न कॉकपिट, न पायलट... फिर भी दुश्मन पर सीधा वार! तुर्किये ने सेना में शामिल किया मानवरहित विमान; क्या है खास?
तुर्किये ने ड्रोन के क्षेत्र में एक और बड़ी छलांग लगाई है. उसने दावा किया है कि बायकर कंपनी ने दुनिया का पहला मानवरहित फाइटर जेट विकसित कर लिया है.
हमलवार ड्रोन बनाकर दुनिया में अपनी पहचान बना चुकी तुर्किये की बायकर (Baykar) कंपनी ने नया कारनामा किया है. उसने अब मानवरहित फाइटर जेट किजिलेल्मा (Kızılelma) विकसित कर लिया है. यह तुर्किये का अपना स्वदेशी रूप से विकसित ड्रोन फाइटर जेट है. कई दौर के ट्रायल के बाद इस तरह के तीन मानव रहित फाइटर जेट्स को तुर्किश मिलिट्री में शामिल कर लिया गया है. कहा जा रहा है कि दुनिया में यह पहली बार है, जब कोई मानवरहित फाइटर जेट आधिकारिक रूप से किसी देश की सेना में में तैनात हुआ है.
तुर्किश मिलिट्री में शामिल हुआ पहला मानवरहित फाइटर जेट
बायकर (Baykar) की वेबसाइट पर इस मानवरहित फाइटर जेट के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई है. रिपोर्ट के मुताबिक, कंपनी ने जब बायकर ड्रोन बनाया था, तभी से मानवरहित फाइटर जेट बनाना उसका सपना रहा था. अब किजिलेल्मा के मिलिट्री में शामिल होने के साथ ही भविष्य के हवाई युद्ध में एक नए युग की शुरुआत हो गई है.
कंपनी ने कहा कि किजिलेल्मा ट्रायल पीरियड के दौरान कुल 600 उड़ानें भरीं. सभी परीक्षण पूरे होने के बाद इस तरह के तीन विमानों को 19 नवंबर तुर्किये मिलिट्री को सौंप दिया गया. इस डिलीवरी के साथ ही, तुर्किये अपने बेड़े में मानवरहित फाइटर जेट शामिल करने वाला दुनिया का पहला देश बन गया है.
करीब 5 साल पहले हुई थी प्रोजेक्ट की शुरुआत
रिपोर्ट के अनुसार, कंपनी ने पहली बार 20 जुलाई, 2021 को किजिलेल्मा का डिजाइन पब्लिक के सामने रखा था. इसके बाद 12 मार्च 2022 से इसका निर्माण शुरू किया. विमान ने अपनी पहली उड़ान 14 दिसंबर 2022 को भरी. इसके बाद विमान ने 24 अप्रैल 2023 को AKINCI नामक दूसरे ड्रोन के फॉर्मेशन उड़ान भरी. ट्र्याल के दौरान इसने तोलुन (TOLUN) और तेबेर-82 (TEBER-82) मिसाइलों से सटीक निशाना साधा.
ये भी पढ़ें- दुनिया का वो अनोखा सांप, जो खतरा देखते ही रेंगना छोड़ शुरू कर देता है लुढ़कना, 13 किमी की रफ्तार से लगाता दौड़
बायकर कंपनी ने कहा कि किजिलेल्मा प्लेन ने बियॉन्ड-विज़ुअल-रेंज मिसाइल 'गोकडोगान' (GÖKDOĞAN) से काफी दूर उड़ रहे दूसरे ड्रोन पर सटीक निशाना साधकर उड़ा दिया. इस उपलब्धि के साथ ही, यह विमान इस तरह का कारनामा करने वाला दुनिया का पहला मानवरहित फाइटर जेट बन गया. कंपनी का दावा है कि यह मानवरहित फाइटर सुपरसोनिक मिसाइल से भी लक्ष्य पर सटीक निशाना साध चुका है.
बायकर ड्रोन बेचने के लिए 40 देशों के साथ कॉन्ट्रेक्ट
कंपनी ने कहा कि ड्रोन कैटेगरी में उसका बायकर ड्रोन दुनिया में सबसे ज्यादा बिकने वाला प्लेन रहा है. पिछले साल उसने यह ड्रोन बेचकर 2.2 बिलियन डॉलर कमाए. दूसरे शब्दों में कहें तो बायकर कंपनी को हाल के वर्षों में जितनी भी कमाई हुई, उनमें से 90 फीसदी एक्सपोर्ट से हासिल की गई थी. अपने बायकर ड्रोन बेचने के लिए कंपनी ने 40 देशों के साथ कॉन्ट्रेक्ट साइन किए हैं. इसके साथ ही अकिंसी ड्रोन बेचने के लिए भी 16 मुल्कों के साथ अनुबंध हो चुके हैं.