)
ईरान, घायल है इसलिए घातक है. ये दावा अमेरिका की खुफिया एजेंसियों के सीक्रेट एजेंट्स ने किया है. अमेरिकी खुफिया विभाग के हालिया आकलन के मुताबिक तेहरान में बैठे लोग अब अमेरिका की राजधानी वॉशिंगटन डीसी को दहलाने की साजिश रच रहे हैं. उनका ये भी मानना है कि राष्ट्रपति ट्रंप को छूना मुश्किल है, इसलिए उनके करीबी और व्हाइट हाउस प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों को निशाना बनाकर उन पर हमला हो सकता है. अमेरिकी खुफिया एजेंसियों के इनपुट के मुताबिक ईरान इस काम के लिए डर्टी बम या फिर केमिकल बम से हमले करवा सकता है.
अमेरिकी सुरक्षा अधिकारियों की रिपोर्ट में राजधानी वॉशिंगटन के कुछ संभावित ठिकानों और वहां किसे टारगेट किया जा सकता है उसका भी जिक्र किया गया है.
इसके बाद अमेरिकी एजेंसियों ने किसी संभावित हमले से निपटने की तैयारियां बढ़ा दी हैं. हालांकि खुफिया अधिकारियों ने साफ किया है कि उनके आंकलन का सीधा मतलब यह नहीं है कि ईरान ने हमला करने का फैसला कर ही लिया है या कोई हमला जल्द होने वाला है. व्हाइट हाउस ने कहा है कि सरकार सभी संभावित खतरों पर नजर रख रही है, लेकिन चिंता करने जैसी कोई बात नहीं है.
सीएनएन में प्रकाशित एक रिपोर्ट के मुताबिक, पिछले एक हफ्ते में संभावित खतरे से निपटने के उपायों पर अमेरिका के वरिष्ठ अधिकारियों की कई बैठकें हो चुकी हैं. क्योंकि ईरान अपने खिलाफ अमेरिका की लगातार जारी सैन्य और आर्थिक कार्रवाई के बीच संघर्ष को खाड़ी क्षेत्र से आगे अमेरिकी धरती तक ले जाने के विकल्पों पर विचार कर रहा है. हालांकि अभी ये भी साफ नहीं है कि ईरान के पास इस तरह की कार्रवाई को अंजाम देने के लिए जरूरी लोग और ऑपरेशनल क्षमता मौजूद है भी या नहीं.
तत्काल खतरा नहीं, फिर भी चिंता की बात ये है कि अमेरिकी एजेंट्स को मिली खुफिया जानकारी में ईरानी संचार के कुछ ऐसे संकेत मिलने की बात कही गई है, जिनसे ये आशंका है कि बम बनाने की सामग्री अमेरिका के भीतर पहुंचाई गई हो सकती है. हालांकि अधिकारी इस जानकारी की विश्वसनीयता को लेकर अभी किसी एक नतीजे पर नहीं पहुंचे हैं, यानी उनकी राय में मतभेद बना हुआ है,
कुछ अधिकारियों को यह भी आशंका है कि रेडियोधर्मी सामग्री या रासायनिक एजेंट अमेरिका में पहले से मौजूद हो सकते हैं, जिनका इस्तेमाल हमले में किया जा सकता है. लेकिन ईरान के पास ऐसी कार्रवाई करने की वास्तविक क्षमता कितनी है, इस पर भी अभी असमंजस की स्थिति है.
अमेरिकी खुफिया आकलन के मुताबिक, ईरान पहले भी मौजूदा और पूर्व अमेरिकी अधिकारियों को निशाना बनाने की कथित कोशिशों से जुड़ा रहा है. जिसमें 2024 में डोनाल्ड ट्रंप की हत्या के लिए कथित तौर पर सुपारी देने की साजिश भी शामिल थी.
डर्टी बम एक सामान्य विस्फोटक उपकरण होता है, जिसके साथ रेडियम या यूरेनियम जैसी रेडियोधर्मी सामग्री जोड़ी जाती है. धमाके के बाद यह खतरनाक सामग्री आसपास के इलाकों में फैल कर वहां की हवा और पानी को जहरीला बना सकती है.
इसमें परमाणु बम जैसा बड़ा परमाणु धमाका नहीं होता. तत्काल नुकसान मुख्य रूप से विस्फोट से होता है, जबकि रेडियोधर्मी पदार्थ बाद में स्वास्थ्य और सुरक्षा से जुड़ी गंभीर समस्या पैदा कर सकते हैं. चूंकि ईरान के पास यूरेनियम है, इसलिए अमेरिकी अधिकारी इसे चिंता का विषय मान रहे हैं.