यमन में हूती विद्रोहियों ने एक बार फिर खूनी तांडव किया है. सोमवार सुबह हूती विद्रोहियों द्वारा 3 बैलिस्टिक मिसाइलों से यमन के सरकारी मिलिट्री ट्रेनिंग कैंप को निशाना बनाया. इस हमले में 50 से अधिक सैनिकों की मौके पर ही मौत हो गई. हमले के बाद मौके से सामने आए वीडियो और तस्वीरें दिल दहलाने वाली हैं, क्योंकि चारों तरफ शव पड़े दिखे.
न्यूज एजेंसी रॉयटर्स के मुताबिक, विद्रोहियों ने शबवा प्रांत के अल-आलम मिलिट्री कैंप को निशाना बनाया गया है. यहां तीन बैलिस्टिक मिसाइलें दागी गईं. न्यूज एजेंसी एएफपी ने पहले करीब 70 लड़ाकों के घायल होने की जानकारी दी थी, जिनमें से कई गंभीर घायलों ने बाद में दम तोड़ दिया. मौत का आंकड़ा अभी और बढ़ सकता है.
Dozens of Yemenis are feared dead after a Houthi strike targeted a military camp in Yemen’s Shabwa governorate. The spokesman for the Yemeni army said the Houthis targeted Shabwa with 3 ballistic missiles. https://t.co/0Um1LHfRkz
— Al Jazeera Breaking News (@AJENews) October 19, 2026
इस हमले के बाद जो वीडियो सामने आए हैं, उनमें खौफनाक मंजर दिख रहा है. चारों तरफ रेत के मैदान में शव बिखरे पड़े हैं. कई लड़ाकों के शरीर के टुकड़े हो चुके हैं. सिर कहीं है तो धड़ कहीं पड़ा है. घटनास्थल पर भारी मलबा और जवानों का निजी सामान भी बिखरा दिखा.
न्यूज एजेंसी एपी के मुताबिक, यह अटैक हाल के दिनों का सबसे भीषण हमला है. ईरान और अमेरिका के बीच तनाव पहले से बढ़ रहा था. इसी बीच हूती विद्रोहियों और यमन की सरकारी सेना में फिर से जंग छिड़ गई. सरकारी सेना को सऊदी अरब का समर्थन हासिल है. दोनों तरफ से दोबारा शुरू हुई इस लड़ाई ने 2022 के युद्धविराम को पूरी तरह तोड़ दिया है. यह वही सीजफायर था, जिसकी वजह से यमन में लंबे समय से चला आ रहा गृहयुद्ध काफी हद तक थम गया था.
उधर हूती स्वास्थ्य मंत्रालय का कहना है कि उत्तरी प्रांत सादा में सऊदी गठबंधन ने हवाई हमला किया है, यह इलाका विद्रोहियों के कब्जे में है. इस एयरस्ट्राइक में कम से कम 9 लोगों की जान चली गई, जिनमें 5 बच्चे और 2 महिलाएं शामिल हैं. हूती विद्रोहियों के मुताबिक, वीकेंड में हुए कई हमलों में 30 से ज्यादा लोग मारे गए हैं या घायल हुए हैं.
अल जजीरा की रिपोर्ट के मुताबिक, ताइज में सोमवार को दोनों तरफ से भीषण जंग जारी रही. यमन की सरकारी सेना ने दावा किया है कि उन्होंने हूतियों पर पलटवार करके ताइज प्रांत के सनमत इलाके पर वापस कब्जा कर लिया और अब सेना मिसराख की तरफ बढ़ रही है. उधर, हूती विद्रोहियों की ओर से हुई गोलाबारी में 1 आम नागरिक की जान चली गई और 5 लोग घायल हो गए.
दरअसल, हूती लड़ाके ताइज शहर को चारों तरफ से घेरने में लगे हैं. यह शहर सरकारी सेना का एक मजबूत गढ़ माना जाता है. हालात बिगड़ते देख संयुक्त राष्ट्र (UN) ने चेतावनी दी है कि शहर में खाने-पीने का सामान तेजी से खत्म हो रहा है, जबकि स्थानीय प्रशासन का आरोप है कि हूती विद्रोहियों ने शहर में पीने के पानी के टैंकर तक रोक दिए हैं.