App

नौकरानी के ठाठ देख पुलिस रह गई हैरान: कैब से सफर, महंगी ट्रिप और घर में दो नौकरानियां; लग्जरी लाइफस्टाइल ने खोला चोरी का राज

कोलकाता में एक बैंक मैनेजर के घर से 50 लाख रुपये के सोने के गहने चुराने के आरोप में नौकरानी रूपा सांत्रा और उसके लिव-इन पार्टनर उत्तम मंडल को गिरफ्तार किया गया है. पुलिस को नौकरानी की लग्जरी लाइफस्टाइल से शक हुआ. वह रोज कैब से सफर करती थी, महंगी ट्रिप पर जाती थी और खुद किराये के फ्लैट में रहते हुए भी दो नौकरानियां रखी हुई थीं.

नौकरानी के ठाठ देख पुलिस रह गई हैरान: कैब से सफर, महंगी ट्रिप और घर में दो नौकरानियां; लग्जरी लाइफस्टाइल ने खोला चोरी का राज
Image Credit: प्रतिकात्मक AI इमेज | नौकरानी के शाही ठाठ ने खोल दिया 50 लाख के गहनों की चोरी का राज!

दक्षिण कोलकाता के हरिदेवपुर इलाके में चोरी का यह मामला सामने आया है. यहां एक बैंक मैनेजर के घर से करीब 50 लाख रुपये के सोने के गहने चोरी हो गए. परिवार को इसकी जानकारी तब हुई, जब अक्टूबर की शुरुआत में उन्होंने अलमारी खोली और लॉकर में रखे गहने गायब मिले.

घर में दो नौकरानियां काम करती थीं. इनमें से रूपा सांत्रा पिछले करीब पांच साल से परिवार के यहां काम कर रही थी. गहने गायब मिलने के बाद परिवार ने पुलिस से शिकायत की. इसके बाद हरिदेवपुर थाने की पुलिस ने मामले की जांच शुरू की.  

पूछताछ में दोनों ने चोरी से किया इनकार

शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने घर में काम करने वाली दोनों नौकरानियों से पूछताछ की. हालांकि, दोनों ने चोरी में शामिल होने से इनकार कर दिया. ऐसे में पुलिस ने जल्दबाजी करने के बजाय घर में काम करने वाली दोनों नौकरानियों पर नजर रखनी शुरू कर दी. पुलिस दोनों नौकरानियों की रोजमर्रा की गतिविधियों को ट्रैक करती थी. जांच के दौरान पुलिस को दोनों की लाइफस्टाइल में बड़ा अंतर दिखाई दिया. दूसरी नौकरानी आमतौर पर बस से अपने घर लौटती थी, जबकि रूपा रोजाना कैब से आती-जाती थी. इसी अंतर के कारण पुलिस का ध्यान उसकी कमाई और खर्चों की तरफ गया.

पति-बच्चों से अलग लिव-इन पार्टनर के साथ रहती थी

पुलिस की जांच में पता चला कि रूपा अपने पति और बच्चों को छोड़कर उत्तम मंडल नाम के शख्स के साथ किराये के फ्लैट में रह रही थी. उत्तम भी अपनी पत्नी और बच्चों से अलग रहता था. दोनों के रहन-सहन और खर्चों को लेकर पुलिस ने जानकारी जुटानी शुरू की. जांच आगे बढ़ी तो पता चला कि दोनों पिछले कुछ महीनों में कई बार घूमने भी गए थे. वे किराये की कार से मंदारमणि गए थे. इसके अलावा दोनों के तारापीठ और पुरी जाने की जानकारी भी सामने आई.

अपने घर में ही रख रखी थीं दो नौकरानियां

इस मामले की जांच करते हुए पुलिस को सबसे ज्यादा हैरानी तब हुई, जब रूपा के घर से जुड़ी एक और जानकारी सामने आई. बताया गया कि वह अपने किराये के घर में भी दो नौकरानियां रखती थी और उन्हें अच्छा पेमेंट देती थी. दूसरी तरफ, पुलिस के ने बताया कि उत्तम का कोई रेगुलर काम भी नहीं था. ऐसे में दोनों के खर्चों और कमाई के बीच का अंतर जांच का अहम हिस्सा बन गया. पुलिस को शक हुआ कि उनकी इस लाइफस्टाइल के पीछे कोई दूसरा जरिया हो सकता है.

गहने गलवाकर बनवा रहे थे नए गहने

जांच के दौरान पुलिस को एक अहम सुराग मिला. पता चला कि उत्तम ने हाल ही में एक दुकान पर पुराने सोने के गहने गलवाकर नए गहने बनवाए थे. इस जानकारी के बाद पुलिस का शक और गहरा गया. इसके बाद पुलिस ने रूपा और उत्तम के घर की तलाशी ली. तलाशी के दौरान वहां से बड़ी मात्रा में सोने के गहने और नकदी बरामद हुई. पुलिस को आशंका है कि बरामद सामान का संबंध बैंक मैनेजर के घर से चोरी हुए गहनों से है.

डेढ़ महीने की जांच के बाद दोनों गिरफ्तार

करीब डेढ़ महीने तक चली जांच के बाद पुलिस ने रूपा सांत्रा और उसके लिव-इन पार्टनर उत्तम मंडल को गिरफ्तार कर लिया. पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान दोनों ने चोरी की बात स्वीकार की है. आरोप है कि रूपा बैंक मैनेजर के घर से धीरे-धीरे गहने निकालकर उत्तम को देती थी. इसके बाद उत्तम कुछ गहने बेच देता था, जबकि बाकी को गलवाकर नए गहने तैयार करवाता था. पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि चोरी के कुल गहनों में से कितने बरामद हुए हैं और कितने बेचे जा चुके हैं.

लग्जरी लाइफस्टाइल ने बढ़ाया पुलिस का शक

इस मामले में सबसे दिलचस्प पहलू यह रहा कि पुलिस को शुरुआत में चोरी का कोई साफ सुराग नहीं मिला था. दोनों नौकरानियों ने भी आरोपों से इनकार कर दिया था. लेकिन जांच के दौरान रूपा के खर्च करने के तरीके और उसकी लाइफस्टाइल ने पुलिस का ध्यान खींचा. फिलहाल पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है. जांच में यह भी पता लगाया जा रहा है कि चोरी के गहनों को कहां-कहां बेचा गया और उनसे मिली रकम का इस्तेमाल किस तरह किया गया. एक बैंक मैनेजर के घर से शुरू हुई यह जांच अब नौकरानी और उसके पार्टनर की कथित महंगी जीवनशैली तक पहुंच गई है.

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

Santosh Kumar Mishra

Santosh Kumar Mishra

संतोष मिश्रा जी न्यूज में सब एडिटर के तौर पर कार्यरत हैं. वह पिछले 4.5 वर्षों से डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय हैं. ट्रैवल, फीचर, ऑफबीट, ट्रेंडिंग और वायरल खबरों के साथ-साथ टेक और साइंस से जुड़ी खबरों में भी उनकी विशेष विशेषज्ञता है. उनकी खबरें अपनी विश्वसनीयता और सटीक जानकारी के लिए जानी जाती हैं. आसान और सहज भाषा में लिखे गए उनके कंटेंट को पाठक काफी पसंद करते हैं. सोशल मीडिया की दुनिया (Instagram, X, Reddit, Threads और Facebook) पर उनकी अच्छी पकड़ है. वह ट्रेंडिंग विषयों पर लगातार नजर रखते हैं और फ्रेश व यूनिक खबरें पाठकों तक पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं. संतोष मिश्रा इससे पहले News Nation और India Ahead जैसे प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में भी काम कर चुके हैं. उन्होंने बुंदेलखंड विश्वविद्यालय से मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएशन (PG) किया है.
Read More