)
बिहार के वैशाली जिले में पुलिस ने 276.83 ग्राम हेरोइन के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है. बरामद हेरोइन की कीमत करीब 55 लाख रुपए आंकी गई है. पुलिस के अनुसार, आरोपी असम से ट्रेन के जरिए मादक पदार्थ लाकर वैशाली और आसपास के जिलों में इसकी आपूर्ति करता था. मामले में एक बड़े तस्करी नेटवर्क का खुलासा हुआ है. पुलिस के मुताबिक, जिले में मादक पदार्थों की तस्करी पर रोक लगाने के लिए ऑपरेशन नीलकंठ चलाया जा रहा है. इसी क्रम में बुधवार को एसटीएफ हाजीपुर से नगर थाना पुलिस को सूचना मिली कि असम से ट्रेन के जरिए हेरोइन की बड़ी खेप लेकर एक तस्कर हाजीपुर आने वाला है. वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एसडीपीओ सदर-1 सुबोध कुमार के नेतृत्व में टीम गठित की गई.
पुलिस ने हाजीपुर जंक्शन के गेट नंबर दो के पास छापेमारी कर अमरेश कुमार को गिरफ्तार किया. वह देसरी थाना क्षेत्र के नयागंज सोनर टोली का रहने वाला है. तलाशी के दौरान उसके पास से 276.83 ग्राम हेरोइन बरामद की गई. इसके अलावा 3,170 रुपये नकद, दो मोबाइल, दो आधार कार्ड और एक रेल टिकट भी मिला.
एसडीपीओ सुबोध कुमार ने बताया कि पूछताछ में आरोपी ने पिछले छह महीने में चार से पांच बार असम जाने और वहां से हेरोइन लाने की बात स्वीकार की है. वह मुख्य रूप से सिलचर और गुवाहाटी से रेल मार्ग के जरिए खेप लाता था. पुलिस के अनुसार, आरोपी राजधानी एक्सप्रेस से यात्रा करता था, ताकि किसी को शक न हो. जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी के वित्तीय लेनदेन में उसके कुछ परिजनों की संलिप्तता की आशंका है. वहीं, देसरी थाना क्षेत्र के एक कथित बड़े माफिया का नाम भी सामने आया है. उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम भेजी गई है.
पुलिस के अनुसार, बरामद दो आधार कार्डों में से एक फर्जी है. आरोपी इसका इस्तेमाल असम के होटलों में ठहरने के दौरान अपनी पहचान छिपाने के लिए करता था. पूछताछ में फर्जी आधार कार्ड बनाने वाले व्यक्ति का नाम भी सामने आया है. पुलिस उसकी भूमिका की जांच कर रही है. एसडीपीओ ने बताया कि आरोपी से पूछताछ के आधार पर पूरे तस्करी नेटवर्क का पता लगाने की कोशिश की जा रही है.
पुलिस को आशंका है कि इस गिरोह का नेटवर्क वैशाली के अलावा आसपास के जिलों में भी फैला हुआ है. वित्तीय लेनदेन की जांच के जरिए अन्य संदिग्धों की भूमिका का पता लगाया जा रहा है. पुलिस ने बताया कि तस्करी में शामिल अन्य लोगों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है.
इनपुट: आईएएनएस