SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

बांग्लादेश के पूर्व एयर चीफ की कतर में क्यों हुई गिरफ्तारी? कनाडा और दुबई कनेक्शन भी जानें

बांग्लादेश के पूर्व एयर चीफ शेख अब्दुल हन्नान को कतर में गिरफ्तार कर लिया गया है. वे अपने देश में भ्रष्टाचार के आरोपों का सामना कर रहे थे. उन पर आरोप है कि बतौर एयर चीफ उन्होंने बांग्लादेश की वायुसेना के वार्षिक बजट में 245 मिलियन डॉलर से अधिक की हेराफेरी की.

Written By K. Raj Mishra
Published: Oct 19, 2026, 10:35 AM IST | Updated: Oct 19, 2026, 05:37 PM IST
Image Credit: कतर में बांग्लादेश के पूर्व एयर चीफ हुए गिरफ्तार (Photo- PTI)
Join

भ्रष्टाचार के आरोपों में फंसे बांग्लादेश के पूर्व एयर चीफ शेख अब्दुल हन्नान को कतर में गिरफ्तार कर लिया गया है. बांग्लादेश की भ्रष्टाचार निरोधक आयोग (ACC) ने रविवार (18 अक्टूबर) को इसकी पुष्टि कर दी है. एसीसी के अधिकारियों ने मीडिया को बताया कि हन्नान पर आय से अधिक संपत्ति रखने और मनी लॉन्ड्रिंग के आरोप हैं. एसीसी के अनुसार, 15 अक्टूबर को कतर के अधिकारियों ने हन्नान को हिरासत में लिया था. बांग्लादेश को एक ईमेल के जरिए पूर्व एयर चीफ की गिरफ्तारी की सूचना मिली है. हालांकि, अभी तक यह साफ नहीं हुआ है कि कतर के अधिकारियों ने उन्हें कहां से और किन आरोपों में गिरफ्तार किया है. इसके अलावा बांग्लादेश की ओर से उनके प्रत्यर्पण को लेकर क्या कार्रवाई की जा रही है, इसकी जानकारी भी नहीं मिल सकी है.

कौन हैं शेख अब्दुल हन्नान?

शेख अब्दुल हन्नान का जन्म 1 अगस्त 1963 को बांग्लादेश (उस वक्त पूर्वी पाकिस्तान) के बागेरहाट में हुआ था. उन्होंने साल 1984 को बांग्लादेश की वायुसेना ज्वाइन की थी. समय के साथ-साथ बांग्लादेश की एयरफोर्स में उनका प्रमोशन होता रहा. 12 जून 2021 को उन्होंने बांग्लादेश वायुसेना के एयर चीफ का दायित्व संभाला था. बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना की सरकार में उन्हें 16वें वायुसेना प्रमुख का दायित्व सौंपा गया था. 11 जून 2024 को इस पद पर रहते हुए वायुसेना से रिटायर हुए.

हन्नान पर क्या आरोप हैं?

शेख अब्दुल हन्नान पर आरोप है कि उन्होंने बांग्लादेश की वायुसेना के वार्षिक बजट में 245 मिलियन डॉलर से अधिक की हेराफेरी की है. बांग्लादेश के एंटी-करप्शन कमीशन के मुताबिक, हन्नान के पास आय से अधिक संपत्ति पाई गई है. ACC के दावों के मुताबिक, 3.28 करोड़ टका से अधिक की संपत्ति का हन्नान के पास कोई लेखा-जोखा नहीं मिला है. इसके अलावा उनके बैंक अकाउंट्स में भी करोड़ों टका जमा हैं. ACC का दावा है कि हन्नान ने अपनी आय से अधिक की संपत्ति जुटाई है. इसी कारण से जुलाई 2025 में ACC ने उनके खिलाफ भ्रष्टाचार निरोधक आयोग अधिनियम, धनशोधन रोकथाम अधिनियम और भ्रष्टाचार रोकथाम अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया था.

हन्नान की पत्नी भी हैं आरोपी

ACC ने हन्नान की पत्नी ताहमिदा बेगम को भी आरोपी बनाया है. उनकी पत्नी भी अपने हिस्से की 1.91 करोड़ टका से ज्यादा की संपत्ति का कोई ब्योरा नहीं दे सकी हैं. इसके अलावा उनके नाम पर 32 बैंकों में खाते हैं. जिनसे 1.18 करोड़ टका के संदिग्ध लेनदेन होने से सबूत मिले हैं. ACC की ओर से इसे अवैध संपत्ति के दायरे में लेकर जांच की जा रही है. हन्नान के बच्चों के पास भी करोड़ों टका की अवैध संपत्ति रखने का आरोप है. एसीसी को करीब तीन देशों में हन्नान के बच्चों के नाम से प्रॉपर्टी होने की जानकारी हाथ लगी है.

कनाडा और दुबई कनेक्शन

आरोपों के मुताबिक, हन्नान ने कई देशों में अपनी अवैध आमदनी से संपत्ति जुटाई है. जांच एजेंसी का दावा है कि कनाडा और दुबई में भी उनकी संपत्तियों का पता चला है. अवैध संपत्ति जुटाने के मामले में मई 2025 में ढाका मेट्रोपॉलिटन के वरिष्ठ विशेष न्यायाधीश मोहम्मद जाकिर हुसैन ने हन्नान और उनकी पत्नी का पासपोर्ट जब्त करने का आदेश देते हुए उनकी यात्राओं पर प्रतिबंध लगा दिया था. इसके अलावा हन्नान और उनके परिवार से जुड़े लोगों के बैंक खाते भी सीज कर दिए गए हैं. इस कार्रवाई के बाद भी हन्नान कतर कैसे पहुंचे, इसको लेकर बांग्लादेश की सुरक्षा एजेंसियां भी सवालों के घेरे में हैं.

ये भी पढ़ें- मक्का में बांग्लादेशी कपल को फांसी: अब सऊदी अरब से जवाब मांग रहा ढाका; क्या है वो नियम, जिसको इस्लामिक देश ने कर दिया नजरअंदाज?

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

कर्मराज मिश्रा ज़ी न्यूज (डिजिटल) टीम में बतौर चीफ सब एडिटर कार्यरत हैं. वे यहां देश-विदेश की राजनीति और समसामयिक मुद्दों पर लिखते हैं. कानपुर यूनीवर्सिटी से पत्रकारिता में मास्टर की डिग्री हासिल करके IBN-7 न्यूज चैनल से इंटर्नशिप की. इसके बाद खबर फास्ट, नेशन लाइव और साधना न्यूज न्यूज चैनलों में काम करने के बाद डिजिटल का रुख किया और 2017 से 2020 तक हिंदुस्थान समाचार न्यूज एजेंसी में बतौर सीनियर सब एडिटर काम किया. इसके बाद News Nation, India Ahead के बाद वर्तमान में Z Media का हिस्सा हैं. मीडिया में 10 साल के कार्यकाल के दौरान यूपी, बिहार, छत्तीसगढ़ और दिल्ली विधानसभा चुनावों के अलावा 2019 और 2024 का लोकसभा चुनाव कवर किया है.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES