App

सिमली अस्पताल का विवाद सुलझाने की तैयारी, धामी बोले- सभी पक्षों को सुनेगी कमेटी

सीएम धामी ने 74वें गौचर मेले का शुभारंभ किया. सिमली अस्पताल पर कमेटी बनाने का आश्वासन दिया और गौचर-गैरसैंण की पेयजल योजनाओं का लोकार्पण किया.

सिमली अस्पताल का विवाद सुलझाने की तैयारी, धामी बोले- सभी पक्षों को सुनेगी कमेटी
Image Credit: सीएम धामी ने चमोली में 74वें राजकीय औद्योगिक विकास एवं सांस्कृतिक गौचर मेले का शुभारंभ किया.

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को चमोली जिले में 74वें राजकीय औद्योगिक विकास एवं सांस्कृतिक गौचर मेले का शुभारंभ किया. इस दौरान उन्होंने सिमली अस्पताल से जुड़े विवाद के समाधान के लिए जल्द कमेटी गठित करने की बात कही. साथ ही गौचर और गैरसैंण की पेयजल व्यवस्था को मजबूत करने वाली दो योजनाओं का लोकार्पण किया. इनमें 32.45 करोड़ रुपये की गौचर नगरीय पेयजल योजना और 4.59 करोड़ रुपये की गैरसैंण नगरीय पेयजल योजना शामिल है.

1943 से चली आ रही मेले की परंपरा

मुख्यमंत्री ने पूजा-अर्चना और दीप प्रज्ज्वलित कर सात दिवसीय गौचर मेले का उद्घाटन किया. इससे पहले उन्होंने मेले के संस्थापक स्वर्गीय गोविन्द प्रसाद नौटियाल की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया. स्थानीय विद्यालयों की छात्राओं ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए. मुख्यमंत्री का पारंपरिक तरीके से स्वागत किया गया.

धामी ने कहा कि गौचर मेला उत्तराखंड की ऐतिहासिक विरासत, व्यापारिक परंपरा और सांस्कृतिक पहचान का प्रतीक है. इसकी शुरुआत 1943 में भोटिया व्यापार मेले के रूप में हुई थी. उस समय गौचर भारत-तिब्बत व्यापार का अहम केंद्र था. यहां ऊन, पश्मीना, जड़ी-बूटियों और दूसरे स्थानीय उत्पादों का कारोबार होता था. धीरे-धीरे मेले का दायरा बढ़ा और आज यह औद्योगिक व सांस्कृतिक आयोजन के रूप में अपनी अलग पहचान बना चुका है.

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह मेला स्थानीय व्यापारियों, कारीगरों, छोटे उद्यमियों और स्वयं सहायता समूहों को अपने उत्पाद दिखाने और बेचने का अवसर देता है. इससे स्थानीय कारोबार को बढ़ावा मिलता है. उन्होंने इसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 'वोकल फॉर लोकल' अभियान से जोड़ते हुए कहा कि ऐसे आयोजन स्थानीय उत्पादों को बाजार देने के साथ लोक संस्कृति और परंपराओं को भी आगे बढ़ाते हैं.

सिमली अस्पताल पर जल्द बनेगी कमेटी

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने स्थानीय जनप्रतिनिधियों और लोगों की मांगों पर भी बात की. सिमली अस्पताल से जुड़े विषय के समाधान के लिए उन्होंने जल्द कमेटी गठित करने की बात कही. उन्होंने कहा कि कमेटी सभी संबंधित पक्षों को सुनेगी. इसके बाद मामले में आगे का रास्ता निकाला जाएगा.

क्षेत्र में प्रेस क्लब भवन बनाने की मांग पर भी मुख्यमंत्री ने सकारात्मक रुख दिखाया. उन्होंने स्थानीय स्तर पर इसके लिए उपयुक्त जमीन तलाशने को कहा. जमीन चयनित होने के बाद इस मांग पर आगे विचार किया जाएगा.

गौचर और गैरसैंण को पेयजल योजनाएं

मुख्यमंत्री ने पेयजल व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए दो योजनाओं का लोकार्पण किया. पहली योजना अमृत 2.0 के तहत गौचर नगरीय पेयजल योजना है. इसे 32.45 करोड़ रुपये की स्वीकृत लागत से तैयार किया गया है. दूसरी योजना गैरसैंण नगरीय पेयजल योजना के सुदृढ़ीकरण और मरम्मत से जुड़ी है. इस पर 459.32 लाख रुपये खर्च किए गए हैं.

इन योजनाओं से गौचर और गैरसैंण में पेयजल आपूर्ति व्यवस्था को मजबूती मिलने की उम्मीद है. मुख्यमंत्री ने कहा कि दूरस्थ और सीमांत क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं का विस्तार सरकार की प्राथमिकता है. चमोली जैसे सीमांत जिले में सड़क, रेल और पेयजल सुविधाओं का विकास स्थानीय लोगों के जीवन को आसान बनाने के साथ पर्यटन और कारोबार को भी गति दे सकता है.

रोजगार और स्थानीय उत्पादों पर जोर

धामी ने कहा कि सरकार चाहती है कि युवाओं को अपने गांव और क्षेत्र में ही रोजगार के अवसर मिलें. इसके लिए कृषि, बागवानी, पशुपालन, पर्यटन और हस्तशिल्प को बढ़ावा दिया जा रहा है. सरकार की पर्यटन नीति, होमस्टे नीति, फिल्म नीति और सौर स्वरोजगार योजना का मकसद भी स्थानीय स्तर पर आजीविका के अवसर बढ़ाना है.

उन्होंने चमोली के ऊनी हस्तशिल्प, राजमा, दालों, मंडुवा, झंगोरा, शहद और जड़ी-बूटियों का जिक्र किया. मुख्यमंत्री ने कहा कि इन उत्पादों को बड़े बाजार तक पहुंचाने के लिए 'हाउस ऑफ हिमालयाज' ब्रांड शुरू किया गया है. इस ब्रांड का कारोबार अब तक छह करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर चुका है. उन्होंने इसे प्रदेश की महिलाओं, किसानों और स्थानीय उत्पादकों की मेहनत का नतीजा बताया.

बदरीनाथ तक बेहतर होगी कनेक्टिविटी

मुख्यमंत्री ने कहा कि चमोली जिले के विकास के लिए चारधाम सड़क परियोजना के तहत बदरीनाथ धाम तक सड़क संपर्क बेहतर किया जा रहा है. ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना पर भी काम चल रहा है. इसके पूरा होने से क्षेत्र की कनेक्टिविटी, पर्यटन और स्थानीय कारोबार को फायदा मिलने की उम्मीद है.

उन्होंने चमोली को बदरी विशाल की तपस्थली, मां नंदा का मायका और चिपको आंदोलन की जन्मभूमि बताया. साथ ही कहा कि सीमांत गांवों को देश के अंतिम गांव के बजाय पहले गांव के रूप में विकसित करने की दिशा में काम किया जा रहा है. सरकार का लक्ष्य विकास के साथ उत्तराखंड की सांस्कृतिक विरासत और स्थानीय परंपराओं को भी बचाए रखना है.

दो हस्तियों को मिला सम्मान

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने वरिष्ठ पत्रकार ललित प्रसाद लखेड़ा को 'गोविन्द प्रसाद नौटियाल स्मृति सम्मान-2026' से सम्मानित किया. वहीं, वरिष्ठ लेखक और प्रकाशक कीर्ति नवानी को 'पंडित महेशानन्द नौटियाल शिक्षा एवं साहित्य प्रसार सम्मान-2026' दिया गया. धामी ने दोनों को पत्रकारिता, साहित्य और शिक्षा के क्षेत्र में उनके योगदान के लिए बधाई दी.

इस मौके पर प्रभारी मंत्री भरत सिंह चौधरी, थराली विधायक भूपाल राम टम्टा, कर्णप्रयाग विधायक अनिल नौटियाल सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे. मेले में व्यापारी, पत्रकार और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग भी शामिल हुए.

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Gunateet Ojha

Gunateet Ojha

गुणातीत ओझा ज़ी न्यूज डिजिटल में एसोसिएट न्यूज एडिटर हैं. वर्तमान में ज़ी न्यूज डिजिटल के उत्तर प्रदेश-उत्तराखंड डिजिटल को लीड कर रहे हैं. वह दिसंबर 2021 में ज़ी न्यूज से जुड़े. देश-दुनिया और राजनीतिक खबरों पर अच्छी पकड़ रखते हैं. 15 साल से पत्रकारिता के क्षेत्र में काम कर रहे हैं. इससे पहले एनडीटीवी डिजिटल, लाइव हिन्दुस्तान डिजिटल, लोकमत डिजिटल, जागरण डॉट कॉम, राजस्थान पत्रिका डिजिटल, हिन्दुस्तान अखबार, दैनिक जागरण अखबार के साथ भी काम कर चुके हैं.
Read More