)
भारत की बढ़ती ताकत से ना सिर्फ पाकिस्तान खौफ में है, बल्कि चीन भी डरा हुआ है. वैसे तो इसके कई उदाहरण मिल जाएंगे, लेकिन हाल ही में आई एक अमेरिकी रिपोर्ट में दावा किया गया है कि ऑपरेशन सिंदूर के दौरान चीन ने पाकिस्तान का भरपूर साथ दिया था. हैरानी की बात है कि रिपोर्ट में यह भी दावा किया गया है कि चीन का मकसद सिर्फ पाकिस्तान का साथ देना नहीं था, बल्कि भारत की बढ़ती ताकत और क्षेत्रीय प्रभाव को रोकना भी था.
अमेरिका की 'US-China Economic and Security Review Commission' ने 18 नवंबर को अमेरिकी कांग्रेस को अपनी सालाना रिपोर्ट सौंपी. इसमें बताया गया कि मई 2025 भारत-पाकिस्तान के बीच हुए सैन्य संघर्ष (ऑपरेशन सिंदूर) के दौरान चीन ने पाकिस्तान की मदद की थी. हालांकि, यह भी कहा गया कि चीन ने सीधे तौर पर इस संघर्ष से दूरी बनाए रखी, लेकिन अपने सहयोगी पाकिस्तान की फौजी ताकत को मजबूत करने में भी उसने कोई कसर नहीं छोड़ी.
रिपोर्ट में बताया गया कि चीन भारत के प्रभाव को रोकने के लिए कई मोर्चों पर एक साथ काम कर रहा है. क्योंकि वो यह जानता है कि भारत उसे जल्द ही मुकाबला दे सकता है. इसमें ना सिर्फ सैन्य मोर्चा शामिल है, बल्कि आर्थिक, तकनीक और ओद्योगिक मोर्च भी शामिल हैं.
सीमा पर सैन्य दबाव बढ़ाने, पाकिस्तान को मदद देने, हिंद महासागर में नौसैनिक गतिविधियां बढ़ाने और जरूरी औद्योगिक सामान व तकनीक की सप्लाई नियंत्रित करने जैसे कदम उठाने के साथ-साथ भारत भारतीय इलेक्ट्रॉनिक्स इंडस्ट्रीज को प्रभावित करने के लिए चीनी इंजीनियरों को वापस बुलाया. इसके अलावा जरूरी सामान की सप्लाई रोक दी. इससे भारतीय कंपनियों के लिए उत्पादन और तकनीकी कामकाज में मुश्किलें पैदा हो सकती थीं.
अमेरिकी आयोग का कहना है कि चीन ने दवा निर्माण में इस्तेमाल होने वाले जरूरी औद्योगिक इनपुट की कीमतें कम कर दीं. इससे भारत में नई दवा निर्माण इकाइयों के लिए चीनी कंपनियों के साथ मुकाबला करना मुश्किल हुआ. रिपोर्ट ने इसे भारतीय मेडिसिन इंडस्ट्री की मुकाबला करने की ताकत कमजोर करने के प्लान से जोड़ा है.
रिपोर्ट के मुताबिक, 2025 में चीन ने कुछ भारतीय कंपनियों से यह यकीनी बनाने को कहा कि चीन से मिले औद्योगिक सामान को अमेरिका में दोबारा निर्यात नहीं किया जाएगा. हालांकि, ट्रंप और शी जिनपिंग के बीच व्यापारिक तनाव कम करने की प्रक्रिया के दौरान चीन ने इस शर्त को फिलहाल निलंबित कर दिया. आयोग के मुताबिक, चीन इस निर्भरता का इस्तेमाल अमेरिकी सप्लाई चेन को प्रभावित करने के लिए भी कर सकता है.