)
फ्लाईदुबई की फ्लाइट में कैप्टन स्मित मच्छार पर जानलेवा हमला करने वाले को-पायलट हमाम अल-हमामी को लेकर एक बड़ा खुलासा हुआ है. 'द वॉल स्ट्रीट जर्नल' की रिपोर्ट के मुताबिक जब उससे सऊदी अरब में अधिकारियों ने पूछताछ की तो उसने एक्सेप्ट किया कि वह विमान को क्रैश कराना चाहता था और उसे मौत का कोई खौफ नहीं था. कॉकपिट में कैप्टन स्मित मच्छार पर हमले के बाद सऊदी अरब में विमान की इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई थी. आरोपी को-पायलट से वहीं पूछताछ हुई और फिर उसे संयुक्त अरब अमीरात (UAE) को हैंडओवर कर दिया गया.
बीते शनिवार को यूएई के अटॉर्नी जनरल नेसाफ किया था कि को-पायलट ने एक आतंकवादी वारदात को अंजाम देने की कोशिश की थी. फिलहाल इस पूरे मामले में सऊदी अरब, यूएई और इजरायल की एजेंसियां मिलकर जांच कर रही हैं. अधिकारी यह पता लगाने में जुटे हैं कि क्या आरोपी के तार किसी बाहरी ताकत से जुड़े थे.
अब तक आरोपी को-पायलट के बारे में जो डिटेल सामने आई है, उसमें बताया गया है कि को-पायलट ओमान का नागरिक था. उसके पिता ओमानी जबकि मां सीरियाई हैं. हमामी लंबे वक्त से दुबई में रह रहा था. आरोपी सीरिया में चले गृहयुद्ध के दौरान वहां काफी वक्त तक रहा था. जांच एजेंसियां इस पहलू की पड़ताल करने में जुटी हैं कि क्या असद शासन के खिलाफ लड़ रहे इस्लामी चरमपंथियों के संपर्क में आकर वह कट्टरपंथी बना या कोई और वजह है?
आरोपी को-पायलट के सोशल मीडिया अकाउंट्स की बारीकी से जांच की जा रही है. उसका 'एक्स' (ट्विटर) अकाउंट तो डिलीट हो चुका है, लेकिन इंटरनेट आर्काइव से उसकी 3,000 से ज्यादा पुरानी पोस्ट्स निकाली गई हैं. इन पोस्ट्स में वह महिलाओं के नौकरी करने के सख्त खिलाफ नजर आया और उसने पर्दे में रहने वाली धार्मिक महिलाओं की तरफ अपनी पसंद जताई थी. दिसंबर 2021 की एक पोस्ट में उसने खुद माना था कि सऊदी महिलाओं से बातचीत करने के लिए उसने सीरियाई और लेबनानी बनकर फेक अकाउंट बनाए थे. उसने यह भी साफ लिखा था कि उसकी पत्नी कभी नौकरी नहीं करेगी.
फ्लाईदुबई आने से पहले आरोपी हमामी ओमान की सरकारी एयरलाइन 'ओमान एयर' में काम करता था, लेकिन जब कंपनी को भनक लगी कि वह कट्टरपंथी और चरमपंथी वेबसाइट्स खंगालता है, तो एयरलाइन ने तुरंत उसके प्लेन उड़ाने पर रोक लगा दी. इसके बाद उसकी सोच बदलने के लिए उसे 'डी-रेडिकलाइजेशन प्रोग्राम' में भेजा गया और सिर्फ डेस्क का काम थमा दिया गया. आखिरकार उसे नौकरी से निकाल दिया गया.
'ओमान एयर' से हटाए जाने के बाद वह दूसरी जगह हाथ-पैर मारने लगा. उसने 2025 में 'रॉयल एयर मारोक' में जाने की कोशिश की, लेकिन बात नहीं बनी. फिर इसी साल यानी फरवरी 2026 में फ्लाईदुबई ने उसे को-पायलट की नौकरी दे दी. अब इस साजिश का खुलासा होने के बाद फ्लाईदुबई के हायरिंग सिस्टम और बैकग्राउंड वेरिफिकेशन पर बड़े सवाल खड़े हो रहे हैं.
दरअसल, यूएई में पायलटों को नौकरी देने से पहले बेहद सख्त सिक्योरिटी चेकिंग होती है, लेकिन फ्लाईदुबई ने हमामी को रखते वक्त क्या जांच-पड़ताल की थी, यह अब तक साफ नहीं हुआ है. बताया जा रहा है कि अगर यूएई या फ्लाईदुबई ने संपर्क किया होता तो ओमान सरकार उसकी सारी पुरानी करतूतों की जानकारी दे देती, लेकिन शायद ऐसा नहीं हुआ. इस मामले में यूएई प्रशासन और फ्लाईदुबई ने फिलहाल जांच चलने की बात कहकर कुछ भी बोलने से इनकार कर दिया. पढ़ाई की बात करें तो हमामी ने इंग्लैंड की बकिंघमशायर न्यू यूनिवर्सिटी से एविएशन मैनेजमेंट में डिस्टेंस लर्निंग का कोर्स किया हुआ था.
फ्लाईदुबई की फ्लाइट को हाईजैक करने की साजिश नाकाम होने के बाद एक धमकी भी आई है. यह धमकी आतंकी संगठन अल-कायदा से जुड़ी एक मैगजीन के जरिए दी गई है. आतंकी समर्थित मैगजीन 'अल-बयान' ने अमेरिका और इजरायल के पैसेंजर प्लेन्स पर फ्लाईदुबई और 9/11 जैसे हमले दोहराने के लिए उकसाया है. इससे जुड़ा भड़काऊ आर्टिकल इसी शुक्रवार मैगजीन के नए अंक में छापा गया है, जिसे जुलाई में ही शुरू किया गया था. अरबी भाषा में लिखे इस आर्टिकल में 2001 के 9/11 हमले और हाल ही में फ्लाईदुबई की फ्लाइट FZ1073 पर हुई घटना का जिक्र है.
मैगजीन के लेख में लिखा गया है, 'जंग अभी थमी नहीं है. इजरायलियों, अमेरिकियों और इस्लाम के दुश्मनों को ढोने वाले जहाज अब भी आसमान में उड़ रहे हैं और उन्हें निशाना बनाना बिल्कुल मुमकिन है, ठीक वैसे ही जैसे 11 और 30 सितंबर को हुआ था.' इस लेख में 2001 में वर्ल्ड ट्रेड सेंटर के टावरों से टकराते विमान की फोटो के साथ-साथ बुधवार को फ्लाईदुबई की फ्लाइट पर हुए हमले की तस्वीर भी छपी है. मैगजीन के आधिकारिक टेलीग्राम चैनलों पर शनिवार को यह पोस्ट डाली गई थी, जिसे बाद में कथित तौर पर हटा दिया गया है.
यह घटना 30 सितंबर की है. दुबई से इजरायल के तेल अवीव जा रही फ्लाइट में ओमानी को-पायलट ने कैप्टन स्मित पर कुल्हाड़ी से हमला किया था, जिसके बाद विमान करीब 2 मिनट में 17 हजार फीट नीचे आ गया. विमान में 170 से ज्यादा यात्री और क्रू मेंबर्स सवार थे. कैप्टन स्मित ने बुरी तरह घायल होने के बावजूद कॉकपिट का दरवाजा खोल दिया था, जिसके बाद केबिन क्रू और यात्रियों ने अंदर घुसकर हमलावर को-पायलट को दबोच लिया.