)
कुंडली के ज्योतिषीय विश्लेषण के दौरान ज्योतिषाचार्य के मुंह से उच्च का ग्रह, नीच का ग्रह, कमजोर ग्रह, मजबूत ग्रह जैसे शब्द तो जरूर सुने होंगे. अक्सर आम लोगों को इन शब्दों के मतलब समझ में नहीं आते हैं, जबकि इनका कुंडली के जरिए आपकी जिंदगी पर काफी असर पड़ता है. क्योंकि कुंडली में ग्रहों की स्थिति से ही व्यक्ति के भविष्यफल की गणना की जाती है. आइए आज सरल भाषा में इन शब्दों के मतलब और असर समझते हैं.
उच्च ग्रह : कुंडली में जब कोई ग्रह अपनी पसंदीदा राशि में होता है तो उसे उच्च का ग्रह कहते हैं.
प्रभाव : ग्रह का उच्च स्थिति में होना ग्रह का सकारात्मक प्रभाव बढ़ा देता है.
नीच ग्रह: कुंडली में जब कोई ग्रह अपनी प्रतिकूल या दुश्मन ग्रह वाली राशि में होता है तो उसे नीच का ग्रह कहते हैं.
प्रभाव : ग्रह का नीच स्थिति में होना उसे कमजोर कर देता है, जिससे वह व्यक्ति को नकारात्मक फल देता है, संघर्ष-रुकावटें, कष्ट देता है.
शुभ ग्रह : हर ग्रह का संबंध जीवन के किसी न किसी क्षेत्र से होता है. उसके आधार पर ज्योतिष में कुछ ग्रहों को शुभ या सौम्य ग्रहों की श्रेणी में रखा गया है. जैसे - गुरु ग्रह, जो कि जीवन में शांति, ज्ञान, सुख देते हैं. धन-समृद्धि, प्रेम और भौतिक सुख के कारक ग्रह शुक्र को भी शुभ माना जाता है.
प्रभाव: कुंडली में गुरु शुक्र की शुभ स्थिति व्यक्ति को धन, सुख, ऐश्वर्य देती है, उसे ज्ञानी बनाती है.
क्रूर ग्रह : ऐसे ग्रह जो कठोर स्वभाव वाले होते हैं, उन्हें क्रूर ग्रह कहते हैं. जैसे- शनि, सूर्य, मंगल, राहु-केतु.
प्रभाव : ये ग्रह शुभ फल भी देते हैं, लेकिन इनका अशुभ स्थिति में होना जीवन में भारी कष्ट, समस्याएं और संघर्ष देता है.
छाया ग्रह : ज्योतिष में राहु और केतु ग्रह को छाया ग्रह या मायावी ग्रह कहा गया है. क्योंकि इन ग्रहों का कोई भौतिक आकार नहीं है, बल्कि ये सूर्य और चंद्रमा के परिक्रमा पथ के कटान बिंदु हैं. लेकिन ज्योतिष में इन ग्रहों को बहुत महत्व दिया गया है क्योंकि वे जिस ग्रह या भाव में बैठते हैं, उसी के अनुसार फल देते हैं.
प्रभाव: ये दोनों ग्रह जीवन में अचानक बड़े उतार-चढ़ाव लाते हैं.
ग्रह का नाम उच्च राशि नीच राशि
सूर्य मेष तुला
चंद्रमा वृष वृश्चिक
मंगल मकर कर्क
बुध कन्या मीन
बृहस्पति कर्क मकर
शुक्र मीन कन्या
शनि तुला मेष
राहु-केतु वृषभ/मिथुन वृश्चिक/धनु
(Disclaimer- यहां दी गई जानकारी सामान्य मान्यताओं और ज्योतिष शास्त्र पर आधारित है. ZEE NEWS इसकी पुष्टि नहीं करता है. किसी भी निष्कर्ष या उपाय पर अमल करने से पहले संबंधित विशेषज्ञ की सलाह अवश्य लें.)