App

वेलिंगटन में न्यूजीलैंड से टक्कर: 4 तेज गेंदबाजों के साथ उतरेंगे शुभमन गिल, क्या प्लेइंग-11 में नहीं रहेंगे मोहम्मद सिराज?

भारतीय कप्तान शुभमन गिल ने न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले टेस्ट मैच को लेकर तैयारियों पर चर्चा की. उन्होंने प्रेस कॉन्फ्रेंस में तेज गेंदबाजों और ऋषभ पंत को लेकर भी बयान दिए और कहा कि टीम मुकाबले के लिए पूरी तरह तैयार है.

वेलिंगटन में न्यूजीलैंड से टक्कर: 4 तेज गेंदबाजों के साथ उतरेंगे शुभमन गिल, क्या प्लेइंग-11 में नहीं रहेंगे मोहम्मद सिराज?
Image Credit: शुभमन गिल, मोहम्मद सिराज और जसप्रीत बुमराह. Picture Credit- X/@BCCI/@ICC

भारत और न्यूजीलैंड के बीच दो टेस्ट मैचों की सीरीज गुरुवार (19 नवंबर) को शुरू होने वाली है. मुकाबले से दो दिन पहले भारतीय कप्तान शुभमन गिल ने प्लेइंग-11 को लेकर बड़ी जानकारी दी है. उन्होंने साफ-साफ कहा है कि टीम इंडिया वेलिंगटन में होने वाले टेस्ट मैच में चार तेज गेंदबाजों के साथ उतरेगी. इसके अलावा गिल ने विकेटकीपर-बल्लेबाज ऋषभ पंत को लेकर चल रहे सस्पेंस को भी खत्म करते हुए कहा कि उन्हें लेकर टीम में कोई संदेह नहीं है. उनके कहने के बाद यह तय हो गया है कि लंबे समय से चोटिल चल रहे पंत इस मुकाबले में खेलने के लिए तैयार हैं.

कप्तान गिल ने मंगलवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में कन्फर्म किया कि भारत पहले टेस्ट में चार तेज गेंदबाजों के साथ उतरेगा और दो मैचों की सीरीज में जसप्रीत बुमराह पेस अटैक की कमान संभालेंगे. प्लेइंग इलेवन में जगह बनाने के लिए कई खिलाड़ियों के बीच मुकाबला होने के कारण भारत अभी तक अपने आखिरी कॉम्बिनेशन पर फैसला नहीं कर पाया है. हालांकि, गिल ने साफ किया कि टीम चार खिलाड़ियों वाले पेस अटैक के साथ ही खेलना चाहती है, क्योंकि हाल के महीनों में उनके तेज गेंदबाजों के प्रदर्शन से टीम को बढ़ावा मिला है.

तेज गेंदबाजों ने बढ़ाया सिरदर्द?

गिल ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, ''हम पक्का चार फास्ट बॉलर खिलाएंगे. हमारे सभी तेज गेंदबाजों ने अच्छा प्रदर्शन किया है और यह एक अच्छी सिरदर्दी है. वनडे सीरीज में तेज गेंदबाजों ने अच्छा प्रदर्शन किया है. हम अभी भी फाइनल कॉम्बिनेशन पर फैसला कर रहे हैं, लेकिन हम चार तेज गेंदबाजों के साथ खेलेंगे.'' भारतीय टीम में इस समय जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद सिराज, आकाश दीप, प्रसिद्ध कृष्णा, अंशुल कंबोज और गुरनूर बरार हैं. बैकअप के तौर पर अर्शदीप सिंह भी रुके हैं.

तेज गेंदबाजों के दावेदार कौन-कौन?

टीम इंडिया ने न्यूजीलैंड के मौजूदा दौरे पर टी20 और वनडे सीरीज में जीत हासिल की है. इन दो सीरीज के दौरान युवा तेज गेंदबाजों ने जोरदार प्रदर्शन किया था और गिल इससे काफी खुश हैं. प्लेइंग-11 में जसप्रीत बुमराह का नाम तय है. उनके बाद तीन तेज गेंदबाजों के लिए सिराज, आकाश, प्रसिद्ध, अंशुल और गुरनूर के बीच टक्कर है. रवींद्र जडेजा का बतौर स्पिनर ऑलराउंडर खेलना तय है.

टीम में होंगे सात बल्लेबाज: गिल

गिल ने बल्लेबाजी को लेकर कहा कि हम प्लेइंग-11 को फाइनल करने से पहले अपने बल्लेबाजी विकल्प पर विचार कर रहे हैं. सात विशेषज्ञ बल्लेबाज के साथ उतर सकते हैं और टीम को निचले क्रम में भी बैटिंग करने वालों की आवश्यकता होगी. उन्होंने कहा, ''हमारी टीम में सात बल्लेबाज होंगे. आठवें और नौवें नंबर पर हमारे पास अंशुल और आकाश हैं, जो थोड़ी बहुत बल्लेबाजी कर सकते हैं. हम अभी भी इसे तय कर रहे हैं. नीतीश कुमार रेड्डी बल्लेबाजी कर सकते हैं. हमें यह भी ध्यान रखना होगा कि गेंद कब पुरानी हो जाती है, इसलिए हमें कोई ऐसा चाहिए जो पिच पर गेंद को हिट कर सके.''

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Rohit Raj

Rohit Raj

रोहित राज एक दशक से पत्रकारिता में सक्रिय हैं. दैनिक जागरण से करियर की शुरुआत करने वाले रोहित ईटीवी, दैनिक भास्कर, जनसत्ता और अमर उजाला से होते हुए जी न्यूज के हिंदी डिजिटल में चीफ सब एडिटर हैं और स्पोर्ट्स टीम को लीड करते हैं. रोहित कई एक्सक्लूसिव खबरें और एथलीट्स का इंटरव्यू कर चुके हैं. पत्रकारिता में 40 अंडर 40 अवॉर्ड विजेता हैं. खेलों में ज्यादा रुचि रखते हैं और क्रिकेट वर्ल्ड कप, फीफा वर्ल्ड कप, हॉकी वर्ल्ड कप, वर्ल्ड पैरा एथलेटिक्स चैंपियनशिप 2025 और अन्य खेलों के बड़े-बड़े इवेंट को करने का अनुभव रखते हैं. ब्रेकिंग न्यूज, एनालिसिस और किस्से-कहानियों पर पकड़ है. क्रिकेट के अलावा हर खेलों को आसान भाषा में लोगों तक पहुंचाने की कोशिश में लगे रहते हैं.
Read More