)
राजस्थान का मौसम एक बार फिर पलटने वाला है. मौसम विभाग के मुताबिक, पूर्वी राजस्थान के कुछ इलाकों में 29 और 30 अक्टूबर को बादल गरजने, तेज हवाओं के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने के आसार हैं. मौसम में बदलाव होने से राज्य के कुछ भागों में बादल छाने और बारिश होने की संभावना है.
29-30 अक्टूबर को पूर्वी राजस्थान में कैसा रहेगा मौसम?
मौसम विभाग के अनुसार, पूर्वी राजस्थान के कुछ इलाकों में 29 और 30 अक्टूबर को एक बार फिर मौसम बदलने की संभावना है. इस दौरान बादल गरजने, तेज हवाएं चलने और कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. मौसम में बदलाव के दौरान तेज हवाएं चलने की संभावना है, जिनकी रफ्तार 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है. वहीं, पश्चिमी राजस्थान के बीकानेर संभाग में भी मौसम में बदलाव देखा जा सकता है. 30 अक्टूबर को संभाग के कुछ इलाकों में हल्की बारिश होने की संभावना है.
26 अक्टूबर को कैसा रहेगा मौसम का हाल?
26 अक्टूबर को राजस्थान के जयपुर, जोधपुर, बीकानेर, अजमेर समेत प्रदेश के अधिकांश प्रमुख शहरों में मौसम शुष्क रहने की संभावना है. जयपुर में अधिकतम तापमान करीब 35 डिग्री और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है. दिन में तेज धूप रहने, जबकि सुबह और शाम के समय हल्की ठंडक महसूस हो सकती है.
फिलहाल प्रदेश के किसी भी जिले में भारी बारिश और आंधी को लेकर अलर्ट नहीं है. मौसम विभाग के मुताबिक, मौसम में बड़े बदलाव की संभावना 27 अक्टूबर की रात के बाद बन सकती है.
किसानों और आम लोगों को दी गई सलाह
विभाग का कहना है कि मौसम बदलने से कुछ इलाकों में मेघगर्जन के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं. ऐसे में लोगों सावधानी बरतें. बिजली चमकने या बादल गरजने के दौरान खुले मैदानों, पेड़ों और बिजली के खंभों के नीचे खड़े ना हो. साथ ही मौसम बिगड़ने के समय बाहर जाने से बचें.
ग्रामीण इलाकों में खेती-किसानी से जुड़े लोगों के लिए मौसम का यह बदलाव महत्वपूर्ण हो सकता है. किसान खुले में रखे अनाज और कृषि उपज को सुरक्षित स्थान पर रखें. 29 और 30 अक्टूबर को संभावित बारिश को देखते हुए लोग सतर्क रहें. खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों पर जाने से बचें और बिजली चमकने के समय सुरक्षित जगह पर रहें.