परमाणु हमले की आशंका से सहमा ईरान! नागरिकों को बताया कैसे बचाएं जान, 8 मिनट के वीडियो में बताए उपाए
कई रिपोर्ट्स में संदेह जाहिर किए गए हैं कि अमेरिका ईरान पर परमाणु बम का इस्तेमाल कर सकता है. दूसरी तरफ ईरान ने भी इसकी तैयारियां शुरू कर दी हैं.
ईरान और अमेरिका के बीच जारी तनाव को लेकर कई बार दावा किया गया कि अमेरिका ईरान पर परमाणु हथियारों का इस्तेमाल कर सकता है. हैरानी की बात है कि ईरान ने उसके तैयारी भी शुरू कर दी है. ईरान के अधिकारियों ने परमाणु धमाके से बचने के लिए एक सार्वजनिक सलाह जारी की है. आठ मिनट के एक वीडियो में लोगों को बताया गया है कि अगर परमाणु हमला होता है तो उन्हें कहां छिपना है, रेडिएशन से कैसे बचना है और हमले के बाद किन सावधानियों का पालन करना है.
ईरान की सरकारी न्यूज एजेंसी IRNA ने वीडियो के साथ ये दिशानिर्देश जारी किए हैं, जिसमें नागरिकों को तहखानों की तलाश करने, खिड़कियों से दूर रहने और बाहर की हवा खींचने वाले एयर कंडीशनर बंद करने की सलाह दी गई है. इसमें यह भी बताया गया है कि खुले में फंस जाने पर क्या करना चाहिए.
क्या-क्या सावधानियां बरतने को कहा गया?
मिस्र और सऊदी अरब के अखबारों ने भी इन निर्देशों की जानकारी दी है, जिनमें ईरानियों को संभावित हमले के बाद कम से कम 24 घंटे तक सुरक्षित जगह पर रहने, पैकेटबंद भोजन और बोतलबंद पानी का इस्तेमाल करने और गाड़ियों के अंदर पनाह लेने से बचने की सलाह दी गई है. ईरानी इमरजेंसी अधिकारियों ने वॉर्निंग दी है कि रेडियोधर्मी कण हवा में फैल सकते हैं, जिससे धमाके वाली जगह से दूर रहने वाले लोगों को भी खतरा हो सकता है. वीडियो के साथ एक डिटेल्ड सलाह 29 अक्टूबर को IRNA की तरफ से पब्लिश की गई थी.
निष्क्रिय रक्षा सप्ताह क्या है
हालिया सलाह ईरान के निष्क्रिय रक्षा सप्ताह का हिस्सा है. ईरान हर साल निष्क्रिय रक्षा सप्ताह मनाता है. इसका मकसद बिना सैन्य जवाबी कार्रवाई किए नागरिक आबादी, सरकारी संस्थानों, बुनियादी ढांचे और जरूरी सेवाओं को संभावित हमलों से महफूज रखने की तैयारी करना है. इसमें नागरिकों को इमरजेंसी हालात से निपटने की ट्रेनिंग दी जाती है. जरूरी सेवाओं को चालू रखने की योजना बनाना और हमले की स्थिति में नुकसान कम करना शामिल है. इस साल यह आयोजन 26 अक्टूबर से 2 नवंबर तक हुआ.
परमाणु हमले की तैयारी क्यों?
ऐसी कई रिपोर्ट्स सामने आई हैं, जिनमें दावा किया गया है कि अमेरिका ईरान के खिलाफ परमाणु हथियारों का इस्तेमाल कर सकता है. अमेरिकी पत्रकार और पूर्व फॉक्स न्यूज होस्ट टकर कार्लसन ने दावा किया कि ट्रंप प्रशासन कुछ दिनों के भीतर ईरान पर परमाणु हमला करने का फैसला कर सकता है. उनके दावे के मुताबिक, इजरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू, ट्रंप पर ईरान के परमाणु ठिकाने पर हमला करने का दबाव बना रहे हैं. संभावित निशाना ईरान का Pickaxe Mountain ठिकाना हो सकता है. कार्लसन का कहना है कि इस ठिकाने के नीचे करीब 300 फीट मोटी ग्रेनाइट चट्टान है, जिसे सामान्य अमेरिकी बमों से नष्ट करना मुश्किल है. उन्होंने दावा किया कि अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस और विशेष दूत स्टीव विटकॉफ कूटनीतिक समाधान के पक्ष में हैं.