)
एक मासूम बच्चा... जिसकी उम्र अभी महज सवा महीने है, उसे तो यह भी नहीं पता कि खतरा क्या होता है, उससे कैसे बचना है? लेकिन बड़ों की एक छोटी-सी लापरवाही उसके लिए जानलेवा साबित हो सकती थी. जी हां, दोस्तों ये एकदम सही बता है. दरअसल, हुआ कुछ यूं कि मध्य प्रदेश के शाजापुर में एक सवा महीने के बच्चे के गले में सेफ्टी पिन फंस गई, जिससे उसकी हालत गंभीर हो गई. बच्चे की तकलीफ देखकर परिजनों के हाथ-पांव फूल गए. वे फौरन उसे जिला अस्पताल लेकर पहुंचे...फिर डॉक्टर डॉ. तेजपाल सिंह जादौन ने सूझबूझ दिखाते हुए बच्चे की जान बचा ली. चलिए पूरा मामला जानते हैं इस आर्टिकल में.
बताया जा रहा है कि डॉ. तेजपाल सिंह जादौन ने लेरिंगोस्कोप तकनीक की मदद से करीब 15 से 20 मिनट की मशक्कत के बाद पिन को सुरक्षित बाहर निकाल लिया. फिलहाल, बच्चे को एहतियात के तौर पर आईसीयू में रखा गया है, जहां उसकी हालत स्वस्थ बताई जा रही है.
जानकारी के अनुसार, सारंगपुर जिला राजगढ़ निवासी दंपती अपने सवा महीने के बच्चे को गंभीर अवस्था में जिला अस्पताल लेकर पहुंचे थे. परिजनों ने बताया कि उन्होंने बच्चे के गले में गोप पहना रखा था, जिसमें सेफ्टी पिन लगी हुई थी. इसी दौरान गोप बच्चे के मुंह में चली गई और सेफ्टी पिन खुलकर गले तक पहुंच गई. पिन बच्चे के टांसिल के पास फंस जाने से उसे काफी परेशानी होने लगी. घबराए परिजन बच्चे को लेकर तत्काल जिला अस्पताल पहुंचे और सीधे डॉ. तेजपाल सिंह जादौन को उसकी स्थिति बताई.
मामले की गंभीरता को देखते हुए डॉ. जादौन ने बिना समय गंवाए बच्चे के गले की दूरबीन से जांच की. जांच में पता चला कि सेफ्टी पिन टांसिल के पास फंसी हुई है. इसके बाद चिकित्सक ने लेरिंगोस्कोप की सहायता से प्रक्रिया शुरू की और करीब 15 से 20 मिनट की मशक्कत के बाद पिन को सफलतापूर्वक बाहर निकाल लिया. पिन निकलते ही बच्चे को राहत मिली और परिजनों ने भी सुकून की सांस ली.
शाजापुर जिला अस्पताल के डॉ. तेजपाल सिंह जादौन ने कहा कि अगर समय रहते पिन नहीं निकाली जाती, तो स्थिति गंभीर हो सकती थी और बच्चे की जान पर भी खतरा बन सकता था. फिलहाल, बच्चे को निगरानी के लिए आईसीयू में रखा गया है. उन्होंने कहा कि बच्चा अब पूरी तरह स्वस्थ है. जिला अस्पताल में समय पर मिली चिकित्सा सुविधा और चिकित्सक की तत्परता से मासूम को नया जीवन मिल गया.
रिपोर्ट: मनोज जैन