SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

'ये रहा मेरा वादा...', कनाडा में मेयर पद के लिए भारतीय मूल की उम्मीदवार का अनोखा प्रचार, गाना गाकर मांगे वोट

कनाडा के मिसिसॉगा शहर में मेयर का चुनाव लड़ रहीं भारतीय मूल की दीपिका दमेरला अपने अनोखे बॉलीवुड स्टाइल प्रचार को लेकर चर्चा में हैं. उन्होंने मशहूर हिंदी गाने 'क्या हुआ तेरा वादा' की तर्ज पर 'ये रहा मेरा वादा' रीमेक कर प्रॉपर्टी टैक्स न बढ़ाने का चुनावी वादा किया है.

Written By Ravindra Pratap Singh
Published: Oct 10, 2026, 12:22 PM IST | Updated: Oct 10, 2026, 12:31 PM IST
Image Credit: बॉलीवुड गाने से मेयर चुनाव का प्रचार, दीपिका दमेरला ने 'क्या हुआ तेरा वादा' को बनाया 'ये रहा मेरा वादा'
Join

कनाडा के मिसिसॉगा शहर में मेयर पद का चुनाव लड़ रहीं दीपिका दमेरला अपने अनोखे प्रचार के कारण चर्चा में हैं. आंध्र प्रदेश में जन्मीं दीपिका ने चुनाव प्रचार के लिए बॉलीवुड के मशहूर गाने 'क्या हुआ तेरा वादा' का नया रूप पेश किया है. उन्होंने गाने के बोल बदलकर 'ये रहा मेरा वादा' कर दिए हैं और इसके जरिए शहर के लोगों से एक खास वादा किया है. उनका 36 सेकंड का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.

हालांकि, जहां कुछ लोग उनके इस अंदाज को पसंद कर रहे हैं, वहीं कुछ यूजर्स ने इसे लेकर सवाल भी उठाए हैं. दीपिका दमेरला ने शुक्रवार को अपने आधिकारिक एक्स अकाउंट पर यह वीडियो शेयर किया. इसके साथ उन्होंने लिखा कि मेयर पद के उम्मीदवारों के बीच हुई तीखी बहस के बाद कुछ मजेदार सुनने का समय है.

 

 

जिस दिन मैं बनूंगी मेयर ऑफ मिसिसॉगा...

उन्होंने अपने संदेश में लिखा, 'यह रहा मेरा वादा, ये कसम, ये इरादा, प्रॉपर्टी टैक्स नहीं बढ़ेगा, जिस दिन मैं बनूंगी मेयर ऑफ मिसिसॉगा.' बॉलीवुड के मूल गाने के बोलों को बदलकर इसे नए अंदाज में पेश किया गया है. वीडियो में वंदना विश्वास की आवाज का इस्तेमाल किया गया है. इसके आखिर में 'एक शहर जो काम करता है' का नारा देते हुए दीपिका ने लोगों से समर्थन मांगा है.

कौन हैं दीपिका दमेरला?

दीपिका दमेरला इससे पहले भी चुनाव लड़ चुकी हैं. उनकी प्रोफाइल के मुताबिक, साल 2018 में वह मिसिसॉगा के वार्ड नंबर 7 से काउंसलर चुनी गई थीं. अपने राजनीतिक करियर में वह ओंटारियो की प्रांतीय संसद की सदस्य भी रह चुकी हैं. इसके अलावा, उन्होंने स्वास्थ्य एवं दीर्घकालिक देखभाल विभाग में एसोसिएट मिनिस्टर और वरिष्ठ नागरिक मामलों की मंत्री के तौर पर भी काम किया है.

सियासत से पहले बैंकिंग सेक्टर का अनुभव

राजनीति में आने से पहले दीपिका कॉर्पोरेट बैंकिंग के क्षेत्र में काम कर चुकी हैं. उन्होंने मिसिसॉगा में अपना छोटा कारोबार भी चलाया है. दीपिका ने टोरंटो यूनिवर्सिटी के रॉटमैन स्कूल ऑफ मैनेजमेंट से फाइनेंस में एमबीए किया है. अब वह मेयर पद का चुनाव जीतने के लिए प्रचार कर रही हैं.

सोशल मीडिया पर मिले ऐसे कमेंट्स

दीपिका के इस वीडियो पर सोशल मीडिया यूजर्स की अलग-अलग प्रतिक्रियाएं सामने आई हैं. कुछ लोगों ने उनके प्रचार के इस अंदाज की तारीफ की, जबकि कुछ ने इसे भारतीय मूल के मतदाताओं को ध्यान में रखकर बनाया गया संदेश बताया.

एक यूजर ने टिप्पणी की कि भारतीय अक्सर किसी दूसरे के तरीके की नकल करते हैं, लेकिन उसके पीछे का संदर्भ या आम लोगों की भावनाएं नहीं समझते. एक अन्य यूजर ने कहा कि दीपिका का प्रचार भारतीय मतदाताओं को ध्यान में रखकर किया गया लगता है.

वहीं, एक यूजर ने उनके गाने की तारीफ करते हुए लिखा कि वीडियो देखकर उसका भी उन्हें वोट देने का मन कर रहा है.

कुछ लोगों ने दीपिका के पुराने राजनीतिक फैसलों का भी जिक्र किया. एक यूजर ने दावा किया कि उन्होंने जुलाई 2025 में क्रेडिट नदी पर गंगा आरती कराने का समर्थन किया था. इस यूजर ने उनकी मेयर पद की उम्मीदवारी पर सवाल उठाते हुए आशंका जताई कि उनके चुने जाने से नदी को लेकर विवाद बढ़ सकता है.

इस तरह, दीपिका का बॉलीवुड गाने के जरिए किया गया चुनाव प्रचार सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गया है. उनके समर्थक इसे प्रचार का रचनात्मक तरीका मान रहे हैं, जबकि आलोचक इसके राजनीतिक संदेश और पुराने फैसलों पर सवाल उठा रहे हैं.

यह भी पढ़ेंः कैरोलिन लेविट की जगह इस महिला को मिली प्रेस सेक्रेटरी की जिम्मेदारी, ट्रंप ने सौंपी व्हाइट हाउस की कमान; कौन हैं केटी जकारिया?

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

रवींद्र प्रताप सिंह ने साल 2015 में जागरण.कॉम से डिजिटल मीडिया में कदम रखा मौजूदा समय वो ज़ी न्यूज डिजिटल में चीफ सब एडिटर हैं. अगस्त 2025 में उन्होंने ज़ी न्यूज ज्वाइन किया है. रवींद्र देश और दुनिया की खबरों के अलावा खेलों में क्रिकेट जगत और क्राइम की खबरों पर बेहतरीन पकड़ रखते हैं. इसके पहले रवींद्र रिपब्लिक भारत में इवनिंग शिफ्ट के इंचार्ज रहे और शाम की शिफ्ट संभालते हुए होम पेज की जिम्मेदारी रवींद्र के ऊपर थी. उससे पहले रवींद्र ने जनसत्ता और न्यूज नेशन में भी शाम की शिफ्ट और होम पेज की जिम्मेदारी बखूबी निभाई. इसके पहले रवींद्र ने 5 सालों तक पी7 और लाइव इंडिया जैसे न्यूज चैनलों में काम किया था. रवींद्र आकाशवाणी में काम करने का अनुभव रखते. अवध यूनिवर्सिटी से मॉस कम्युनिकेशन से पोस्ट ग्रेजुएट रवींद्र पिछले डेढ़ दशक से सक्रिय पत्रकारिता कर रहे हैं. आप रवींद्र से जुड़ने के लिए Ravindra.Singh@India.com पर मेल कर सकते हैं या फिर फेसबुक पर संपर्क करने के लिए https://www.facebook.com/pintu.singh.397 और एक्स पर https://x.com/rs66533 रवींद्र से संपर्क किया जा सकता है. 
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES