)
पेरू की राजधानी लीमा से बड़ी खबर आ रही है. जॉर्ज शावेज इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर टेकऑफ के दौरान विमान के इंजन में अचानक आग लग गई. बताया जा रहा है कि LATAM एयरलाइंस का एयरबस A320 उड़ान भरने ही वाला था. तभी अचानक विमान का इंजन धूं-धूं कर जलने लगा. रनवे पर आग की लपटें उठते ही अफरा-तफरी मच गई. हालांकि पायलट और केबिन क्रू ने फौरन सूझबूझ दिखाते हुए सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया है. एयरलाइन ने बयान जारी कर इसे तकनीकी खराबी बताया है.
इस हादसे का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें साफ देखा जा सकता है कि इंजन से आग की लपटें और काला धुआं उठ रहा है. उसी विमान में विंग के पास बैठे किसी यात्री ने यह वीडियो रिकॉर्ड किया है.
BREAKING: LATAM A320 engine catches on fire while departing Lima Jorge Chavez International Airport, Peru. In a statement the airline said " an unforeseen technical event occurred before takeoff, and for this reason the preventive disembarkation of all passengers was determined, prioritizing their safety at all times."
— Breaking Aviation News & Videos (@aviationbrk) October 19, 2026
बताया जा रहा है कि विमान LA2302 रविवार को इक्विटोस से लीमा पहुंचा था. यहां से वो उत्तरी पेरू के पियुरा के लिए उड़ान भरने वाला था, तभी इंजन में भीषण आग लग गई. हादसे के बाद उड़ान रद्द कर दी गई है.
एयरडेटा न्यूज के मुताबिक, जिस प्लेन में आग लगी उसका रजिस्ट्रेशन नंबर CC-BFS था. यह एयरबस का A320 मॉडल है, जो साल 2013 में बना था. यह आज के सबसे नए विमानों (A320neo) से ठीक पहले की पीढ़ी (A320ceo) का प्लेन है. हालांकि, इसके पंखों के किनारों पर नए जमाने की तरह मुड़े हुए विंग्स लगे हैं. इसलिए देखने में यह बिल्कुल नए प्लेन जैसा ही लगता है. बाद के सालों में कंपनी ने पुराने मॉडल्स में भी यह डिजाइन देना शुरू कर दिया था.
बीते 17 अक्टूबर को दिल्ली के इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट से भी एक हैरान करने वाली खबर आई थी. वहां दुबई के लिए उड़ान भरने वाली एमिरेट्स की फ्लाइट EK 517 भी रद्द कर दी गई थी, क्योंकि उससे एक पक्षी के टकरा गया था. बर्ड स्ट्राइक के चलते उसे दिल्ली एयरपोर्ट पर ही रोक दिया गया था. इसके अगले दिन यानी रविवार सुबह उसने उड़ान भरी थी.