शिकागो के जिस मंदिर में थी मास शूटिंग की प्लानिंग, वहीं परिवार के साथ मौजूद थे भारतीय मूल के अमेरिकी सांसद; वीडियो में सुनाई दास्तां
अमेरिका के एक हिंदू मंदिर में मास शूटिंग की प्लांनिंग तब टल गई, जब मौके पर हमलावर की बंदूक जाम हो गई. एक 19 साल के युवक ने मंदिर में नरसंहार की फिराक में था. वह रविवार को घटना को अंजाम देने वाला था. भारतीय मूल के अमेरिकी सांसद ने बताया कि वह उस वक्त मंदिर में ही उपस्थित थे.
अमेरिका के शिकागो में एक 19 साल के लड़के ने हिंदू मंदिर को निशाना बनाने की प्लानिंग की थी. वह मंदिर में पहुंचे श्रद्धालुओं पर अंधाधुंध गोलीबारी की तैयारी में था, लेकिन मौके पर बंदूक के जाम हो जाने के कारण उसका मंसूबा फेल हो गया. पुलिस ने उसको गिरफ्तार कर लिया है. इस घटना की जांच स्थानीय पुलिस अधिकारी कर रहे हैं. 19 साल के लड़के की पहचान एलेक्जेंड्रोस पापोराकिस के रूप में हुई थी, जो अब पुलिस की गिरफ्त में है.
सबसे खास बात है कि जिस दौरान एलेक्जेंड्रोस पापोराकिस शिकागो के श्री वेंकटेश्वर बालाजी मंदिर में गोलीबारी की प्लानिंग में था, उस वक्त अमेरिकी सांसद राजा कृष्णमूर्ति मंदिर मे ही मौजूद थे. बता दें कि आरोपी ने रविवार, 11 अक्टूबर को अपने काम को अंजाम देने की फिराक में था, लेकिन उसकी प्लानिंग सफल नहीं हो सकी. आरोपी पैलेटाइन इलाके का रहने वाला है, जो एक स्थानीय रेस्टोरेंट में काम करता है. इस खबर के बाद अमेरिका में रहने वाले हिंदू समुदाय के लोग डर के साए में जी रहे हैं.
अमेरिकी संसद भी मंदिर में थे मौजूद
इस घटना पर भारतीय मूल के अमेरिकी डेमोक्रेट सांसद राजा कृष्णमूर्ति ने अपनी तीखी प्रतिक्रिया दी है. राजा कृष्णमूर्ति अमेरिकी संसद में इलिनोइस का प्रतिनिधित्व करते हैं. इस घटना को उन्होंने भारत-विरोधी नफरत करार दिया है. उन्होंने इसके साथ ही एक्स पर एक चेतावनी दी है. उन्होंने एक्स पर एक पोस्ट में कहा कि नस्लीय नफरत और श्वेत वर्चस्ववाद को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जा सकता है. हमें इस नफरत का मिलकर डटकर सामना करना होगा. इसके साथ ही उन्होंने इन लोगों का धन्यवाद दिया, जिन्हें इस घटना को टालने में मदद की. उन्होंने कहा कि वह परिवार के साथ वहां पर मौजूद थे.
अमेरिका के अन्य सांसदों ने भी जताई चिंता
कृष्णमूर्ति के साथ अमेरिका के अन्य सांसदों ने भी इस घटना पर चिंता व्यक्त की है. अमेरिकी सांसद रिच मैककार्मिक, रो खन्ना, अमी बेरा, जेमी रास्किन और हेले स्टीवंस जैसे नेताओं ने इस घटना पर आक्रोश जताया. सभी ने एक सुर में कहा कि अमेरिका में रहने वाले किसी को भी अपने धर्म का पालन करते समय अपनी सुरक्षा को लेकर नहीं डरना है. उधर, कैलिफोर्निया के सांसद रो खन्ना ने कहा कि एक हिंदू अमेरिकी के तौर पर, श्वेत वर्चस्ववादी की ओर से मंदिर में गोलीबारी की कोशिश से मुझे गुस्सा आ रहा है. उन्होंने कहा कि हिंदू धर्म अहिंसा की शिक्षा देता है.
विदेश मंत्रालय ने क्या कहा?
अमेरिका में मास शूटिंग की कोशिश वाले मामले में भारतीय विदेश मंत्रालय ने कहा कि इलिनोइस के ऑरोरा इलाके में एक हिंदू मंदिर को निशाना बनाकर बड़े पैमाने पर गोलीबारी की कथित साजिश की खबरों से हम बहुत चिंतित हैं. कथित साजिश का कथित हिंदू-विरोधी और नस्लवादी नेचर, जिसमें भारतीय मूल के लोगों के खिलाफ हिंसा का जिक्र है, खास तौर पर परेशान करने वाला है. हमने US लॉ एनफोर्समेंट अथॉरिटीज की कार्रवाई पर ध्यान दिया है, जिसमें सस्पेक्ट की गिरफ्तारी और हिरासत और उसके खिलाफ लगाए गए आरोप शामिल हैं.
इसके अलावा भारत की ओर से शिकागो पुलिस के एक्शन की तारीफ की गई है. शिकागो स्थित भारतीय महावाणिज्य दूतावास ने कहा कि वाणिज्य दूतावास को इलिनोइस के ऑरोरा में एक पूजा स्थल को निशाना बनाने की नाकाम कोशिश के बारे में जानकारी मिली. हम पुलिस एक्शन की सराहना करते हैं. हम इस नाकाम आतंकी साजिश के हर घटनाक्रम पर बारीकी से नजर बनाए हुए हैं.
यह भी पढ़ें: 'भारतीयों को मारने का अब और इंतजार...' टीनएजर ने हमले से पहले दोस्त को भेजा मैसेज, अब MEA ने जताई चिंता
यह भी पढ़ें: मंदिर में हिंदुओं को मौत के घाट उतारने की थी तैयारी, धरी रह गई 19 साल के लड़के की खौफनाक साजिश