App

पांच मंजिला क्रूज शिप से टकराया विशालकाय चीनी टैंकर, जान बचाने के लिए गहरी नदी में कूद पड़े 180 यात्री, VIDEO वायरल

अमेरिका में शुक्रवार को उस वक्त अफरा-तफरा मच गई, जब यात्रा पूरी करके लौट रहे 5 मंजिला रिवर क्रूज शिप को विशालकाय टैंकर ने टक्कर मार दी. टक्कर के तुरंत बाद शिप टेढ़ा हो गया और फिर गहरी नदी में पलटकर डूब गया.

पांच मंजिला क्रूज शिप से टकराया विशालकाय चीनी टैंकर, जान बचाने के लिए गहरी नदी में कूद पड़े 180 यात्री, VIDEO वायरल
Image Credit: अमेरिका के नयू ऑरेलॉान शहर में 180 यात्रियों से भरा रिवर क्रूज शिप मिसिसिपी नदी में डूब गया

अमेरिका के न्यू ऑरेलॉन शहर में शुक्रवार को एक बड़ी दुर्घटना हो गई. मिसिसिपी नदी में जब पांच मंजिला रिवर क्रूज जहाज अमेरिकी हेरिटेज (American Heritage) से यात्री बंदरगाह पर उतर रहे थे तो अटलांटिक डामर (Atlantic Asphalt) टैंकर उससे टकरा गया. विशालकाय टैंकर के टकराने से क्रूज जहाज पहले टेढ़ा हुआ और उसके बाद गहरी नदी में पलटकर डूब गया. घटना के वक्त क्रूज शिप पर 180 यात्री सवार थे. जान बचाने के लिए उनमें से काफी लोग लाइफ सेविंग जैकेट पहनकर नदी में कूद पड़े, जबकि कई लोग भाग्य के भरोसे जहाज के ऊपरी हिस्से में चढ़कर रेलिंग पकड़कर खड़े रहे. सोशल मीडिया पर इस घटना से जुड़े हैरतअंगेज वीडियो वायरल हो रहे हैं.

क्रूज से उतर रहे थे यात्री, तभी टैंकर ने मारी टक्कर

रिपोर्ट के मुताबिक, अमेरिकी क्रूज लाइन्स की ओर से संचालित अमेरिकी हेरिटेज क्रूज शिप आठ-दिवसीय यात्रा पूरी कर रहा था. यह जहाज मिसिसिपी नदी के किनारे बसे लुइसियाना और मिसिसिपी के ऐतिहासिक स्थानों को पर्यटकों को दिखा रहा था. इसकी यात्रा न्यू ऑरेलॉन में खत्म होने वाली थी.

वर्ष 2015 में निर्मित यह क्रूज शिप 160 मीटर लंबा है, जो 150 यात्रियों तक को समायोजित कर सकता है. क्रूज पर तैनात स्टाफ समेत 180 लोग घटना के वक्त जहाज में मौजूद थे. एक हफ्ते तक रिवर क्रूज शिप पर सैर-सपाटा करने के बाद लोग हंसी-खुशी रिवर पोर्ट पर उतर रहे थे. तभी, दूसरी दिशा से नदी में आ रहे विशालकाय अटलांटिक डामर टैंकर ने खड़े हुए क्रूज में जोरदार टक्कर मार दी.

देखते ही देखते 5 मंजिला शिप नदी में डूब गया

घटना होते ही क्रूज शिप और रिवर पोर्ट पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई. फटाफट रस्सियां फेंककर नीचे नदी में कूदे लोगों को बचाया गया. इसके साथ ही, छोटी नावें नदी में उतारकर लोगों को सुरक्षित किया गया. हादसा इतना भयावह था कि पांच मंजिले क्रूज शिप की बस एक ही मंजिल दिख रही थी, बाकी जहाज नदी के पानी में डूब गया था. गनीमत ये रही कि इस दुर्घटना के बावजूद किसी की जान नहीं गई और सभी को सुरक्षित निकाल लिया गया.

न्यू ऑरेलॉन की मेयर हेलेना मोरेनो ने बताया कि कम से कम 32 लोगों को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन किसी को गंभीर चोट नहीं आई है. जो यात्री घायल नहीं हुए थे, उन्हें पास के एक सभागार में ले जाया गया. वहां पर उन्हें भोजन-पानी, इंटरनेट, परिवहन और ठहरने समेत बेसिक सुविधाएं दी गईं.

चीन के स्वामित्व वाले टैंकर ने दिया घटना को अंजाम

अंतरराष्ट्रीय समुद्री संगठन के मुताबिक, रिवर क्रूज शिप को डुबोने वाले टैंकर का स्वामित्व लाइबेरिया के मोंरोविया में पंजीकृत कंपनी नेव शिपिंग एसए के पास है. हालांकि, इसे चाइना स्टेट शिपबिल्डिंग कॉरपोरेशन की सहायक कंपनी के रूप में माना जाता है. जो एक प्रमुख चीनी राज्य के स्वामित्व वाला समूह है.

स्टॉकहोम इंटरनेशनल पीस रिसर्च इंस्टीट्यूट का कहना है कि वर्ष 2022 तक दुनिया के वाणिज्यिक जहाजरानी बाजार में एक चौथाई हिस्से पर चाइना स्टेट शिपबिल्डिंग कॉरपोरेशन का कब्जा था. उस समय तक वह दुनिया का सबसे बड़ा सैन्य जहाजरानी निर्माता भी था.

पहले कार्यकाल में ट्रंप ने कसा था शिकंजा, लेकिन...

अपने पहले कार्यकाल में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने चीन की इस कंपनी पर शिकंजा भी कसा था. उन्होंने कॉरपोरेशन समेत 2 दर्जन से ज्यादा चीनी कंपनियों को सूचीबद्ध किया था. हालांकि, दूसरे कार्यकाल में वे चीन को लेकर नरम पड़ गए. चीन पर भारी निर्भरता को देखते हुए वे उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई का जोखिम नहीं उठाना चाहते हैं. इसके चलते चीन की धमक दुनिया में बढ़ती जा रही है. 
 

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

Devinder Kumar

Devinder Kumar

अनुभवी पत्रकार और अंतर्राष्ट्रीय मामलों के विश्लेषक हैं. पिछले 18 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं. अमर उजाला और नवभारत टाइम्स जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में काम करने के बाद, वर्तमान में वे Zee News में कार्यरत हैं. देश-दुनिया और ब्रेकिंग न्यूज पर नजर रखते हैं. अंतर्राष्ट्रीय राजनीति, वैश्विक घटनाक्रमों और खोजपरक पत्रकारिता में विशेष पकड़ है.
Read More