)
इंडियन टेलीविजन की दुनिया में रिएलिटी शोज की बात हो और ‘बिग बॉस’ का नाम न आए, ऐसा होना नामुमकिन है. बीसवें सीजन में पहुंच चुका ये शो आज देश के सबसे पॉपुलर शोज में गिना जाता है, जिसकी पहचान लंबे समय से सलमान खान के बेबाक अंदाज से जुड़ी रही है. लेकिन बहुत कम लोगों को ये पता है कि जब इस शो की शुरुआत की जा रही थी, तब मेकर्स के दिमाग में कंटेस्टेंट्स को लेकर बेहद बड़े और चौंकाने वाले नाम थे. शुरुआती दौर में टीम शाहरुख खान और करण जौहर जैसे दिग्गजों को ही इस घर के भीतर कंटेस्टेंट के रूप में देखना चाहती थी, जो अपने आप में एक बेहद दिलचस्प और अनसुना किस्सा है.
शो के एक्स वाइस प्रेसिडेंट और जाने-माने टैलेंट मैनेजर आनंद चव्हाण ने हाल ही में सिद्धार्थ कन्नन के साथ बातचीत में इस शुरुआती दौर के किस्सों से पर्दा उठाया है. उनके मुताबिक, पहले सीजन की तैयारी के समय मेकर्स ने शाहरुख खान और करण जौहर समेत फिल्म इंडस्ट्री के कई बड़े चेहरों से कॉन्टैक्ट किया था. उस वक्त होस्ट को लेकर कोई फैसला तक नहीं हुआ था, क्योंकि इस नए फॉर्मेट के लिए होस्ट का कॉन्सेप्ट बाद में सामने आया. पूरी टीम का ध्यान केवल घर में जाने वाले चेहरों पर था और स्वाभाविक तौर पर उनकी पसंद की शुरुआत इंडस्ट्री के सबसे बड़े सितारों से ही हुई थी.

आनंद चव्हाण ने आगे कहा कि बड़े सितारों के बारे में सोचना कोई गलत कदम नहीं था, बल्कि हर कलाकार से हुई बातचीत ने टीम को अलग-अलग तरह के एक्सपीरियंस दिए. हालांकि, कास्टिंग के प्रोसेस और बातों में लगे समय के बावजूद शो की तय लॉन्च तारीख पर कोई असर नहीं पड़ा. प्लानिंग के अनुसार ही शो की शुरुआत हुई और ऐसा बिल्कुल नहीं था कि बड़े नामों के न जुड़ने से लॉन्चिंग को आगे बढ़ाना पड़ा हो. आपको बता दें कि ऐसी कई खबरें पहले सुनने में आई थीं कि बड़ें नामों के इनकार के चलते शो के लॉन्चिंग में समय लगा था.
साल 2006 में जब ‘बिग बॉस’ ने छोटे पर्दे पर कदम रखा, तो अरशद वारसी ने होस्ट की कमान संभाली थी. उस पहले सीजन में रवि किशन, राखी सावंत, कश्मीरा शाह, अमित साध, राहुल रॉय और रूपाली गांगुली जैसे कई पॉपुलर फेस घर के अंदर नजर आए थे. ऑडियंस के बीच चले लंबे सफर और तमाम उतार-चढ़ाव के बाद आखिरकार राहुल रॉय ने पहले सीजन की ट्रॉफी अपने नाम की थी, जिसने इस शो को एक मजबूत शुरुआत दी.

इंटरव्यू के दौरान आनंद चव्हाण ने कंटेस्टेंट्स को मिलने वाली फीस के तरीके पर भी बात की. उन्होंने बताया कि शुरुआत में ही एक रकम देने के बजाए हर हफ्ते के आधार पर भुगतान करने का मॉडल इसलिए अपनाया गया ताकि घर के भीतर कॉम्पटीशिन बना रहे. जब कंटेस्टेंट्स को हर हफ्ते के हिसाब से इंसेंटिव मिलता है, तो उनमें आगे बढ़ने और टिके रहने का जज्बा बना रहता है. जितने हफ्ते कोई कंटेस्टेंट घर में रहता है, उसी के हिसाब से उसकी कमाई तय होती है.
आज दो दशकों के करीब पहुंचते सफर में ‘बिग बॉस’ का 20वां सीजन ऑडियंस का भरपूर मनोरंजन कर रहा है. इस सीजन के नए एपिसोड हर दिन रात 9 बजे JioHotstar पर देखे जा सकते हैं, जबकि टीवी पर रात 10:30 बजे कलर्स टीवी पर इसका टेलीकास्ट होता है. बदलते वक्त और नए चेहरों के साथ ये शो आज भी लोगों के बीच अपनी खास जगह बनाए हुए है.