)
ईरान को कमजोर करने से जुड़े अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के दावों की एक बार फिर हवा निकल गई है. 28 फरवरी, 2026 को तेहरान पर इजरायल-अमेरिका हमले के साढ़े आठ महीनों बाद भी ईरान चट्टान के माफिक मजबूती दिखाते हुए सुपरपावर अमेरिका की आखों में आंखें डालकर मैदान में डटा हुआ है. दर्जनों बार ईरान की सेना को बर्बाद करने का दावा कर चुके ट्रंप की खिल्ली इस बार ईरान ने नहीं बल्कि अमेरिकी एजेंट्स की उस खुफिया रिपोर्ट की वजह से उड़ रही है, जिसमें दावा किया गया है कि अब भी ईरान के हथियारों के जखीरे में ढाई हजार मिसाइलें मौजूद हो सकती हैं.
अमेरिकी सीक्रेट एजेंसी के हवाले से आई इस जानकारी के बाद ट्रंप के उन दावों पर सवाल खड़े हो रहे हैं, जिनमें कहा जा रहा था कि अमेरिका और इजरायल के महीनों चले सैन्य अभियान ने ईरान की सैन्य क्षमता को काफी हद तक खत्म कर दिया है.
अमेरिकी खुफिया आकलन के अनुसार, ईरान के पास अभी भी 1,500 से 2,500 मिसाइलों का भंडार हो सकता है. ये अनुमान ईरान के सैन्य ढांचे और मिसाइल क्षमता पर अमेरिका और इजरायल के महीनों चले हमलों के बावजूद लगाया गया है.
इजरायली सैन्य अधिकारियों का भी अनुमान है कि ईरान के पास 1,500 से ज्यादा बैलिस्टिक मिसाइलें हैं. हालांकि, अलग-अलग आकलनों में ईरान के पास बची मिसाइलों की संख्या अलग-अलग बताई गई है.
अमेरिकी अधिकारियों ने WSJ को बताया कि इस आंकड़े को लेकर अभी पूरी तरह निश्चित नहीं हुआ जा सकता. इसकी वजह यह है कि खुफिया एजेंसियों के लिए यह पता लगाना मुश्किल है कि ईरान के कितनी मिसाइलें तुरंत लॉन्च करने की स्थिति में हैं और कितनी मिसाइलें अभी स्टॉक में बची हैं.
इस आकलन से ट्रंप प्रशासन के उन दावों पर सवाल उठते हैं, जिनमें कहा गया था कि ईरान की सैन्य क्षमता को काफी हद तक तबाह कर दिया गया है. ऑपरेशन एपिक फ्यूरी शुरू होने के बाद व्हाइट हाउस ने दावा किया था कि ईरान के रक्षा औद्योगिक ढांचे का 85 फीसदी से ज्यादा हिस्सा नष्ट कर दिया गया है. वहीं ट्रंप भी लगातार रट लगाए थे कि ईरान की नेवी और एयरफोर्स पूरी तरब तबाह और बर्बाद हो चुकी है.
व्हाइट हाउस प्रशासन से लेकर पेंटागन तक सब एक सुर में कह रहे थे कि ईरान के बैलिस्टिक मिसाइल भंडार और मिसाइल बनाने की क्षमता को भी लगभग खत्म कर दिया गया है.
ट्रंप ने जब-जब ईरान को धमकी थी, तब-तब उसने अपने दूतावासों के सोशल मीडिया हैंडल्स का बखूबी इस्तेमाल करके सीधे ट्रंप पर तंज कसा.
अब अमेरिकी खुफिया रिपोर्ट में ईरान के पास बड़ी संख्या में मिसाइलें बची होने की बात ने कुछ लोगों की चिंता बढ़ा दी है.