)
सऊदी की राजधानी रियाद के में एक बार फिर इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर जोरदार धमाका हुआ है. जिसमें दर्जनों लोग जख्मी हो गए हैं और 4-5 जख्मियों की हालत नाजुक बताई जा रही है. जिन्हें ICU में भर्ती कराया गया है. धमाका इतनी भयानक था कि दूर-दूर तक धुएं का गुबार नजर आ रहा था. धमाके के बाद एयरपोर्ट परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया. घटना के बाद एयरपोर्ट के कुछ हिस्सों को खाली करा लिया गया.
एक न्यूज एजेंसी ने रियाद में होने वाले ताजा हमले को लेकर चश्मदीद के हवाले बताया कि उसने एयरपोर्ट के अंदर धमाका होते देखा. इसके बाद कई लोग घायल अवस्था में जमीन पर पड़े दिखाई दिए. घटना के बाद एक दर्जन से ज्यादा एंबुलेंस मौके पर पहुंचीं. सऊदी सरकार के मीडिया कार्यालय और देश के नागरिक उड्डयन प्राधिकरण ने इस मामले पर तत्काल कोई टिप्पणी नहीं की.
Current situation and footage from Riyadh Airport https://t.co/EvNCsDgXWV
— Wajiha Tamseel Mirza (@WajihaTamseel) October 10, 2026
धमाके के बाद रियाद एयरपोर्ट की उड़ान सेवाएं बुरी तरह प्रभावित हुईं. फ्लाइट-ट्रैकिंग वेबसाइट Flightradar24 के मुताबिक, रियाद जाने वाली सभी उड़ानों को या तो डायवर्ट कर दिया गया या फिर कैंसिल कर दिया गया. कुछ समय के लिए एयरपोर्ट के ऊपर सिर्फ एक हेलिकॉप्टर उड़ता दिखाई दिया. एयरपोर्ट प्रशासन ने यात्रियों से अपनी एयरलाइंस से संपर्क करने और एयरपोर्ट के लिए रवाना होने से पहले फ्लाइट की स्थिति की जानकारी लेने को कहा है
कुवैत एयरवेज ने रियाद आने-जाने वाली अपनी उड़ानें रद्द कर दीं. एयरलाइन ने इसके पीछे की वजह एयरपोर्ट के बंद होने और सुरक्षा हालात बताया. एतिहाद एयरवेज और कतर एयरवेज ने भी रियाद से जुड़ी कई उड़ानें रद्द की हैं. इनमें कुछ उड़ानों का असर सोमवार तक रहने की बात कही गई है. भारत की अकासा एयर ने भी रियाद आने-जाने वाली सभी उड़ानों का संचालन 13 अक्टूबर 2026 तक निलंबित कर दिया है.
रियाद एयरपोर्ट पर ताजा हमले के बाद अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भी बड़ा बयान दिया है. उन्होंने कहा कि अमेरिका सऊदी अरब की तरफ से हूतियों के खिलाफ किए जा रहे हमलों में शामिल होने पर गौर कर सकता है. व्हाइट हाउस के बाहर पत्रकारों ने जब ट्रंप से पूछा कि क्या अमेरिका सऊदी अरब के साथ हूतियों के खिलाफ सैन्य कार्रवाई में शामिल होगा, तो उन्होंने कहा,'हम ऐसा कर सकते हैं. हम इस पर विचार करेंगे.' ट्रंप ने कहा कि प्रशासन को ताजा हमले की जानकारी अभी मिली है और इसके बाद इस मामले में फैसला लिया जाएगा.
रियाद एयरपोर्ट पर यह घटना ऐसे समय हुई है, जब यमन के ईरान समर्थित हूती विद्रोही सऊदी अरब पर लगातार मिसाइल हमले कर रहे हैं. इस हफ्ते पहले भी दो एयरपोर्ट्स पर हमलों की खबरें आ चुकी हैं. इन हमलों में चार लोगों की मौत हुई थी, जबकि कई अन्य घायल हुए थे और एक विमान को भी भारी नुकसान पहुंचा था.