)
कार्तिक शुक्ल पक्ष की अष्टमी तिथि पर गोमाता को समर्पित एक पर्व बड़े ही धूमधाम से मनाया जाता है. यह पर्व है गोपाष्टमी जिसमें गोमाता और भगवान कृष्ण की पूजा विधि-विधान से की जाती है. ऐसी धार्मिक मान्यता है कि गोमाता के शरीर में 33 कोटि देवी-देवता वास करते हैं. जिसके कारण गोमाता की पूजा करने का महत्व और भी बढ़ जाता है. उनकी उपासना और सेवा करने से कई जन्मों के पाप कटते हैं और किस्मत चमकने लगती है.
गोपाष्टमी का पर्व इस साल 17 नवंबर को है. इस दिन गोशाला की साफ-सफाई की जाएगी, गोमाता और बछड़ों को स्नान कराया जाएगा इसके बाद उन्हें सजाया जाएगा. उनकी पूजा की जाएगी और फिर उन्हें हरी घास व गुड़ का भोग कराया जाएगा. धार्मिक कथाओं की मानें तो द्वापर युग में कार्तिक शुक्ल अष्टमी तिथि पर श्रीकृष्ण ने पहली बार गायों को चराना शुरू किया था. तब से ही इस तिथि पर गोमाता की पूजा की जाती है.
गोपाष्टमी पर्व पर एक उपाय कर लें तो आपके भाग्य खुल जाएंगे और सभी पाप कट जाएंगे. इस दिन स्नान आदि कर गोशाला में जाएं. सच्चे मन से गोमाता की सेवा करें. उन्हें ताजा और हरी घास खिलाएं, इसके बाद गुड़ खिलाएं. अब गोशाला की मिट्टी से अपने माथे पर तिलक करें और गोमाता को प्रणाम करें. इससे गोमाता अति प्रसन्न होंगी और तृप्त होकर आपके सभी कष्टों को दूर करेंगी. गोपाष्टमी पर इस एक उपाय को करने से माता लक्ष्मी का विशेष आशीर्वाद भी प्राप्त होगा और घर में सुख-शांति आएगी. आर्थिक संकट दूर होंगे. गोपाष्टमी के दिन अगर किसी जरूरतमंद को या ब्राह्मण देव को गोदान करें तो सभी पाप कट जाएंगे और पुण्य फलों की प्राप्ति होगी.
गोपाष्टमी के दिन सुबह उठें, स्नान आदि कर साफ वस्त्र धारण करें. सबसे पहले श्रीकृष्ण की पूजा करें. इसके बाद गौशाला में जाएं और गाय या बछड़े को स्नान कराकर सजाएं और वस्त्र पहनाएं. गायों को अक्षत, फूल, रोली अर्पित करें. अब उन्हें भोग में चारा, पानी, मिठाई, गुड़ अर्पित करें. घी का दीया जलाकर गोमाता और बछड़े की आरती उतारें, पूजा को संपन्न कर माता को श्रद्धा भाव से प्रणाम करें.
(डिस्क्लेमर- यह लेख केवल सामान्य जानकारी और धार्मिक मान्यताओं पर आधारित है. उपायों का फल श्रद्धा पर निर्भर करता है. इसे अंतिम सत्य न मानें. विद्वान से सलाह लें. सावधानी रखें.)