ने घायलों को अस्पताल पहुंचाने में मदद की

हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरातफरी मच गई. स्थानीय लोगों ने घायलों को अस्पताल पहुंचाने में मदद की. टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक पर सवार तीनों युवक सड़क पर जा गिरे. वे होंडा सीबी शाइन (Honda CB Shine 125) बाइक से इमामगंज-शेरघाटी मार्ग से गुजर रहे थे. टक्कर मारने वाले वाहन और उसके चालक की पहचान अब तक नहीं हो सकी है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.

दुर्घटना के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल

दो युवकों की मौत की खबर गांव पहुंचते ही वहां गम का माहौल छा गया. दुर्घटना के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. धनंजय की मां दहाड़ मारकर रो रही थीं, जबकि पिता की आंखें पथराई हुई थीं. इस हादसे ने परिवारों को ऐसा गहरा सदमा दिया है कि उन्हें संभालना मुश्किल हो रहा है. गांव के लोग भी शोकाकुल परिजनों को ढांढस बंधाने में जुटे रहे.

दुर्घटना कैसे हुई और किस वाहन की गलती थी, यह जांच के बाद ही पता चलेगा

हादसे के बाद आक्रोशित लोगों ने सड़क जाम कर दिया. सूचना मिलने पर पुलिस और इमामगंज सीओ सुकेश कुमार मौके पर पहुंचे. सीओ के आश्वासन और लोगों को समझाने-बुझाने के बाद जाम हटाया गया. दुर्घटना कैसे हुई और किस वाहन की गलती थी, यह जांच के बाद ही स्पष्ट होगा.

पिकअप और बुलेट के बीच भीषण टक्कर, 2 युवक की हुई मौत

शिवहर जिला के तरियानी थाना क्षेत्र के खाजेपुर पुल के समीप एक भीषण सड़क हादसे में 2 युवक की मौत हो गई. तेज रफ्तार पिकअप वाहन और बुलेट के बीच हुई जोरदार टक्कर से ये हादसा हुआ है. घटना के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर है. 

जानकारी के अनुसार, तरियानी की ओर से आ रही बुलेट मोटरसाइकिल की खाजेपुर पुल के समीप सामने से आ रहे पिकअप वाहन से जोरदार भिड़ंत हो गई. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बुलेट सवार दोनों युवक गंभीर रूप से जख्मी हो गए. इनमें से एक की मौत घटनास्थल पर ही हो गयी, जबकि दूसरे को गंभीर हालत में इलाज के लिए मुजफ्फरपुर स्थित श्रीकृष्ण मेडिकल कॉलेज और अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी भी मौत हो गई. 

घटना के बाद पिकअप चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया. मृतकों की पहचान तरियानी थाना क्षेत्र के सरवरपुर निवासी राज कुमार और पोझिया निवासी युवराज कुमार के रूप में हुई है.

गया से जय प्रकाश कुमार और शिवहर से त्रिपुरारी शरण की रिपोर्ट

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Shailendra

Shailendra

शैलेंद्र जी न्यूज के रीजनल चैनल, जी बिहार झारखंड की डिजिटल टीम में चीफ सब एडिटर के तौर पर काम करते हैं. वह बिहार और झारखंड की सियासत और क्राइम समेत कई समसामयिक मुद्दों पर न्यूज लिखते हैं. वह कभी-कभी राष्ट्रीय मुद्दों पर भी लिखते हैं. उनको मीडिया के तीनों प्रारूप प्रिंट, टेलीविजन और डिजिटल में काम करने का अनुभव. जनसंदेश टाइम्स, स्वतंत्र चेतना, टीवी 100, साधना न्यूज, एफएम न्यूज आदि न्यूज चैनलों से होते हुए न्यूज नेशन, इंडिया अहेड, ईटीवी भारत और न्यूज स्ट्रीट मीडिया (NYOOOZ) में अहम जिम्मेदारी निभाई. मीडिया जगत में सफर पिछले 12 सालों से बिना रुके जारी है.
Read More