SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

होर्मुज खुलेगा, लेकिन ईरान की शर्तों पर! तेहरान ने अमेरिका को दिया प्रस्ताव; साथ में रख दीं 3 बड़ी शर्तें

अमेरिका और ईरान के बीच चल रहे तनाव के बावजूद बातचीत के रास्ते पूरी तरह बंद नहीं हुए हैं. ईरान ने साफ कर दिया है कि अगर अमेरिका उसकी 3 शर्तें मान लेता है तो यह रास्ता एक हफ्ते के अंदर ओपन हो सकता है.

Written By Bhoopendra Rai
Published: Oct 18, 2026, 06:48 PM IST | Updated: Oct 18, 2026, 06:54 PM IST
Image Credit: AI जनरेडेट इमेज.
Join

ईरान और अमेरिका के बीच पिछले 8 महीने से चल रही जंग के बीच एक बड़ी खबर आई है. दुनिया का सबसे बिजी समुद्री रास्ता 'होर्मुज' खुल सकता है. ईरान ने इसके लिए अमेरिका के सामने 3 बड़ी शर्तें रख दी हैं. ईरान का कहना है कि उसका 7 दिन वाला ऑफर अभी भी टेबल पर है. ईरान ने दो-टूक कहा है कि जलमार्ग तभी खुलेगा जब वॉशिंगटन उसकी तीन शर्तों को मान लेगा.

दरअसल, ईरानी विदेश मंत्री अब्बास अराघची बगदाद में इस्लामिक देशों के संगठन (OIC) की बैठक में पहुंचे. वहां उन्होंने बताया कि वो अमेरिका के जवाब की समीक्षा कर रहे हैं. हालांकि उन्होंने ये भी कहा, समझौते के लिए अमेरिका के पास जिस ईमानदारी की जरूरत है, वह उसके पास बिल्कुल नहीं है.

क्या बोले ईरानी विदेश मंत्री?

ईरानी विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने कहा, 'हमारी बात एकदम साफ है. हमने अमेरिका को 7 दिन का प्रस्ताव दिया था, उन्होंने कुछ टिप्पणियां भेजी हैं, जिन्हें हम देख रहे हैं. अगर अमेरिका थोड़ी भी ईमानदारी दिखाए, जो कि उसमें नहीं दिखती, तो होर्मुज का रास्ता खोलने का हल बेहद आसान है. अगर अमेरिका शर्तें मान ले, तो यह रास्ता 6 दिन के भीतर खुल सकता है और अगले दिन से बाकी बातचीत शुरू हो सकती है.'

OIC की बैठक में अराघची ने अमेरिका पर बड़ा आरोप लगाया. उन्होंने साफ कहा, अमेरिका ने कूटनीति का मजाक बना रखा है और दुनिया के नियमों को ताक पर रखकर सिर्फ धमकियों, हमलों और पाबंदियों की भाषा बोल रहा है. ईरान किसी के दबाव में आने वाला नहीं है और न ही डरकर अपने हक से पीछे हटेगा.

ट्रंप का दावा: 'बहुत जल्द खत्म होगी जंग'

एक तरफ जहां ईरान कड़े तेवर दिखा रहा है तो वहीं दूसरी तरफ अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अलग ही दावा किया है. केंटकी में एक रैली में ट्रंप ने दावा किया कि ईरान के साथ चल रहा यह युद्ध 'बहुत जल्द' खत्म होने वाला है. उन्होंने अमेरिकी सैन्य हमलों की तारीफ में कहा, इन हमलों ने ईरान की परमाणु क्षमता को भारी नुकसान पहुंचाया है. जैसे ही युद्ध खत्म होगा, अमेरिका में पेट्रोल-डीजल के दाम पहले से भी काफी नीचे आ जाएंगे.

ईरान ने रखीं ये 3 शर्तें

  1. ईरानी बंदरगाहों पर लगी अमेरिकी नौसैनिक नाकेबंदी को तुरंत हटाया जाए.
  2. ईरानी तेल निर्यात पर लगे सभी अमेरिकी प्रतिबंध खत्म किए जाएं.
  3. पूरे क्षेत्र के सभी मोर्चों पर जारी सैन्य आक्रामकता को पूरी तरह रोका जाए.

आखिर पेच फंसा कहां है?

सबसे बड़ा सवाल ये है कि अमेरिका और ईरान के बीच पेच कहां फंसा है? दरअसल, दोनों देशों के बीच बातचीत का सबसे बड़ा रोड़ा यह है कि शुरुआत कहां से हो. अमेरिका चाहता है कि बातचीत की टेबल पर सबसे पहले ईरान के न्यूक्लियर प्रोग्राम को लाया जाए. इसे लेकर अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने हाल ही में साफ कहा था, 'युद्ध खत्म करने के लिए ईरान को अपने यूरेनियम संवर्धन (एनरिचमेंट) को काफी हद तक घटाना होगा.' ईरान अपनी बात पर अड़ा है. ईरान का कहना है, पहले होर्मुज जलमार्ग को खोलने और समुद्री सुरक्षा पर बात होगी, बाकी मुद्दे बाद में.

क्यों अहम है होर्मुज जलडमरूमध्य?

होर्मुज जलडमरूमध्य दुनिया का सबसे अहम समुद्री तेल मार्ग है, जो फारस की खाड़ी को ओमान की खाड़ी और अरब सागर से जोड़ता है. दुनिया की करीब 25% एलएनजी (गैस) सप्लाई इसी रास्ते होती है. इसके अलावा सऊदी अरब, ईरान, इराक, कुवैत और यूएई जैसे बड़े खाड़ी देश अपना ज्यादातर तेल और गैस इसी रूट से भेजते हैं.

ये भी पढ़ें: भारत के लिए जरूरी या अमेरिका की मजबूरीः रूसी तेल पर ट्रंप के यू-टर्न की क्या है वजह? रुबियो ने किया खुलासा

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

पत्रकारिता में 9 साल से सक्रिय भूपेंद्र कुमार राय Zee News में सीनियर सब एडिटर के तौर पर न्यूज टीम का हिस्सा हैं, देश विदेशी की खबरें कवर करते हैं. 2017 में ETV Bharat (हैदराबाद) से करियर की शुरुआत करने के बाद वे 2020 में Zee News पहुंचे, जहां 2022 तक काम किया. 2023 में News24 की स्पोर्ट्स टीम को लीड करने का मौका मिला. इसके बाद India Daily Live में बतौर चीफ सब एडिटर स्पोर्ट्स टीम के साथ जुड़े. 2024 में दोबारा News24 लौटे और नई स्पोर्ट्स वेबसाइट लॉन्चिंग का अहम हिस्सा रहे. अक्टूबर 2025 में News24 से अलविदा लेकर एक बार फिर Zee News पहुंचे हैं. खेलों में गहरी रुचि रखते हैं और क्रिकेट वर्ल्ड कप, एशियन गेम्स, ओलंपिक गेम्स, हॉकी वर्ल्ड कप समेत बड़े खेल इवेंट को कवर करने का अनुभव है. ब्रेकिंग न्यूज, क्रिकेट एनालिसिस और किस्से-कहानियों पर अच्छी पकड़ है. जी न्यूज में खेल से जुड़ी खबरों के बाद अब न्यूज टीम के साथ रियलटाइम न्यूज पर काम कर रहे हैं. एक्सप्लेनर और किसी भी मुद्दे पर रिसर्च के साथ उसे आसान भाषा में पाठकों तक पहुंचा रहे हैं. आप Bhoopendra.Rai@zeemedia.com पर सीधे ईमेल या फिर नीचे X और Facebook से जुड़ सकते हैं.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES