)
किसी बड़े शहर में अच्छी नौकरी और बेहतर सुविधाओं के बीच जिंदगी बिताना आसान हो सकता है, लेकिन अश्कर ने कुछ अलग करने का फैसला किया. केरल के मलप्पुरम जिले के रहने वाले 29 साल के अश्कर आज अरुणाचल प्रदेश के शि-योमी जिले के कारो गांव में बच्चों को पढ़ा रहे हैं. यह गांव भारत-चीन सीमा के काफी करीब बसा है.
अपने घर से करीब 3 हजार किलोमीटर दूर इस इलाके में पहुंचने के पीछे उनका मकसद सिर्फ नौकरी करना नहीं था. वह उन बच्चों तक शिक्षा पहुंचाना चाहते थे, जिनके लिए अच्छे स्कूल और पढ़ाई के साधन जुटाना आज भी आसान नहीं है. बच्चों से लगाव के कारण उन्होंने रूस जाकर आगे की पढ़ाई करने का सपना भी छोड़ दिया. सोशल मीडिया पर उनकी फोटो और वीडियो वायरल होते रहते हैं.
अश्कर ने पंजाब सेंट्रल यूनिवर्सिटी से एमए किया और इसके बाद पुडुचेरी से बीएड की पढ़ाई पूरी की. फिर वह मेघालय की नॉर्थ-ईस्टर्न हिल यूनिवर्सिटी (NEHU), शिलॉन्ग में एमएड करने पहुंचे. यहीं उन्हें नॉर्थ-ईस्ट के अलग-अलग इलाकों और वहां रहने वाले लोगों को करीब से समझने का मौका मिला. इसी दौरान उनके मन में दूरदराज के गांवों में जाकर बच्चों को पढ़ाने का विचार आया. उन्होंने तय कर लिया कि पढ़ाई पूरी करने के बाद वह ऐसी जगह काम करेंगे, जहां शिक्षकों और शिक्षा की ज्यादा जरूरत है.
एमएड की पढ़ाई पूरी करने के बाद अश्कर ने करीब डेढ़ साल तक जम्मू-कश्मीर के पुंछ में भी बच्चों को पढ़ाया. इसी दौरान उन्हें सनबर्ड ट्रस्ट नाम के एनजीओ के काम के बारे में पता चला. संस्था के काम से प्रभावित होकर उन्होंने अरुणाचल प्रदेश जाने का फैसला किया. अश्कर का मानना था कि बड़े शहरों में पढ़ाने के लिए कई लोग मिल जाएंगे, लेकिन दूरदराज के गांवों में बच्चों को पढ़ाने के लिए आगे आने वाले लोग कम हैं. इसी सोच के साथ वह कारो गांव पहुंच गए.
कारो गांव के नेताजी सुभाष चंद्र बोस आवासीय स्कूल में अश्कर पिछले दो साल से पढ़ा रहे हैं. यह स्कूल 1975 में शुरू हुआ था. जब सनबर्ड ट्रस्ट ने यहां काम करना शुरू किया, तब स्कूल में 40 से भी कम बच्चे पढ़ते थे. अब इनकी संख्या बढ़कर 102 हो गई है. यहां पहली से पांचवीं कक्षा तक पढ़ाई होती है. स्कूल के हॉस्टल में 60 बच्चों के रहने की क्षमता है, लेकिन फिलहाल 62 बच्चे यहां रहकर पढ़ाई कर रहे हैं. स्कूल में कुल 18 लोग काम करते हैं. इनमें सनबर्ड ट्रस्ट के 5 सदस्य, 7 सरकारी शिक्षक और 6 सपोर्ट स्टाफ के लोग शामिल हैं.
इस स्कूल में पढ़ाना किसी बड़े शहर के स्कूल जैसा नहीं है. यहां स्मार्ट क्लास और डिजिटल सुविधाओं की कमी है. इंटरनेट भी ठीक से काम नहीं करता. ऐसे में अश्कर ने बच्चों को पढ़ाने के लिए आसपास के माहौल को ही सीखने का जरिया बना लिया. वह बच्चों को नेचर वॉक पर ले जाते हैं और अलग-अलग एक्टिविटी कराते हैं. उनका मानना है कि किताबों में बच्चे पहाड़, पेड़-पौधे और जंगलों के बारे में पढ़ते हैं, लेकिन कारो गांव में ये सारी चीजें उनके सामने मौजूद हैं. ऐसे में उन्हें बाहर ले जाकर समझाना ज्यादा आसान और मजेदार होता है.
कारो गांव में रोजमर्रा की जिंदगी आसान नहीं है. यहां खराब सड़कें, लैंडस्लाइड, इंटरनेट की कमी और बिजली की समस्या आम है. बारिश के मौसम में रास्तों पर आवाजाही भी मुश्किल हो जाती है. अश्कर बताते हैं कि पहले स्कूल बिजली के लिए जनरेटर पर निर्भर था. बाद में सनबर्ड ट्रस्ट ने यहां सोलर पैनल लगवाए. इसके बावजूद गांव में बिजली की नियमित सप्लाई नहीं है. छोटे बच्चे कई बार रात में सोलर लैंप की रोशनी में बैठकर पढ़ाई करते हैं.
अश्कर कहते हैं कि वह यहां बच्चों को पढ़ाने आए थे, लेकिन इन बच्चों ने खुद उन्हें जिंदगी के कई जरूरी सबक सिखा दिए. सुविधाओं की कमी के बावजूद बच्चों का खुश और पॉजिटिव रहना उन्हें काफी प्रभावित करता है. कड़ाके की ठंड में लकड़ियां इकट्ठा करना हो या पहाड़ी खेतों में काम करना, बच्चे हर जिम्मेदारी को हंसते हुए निभाते हैं. अश्कर के अनुसार, इन बच्चों को देखकर उन्होंने समझा कि खुश रहने के लिए बहुत सारी सुविधाओं का होना जरूरी नहीं है.
अश्कर के मन में आगे की पढ़ाई के लिए इस साल रूस जाने का विचार था. लेकिन कारो गांव में बच्चों के साथ बिताए समय और उनसे बने जुड़ाव ने उनका फैसला बदल दिया. उन्होंने रूस जाने का प्लान छोड़ दिया और फिलहाल यहीं रहकर बच्चों को पढ़ाने का फैसला किया. अश्कर की कहानी सिर्फ एक टीचर के दूर गांव में जाकर पढ़ाने की नहीं है. यह उस लगाव की भी कहानी है, जो धीरे-धीरे एक शिक्षक को अपने छात्रों और उनकी दुनिया से जोड़ देता है. वह यहां बच्चों को पढ़ाने पहुंचे थे, लेकिन अब खुद मानते हैं कि इस सफर में सीखने का मौका उन्हें भी लगातार मिल रहा है.