)
अमेरिका के शिकागो से एक बड़ी खबर सामने आई है. यहां पर एक 19 साल के शख्स की गिरफ्तारी हुई है. आरोप है कि यह अमेरिका के शिकागो में एक बड़े आतंक की साजिश को अंजाम देने की प्लानिंग कर रहा था और इलिनोइस के ऑरोरा इलाके में एक हिंदू मंदिर पर बड़े हमले की योजना बना रहा था. आरोपी की पहचान 19 साल के एलेक्जेंड्रोस पैपोराकिस के तौर पर हुई है. पुलिस ने शुरुआती जानकारी में पाया कि वह पैलेटाइन इलाके का रहने वाला है. पुलिस की त्वरित कार्रवाई से एक बड़ा हादसा टल गया.
दरअसल, पुलिस को एलेक्जेंड्रोस के पास एक दस्तावेज मिला. पुलिस ने बताया कि यह एक तरीके का घोषणापत्र है. इस पत्र में श्वेत वर्चस्ववादी और चरमपंथी की बातें लिखी गई है. इस पत्र में विशेष तौर पर भारतीय मूल के लोगों और दक्षिण एशियाई लोगों के खिलाफ नफरत वाली भाषा का इस्तेमाल किया गया है. पुलिस ने बताया कि इस दस्तावेज का नाम ऑरोरा शूटर्स मेनिफेस्टो था .
बता दें कि पैपोराकिस की यह गिरफ्तारी ऐसे समय पर हुई है, जब हिंदू समुदाय के लोग नवरात्रि का त्योहार मना रहे हैं. बता दें कि इससे ठीक दो हफ्ते पहले ओहायो के रिचमंड हाइट्स में स्थित श्री स्वामीनारायण वडताल धाम हिंदू मंदिर से भी तोड़फोड़ की खबर सामने आई थी. पुलिस ने जांच में पाया कि आरोपी एलेक्जेंड्रोस पैलेटाइन एक टैको बेल रेस्टोरेंट में कैशियर का काम करता था. ये जांच उक्त शुरू की गई, जब एक शख्स ने पुलिस को उसके मंसूबों की जानकारी दी.
बताया जाता है कि आरोपी एलेक्जेंड्रोस पैलेटाइन ने उस व्यक्ति को अपनी मंशा के बारे में बताया था. इसके लिए उसने सुरक्षा जैकेट, गोलियों से भरी मैगजीन, राइफल समेत अन्य हथियारों की व्यवस्था कर ली थी. इन सभी की तस्वीरें एलेक्जेंड्रोस पैलेटाइन ने उस व्यक्ति को दिखाईं थीं.
पुलिस ने बताया कि एलेक्जेंड्रोस पैलेटाइन ने अपने साथ काम करने वाले सहकर्मियों से कहा था कि रविवार का दिन काफी खास होने वाला है. रविवार को उसने अपने एक सहकर्मी को कॉल किया और कहा कि उसकी बंदूक जाम हो गई है, इसलिए वह किसी को बिना नजर आए वहां से तुरंत भाग आया. पैलेटाइन और माउंट प्रॉस्पेक्ट पुलिस की ओर से इस मामले में तुरंत एक्शन लिया गया. रविवार (11 अक्टूबर) को एलेक्जेंड्रोस को उसके घर से गिरफ्तार किया गया.
एलेक्जेंड्रोस की गिरफ्तारी के बाद उसके घर की पुलिस ने तलाशी ली, जहां से एक राइफल बरामद हुई है. इसके साथ ही गोलियों से भरी कई मैगजीन, सैकड़ों अतिरिक्त गोलियां और एक सुरक्षा जैकेट भी मिली. बता दें कि पुलिस को जो जैकेट मिली है, उसपर एक ऐसा निशान बना है, जो श्वेत वर्चस्ववादी चरमपंथ से संबंधित है. पुलिस के एक अधिकारी ने इस मामले में बताया कि इस खतरे की गंभीरता को कम करके देखना बेवकूफी होगी. उन्होंने कहा कि धार्मिक स्थलों की सुरक्षा कानून व्यवस्था की सबसे बड़ी प्राथमिकता है.

भारत की ओर से शिकागो पुलिस के एक्शन की तारीफ की गई है. शिकागो स्थित भारतीय महावाणिज्य दूतावास ने कहा कि वाणिज्य दूतावास को इलिनोइस के ऑरोरा में एक पूजा स्थल को निशाना बनाने की नाकाम कोशिश के बारे में जानकारी मिली. हम पुलिस एक्शन की सराहना करते हैं. हम इस नाकाम आतंकी साजिश के हर घटनाक्रम पर बारीकी से नजर बनाए हुए हैं.