App

स्नैपचैट और गेमिंग ऐप पर फर्जी पहचान बनाकर 70 बच्चियों को बनाया शिकार, भारतीय मूल के छात्र को UK कोर्ट ने दी 30 साल की सख्त सजा

आरोपी का नाम बिलाल काजी है, जिसे 30 साल की जेल हुई है. ब्रिटिश अधिकारियों ने उसे सीरियल ऑनलाइन ग्रूमर नाम दिया है.

स्नैपचैट और गेमिंग ऐप पर फर्जी पहचान बनाकर 70 बच्चियों को बनाया शिकार, भारतीय मूल के छात्र को UK कोर्ट ने दी 30 साल की सख्त सजा
Image Credit: आरोपी बिलाल काजी की फाइल फोटो...

ब्रिटेन में पढ़ने गए भारतीय मूल के एक छात्र ने बेहद शर्मनाक करतूत की है. इसके लिए वहां की अदालत ने उसे 30 साल जेल की सख्त सजा सुनाई है. आरोपी का नाम बिलाल काजी है, जिसकी उम्र 27 साल है. इसने सोशल मीडिया और गेमिंग ऐप्स पर 14 साल का किशोर बनकर कम से कम 70 नाबालिग लड़कियों को अपने प्यार के जाल में फंसाया. आरोपी पहले नाबालिंग लड़कियों का भरोसा जीतता, फिर उनसे उनकी निजी तस्वीरें और वीडियो मंगवाता और बाद में उन्हीं के जरिए उन्हें ब्लैकमेल करता था. 

शुक्रवार को कोर्ट ने इस मामले में उसे दोषी करार देते हुए 30 साल जेल की सजा सुनाई है. चेस्टर यूनिवर्सिटी में पढ़ने वाले बिलाल ने नाबालिग लड़कियों की आपत्तिजनक तस्वीरें मंगाने, उन्हें ब्लैकमेल करने और गलत हरकतों के लिए उकसाने समेत कुल 37 आरोपों में अपना गुनाह कबूल किया है.

'रीस' नाम से फर्जी आईडी बनाकर फंसाता था जाल में

ब्रिटिश अधिकारियों ने काजी को 'सीरियल ऑनलाइन ग्रूमर' बताया है. उसने अगस्त 2021 से अगस्त 2025 के बीच स्नैपचैट (Snapchat), रोब्लॉक्स (Roblox) और विंक (Wink) जैसे सोशल मीडिया और गेमिंग ऐप्स के जरिए 10 से 17 साल तक की नाबालिग लड़कियों को अपना शिकार बनाया. आरोपी काजी एक अनजान किशोर की फोटो का यूज करके खुद को 'रीस' (Reece) नाम का 14 साल का ब्रिटिश लड़का बताता था. इस फर्जी पहचान के जरिए वह नाबालिग लड़कियों का भरोसा जीतता और उन्हें यकीन दिलाता कि वे दोनों एक सच्चे रिलेशनशिप में हैं. बातचीत शुरू होने के बाद वह धीरे-धीरे लड़कियों से उनकी निजी और अश्लील तस्वीरें व वीडियो मांगने लगता था.

अश्लील तस्वीरों और वीडियो के जरिए करता था ब्लैकमेल

बीबीसी (BBC) की रिपोर्ट के मुताबिक, जब लड़कियां ऐसा करने से मना करतीं या हिचकिचातीं, तो वह उन्हें इमोशनल ब्लैकमेल करते हुए कहता कि 'प्यार करने वाले लोग आपस में ऐसा ही करते हैं'. इसके बाद वह धमकी देता कि अगर उन्होंने उसकी आगे की बात नहीं मानी, तो वह पहले भेजी गई तस्वीरें और वीडियो उनके दोस्तों और परिवार वालों को भेज देगा.

आरोप है कि उसने लड़कियों के सोशल मीडिया अकाउंट हैक कर लिए, उनकी निजी तस्वीरें और वीडियो उनके जान-पहचान वालों को भेज दिए और इंटरनेट पर भी डाल दिए. पुलिस अधिकारियों ने कोर्ट को यह भी बताया कि काजी स्नैपचैट पर चुपके से स्क्रीन रिकॉर्डिंग करके लड़कियों का वीडियो सेव कर लेता था और बाद में उसी के जरिए उन्हें डराकर ब्लैकमेल करता था.

कैसे खुला पूरा राज?

यह मामला काफी पुराना है. इसकी जांच साल 2021 में शुरू हुई थी, जब 13 साल की एक लड़की ने ब्रिटिश पुलिस से संपर्क किया था. उसने पुलिस को बताया कि उसने स्नैपचैट पर काजी से बात करनी शुरू की थी, क्योंकि उसे लगा कि वह उसी की उम्र का एक लड़का है. जल्द ही उनकी बातचीत अश्लील बातों की तरफ मुड़ गई और काजी उससे गलत सवाल पूछने के साथ-साथ आपत्तिजनक तस्वीरें भेजने का दबाव बनाने लगा.

जुलाई 2021 में लड़की ने उससे कहा कि वह सिर्फ दोस्त बने रहना चाहती है और अब उसे तस्वीरें नहीं भेजेगी. इस पर काजी भड़क गया, उसने लड़की को गालियां दीं, भला-बुरा कहा और दावा किया कि वह उसकी 'प्रॉपर्टी' है. उसने धमकी दी कि अगर उसने बात नहीं मानी, तो वह पहले भेजी गई तस्वीरें वायरल कर देगा. तस्वीरें लीक होने के डर से लड़की मजबूरन उसे आपत्तिजनक तस्वीरें और वीडियो भेजती रही. बाद में उसका स्नैपचैट अकाउंट हैक कर लिया गया और वो तस्वीरें उसके दोस्तों को भेज दी गईं. इसके बाद नवंबर 2021 में लड़की ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई.

हीथ्रो एयरपोर्ट से हुई थी गिरफ्तारी

पुलिस ने लड़की की शिकायत पर जांच शुरू की. जांच के दौरान पता चला कि काजी का आखिरी पता चेस्टर में था, तो मामले की जांच ब्रिटेन की चेशायर पुलिस को सौंप दी गई. हालांकि उस वक्त तक वह शहर और यूनिवर्सिटी दोनों छोड़ चुका था, लेकिन 21 जुलाई 2023 को जैसे ही वह ब्रिटेन लौटा, पुलिस ने उसे हीथ्रो एयरपोर्ट से गिरफ्तार कर लिया.

70 पीड़ित लड़कियों की पहचान हुई

शुरुआती जांच में पुलिस को करीब 180 संभावित पीड़ित लड़कियों के बारे में पता चला था. इसके बाद एक्सपर्ट टीम ने काजी के मोबाइल और अन्य डिवाइस से मिले यूजरनेम व डेटा की बारीकी से जांच की. इस जांच के बाद ब्रिटेन के 45 पुलिस जोन में से 28 इलाकों की रहने वाली कुल 70 पीड़ित लड़कियों की पहचान हुई. घटना के वक्त इन सभी लड़कियों की उम्र 11 से 17 साल के बीच थी. पुलिस ने हर पीड़िता से संपर्क किया और उन्हें अपनी आपबीती बताने का मौका दिया.

जज ने क्या कहा?

इस केस में 13 नवंबर 2027 को काजी को सजा सुनाई गई. जज स्टीफन एवरेट ने उसे एक ऐसा 'यौन शिकारी' करार दिया, जिसने मासूम बच्चों को निशाना बनाने के लिए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म की कमजोर सुरक्षा का फायदा उठाया. जज ने कहा, 'मेरी समझ से बाहर है कि कोई भी इंसान उन छोटी बच्चियों के साथ ऐसा क्यों करेगा, जैसा तुमने किया.' उन्होंने कहा कि काजी ने सोशल मीडिया का गलत इस्तेमाल करके बच्चों से उनके अपने घरों के अंदर भी सुरक्षित महसूस करने का हक छीन लिया है.

जज एवरेट ने बेहद सख्त लहजे में कहा, 'तुम एक बहुत ही खतरनाक इंसान हो.' उन्होंने यह भी कहा कि काजी ने नाबालिगों के दिमाग में अपनी जगह बनाने और उनसे ऐसे गलत काम करवाने के लिए बेहद शातिर तरीके अपनाए, जिनके बारे में उन बच्चियों को कुछ पता तक नहीं था. जज ने साफ कहा कि उन्हें सजा कम करने लायक कोई भी वजह नजर नहीं आती और उन्होंने काजी के पछतावे पर भी शक जताया.

20 साल तक नहीं मिलेगी पैरोल

कोर्ट के आदेश के मुताबिक, काजी को पैरोल के लिए योग्य होने से पहले कम से कम 20 साल जेल में बिताने होंगे. उसका नाम उम्र भर के लिए यौन अपराधियों के रजिस्टर (Sex Offenders Register) में दर्ज रहेगा और अगर वह फ्यूचर में पैरोल पर बाहर आता भी है, तो अगले 8 साल तक उसे बेहद सख्त निगरानी और शर्तों के दायरे में रहना होगा.

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Bhoopendra Rai

Bhoopendra Rai

पत्रकारिता में 9 साल से सक्रिय भूपेंद्र कुमार राय Zee News में सीनियर सब एडिटर के तौर पर न्यूज टीम का हिस्सा हैं, देश विदेशी की खबरें कवर करते हैं. 2017 में ETV Bharat (हैदराबाद) से करियर की शुरुआत करने के बाद वे 2020 में Zee News पहुंचे, जहां 2022 तक काम किया. 2023 में News24 की स्पोर्ट्स टीम को लीड करने का मौका मिला. इसके बाद India Daily Live में बतौर चीफ सब एडिटर स्पोर्ट्स टीम के साथ जुड़े. 2024 में दोबारा News24 लौटे और नई स्पोर्ट्स वेबसाइट लॉन्चिंग का अहम हिस्सा रहे. अक्टूबर 2025 में News24 से अलविदा लेकर एक बार फिर Zee News पहुंचे हैं. खेलों में गहरी रुचि रखते हैं और क्रिकेट वर्ल्ड कप, एशियन गेम्स, ओलंपिक गेम्स, हॉकी वर्ल्ड कप समेत बड़े खेल इवेंट को कवर करने का अनुभव है. ब्रेकिंग न्यूज, क्रिकेट एनालिसिस और किस्से-कहानियों पर अच्छी पकड़ है. जी न्यूज में खेल से जुड़ी खबरों के बाद अब न्यूज टीम के साथ रियलटाइम न्यूज पर काम कर रहे हैं. एक्सप्लेनर और किसी भी मुद्दे पर रिसर्च के साथ उसे आसान भाषा में पाठकों तक पहुंचा रहे हैं. आप Bhoopendra.Rai@zeemedia.com पर सीधे ईमेल या फिर नीचे X और Facebook से जुड़ सकते हैं.
Read More