)
खगड़िया एसपी भानु प्रताप सिंह की पत्नी पूजा सिंह मंगलवार को अचानक पटना से सीधे यहां पहुंची गईं. पुलिस कप्तान की पत्नी काफी दिनों से अपनी बेटी से मिलना चाहती हैं. एसपी आवास पर जब पहुंचीं और काफी देर तक गेट खुलवाने का प्रयास करती रहीं, लेकिन गेट पर खड़े गार्ड ने गेट नहीं खोला. इस दौरान एसपी की पत्नी पूजा सिंह लगातार अपने बच्चे से मिलने की गुहार लगाती रहीं, लेकिन गेट नहीं खोला गया. जब गेट नहीं खुला तो इसके बाद एसपी की पत्नी गेट पर ही काफी देर तक जमीन पर बैठीं रहीं. वहीं, पुलिस ने पूजा सिंह को समझा बुझाकर वहां से सर्किट हाउस लाई.
मामले की गंभीरता को बढ़ते देख स्थानीय पुलिस प्रशासन हरकत में आया. मौके पर पहुंचे अधिकारियों और पुलिसकर्मियों ने काफी देर तक पूजा को समझाने की कोशिश की. काफी जद्दोजहद के बाद उन्हें वहां से उठाकर फिलहाल सर्किट हाउस पहुंचाया गया है, जहां प्रशासनिक स्तर पर मामले को शांत कराने के प्रयास जारी हैं.
ध्यान दीजिएगा कि इससे पहले एसपी भानु प्रताप सिंह की पत्नी पूजा सिंह पटना में सीएम आवास के बाहर धरने पर बैठीं थीं. इसके बाद आज पटना से खगड़िया एसपी आवास पहुंचकर धरना पर बैठ गई थीं.
बता दें कि खगड़िया जिले के एसपी भानु प्रताप की पत्नी पूजा सिंह ने 26 अक्टूबर को बिहार राज्य महिला आयोग में आवेदन दिया था. उन्होंने अपने आईपीएस पति के खिलाफ उत्पीड़न का मामला दर्ज कराया था. पूजा सिंह ने अपने एसपी पति पर उत्पीड़न करने का आरोप लगाया. एसपी की पत्नी के आवेदन पर महिला आयोग की अध्यक्ष ने वरीय अधिकारी को पत्र लिखकर तीन दिन में रिपोर्ट मांगा है.
बिहार राज्य महिला आयोग को दी गई अपनी शिकायत में एसपी भानु प्रताप की पत्नी पूजा सिंह ने कहा है कि अब यह मामला निजी नहीं रह गया है. अब हस्ताक्षेप जरूरी है. इसके बाद बिहार राज्य महिला आयोग ने जानकारी दी थी कि अध्यक्ष के सामने 26 अक्टूबर सोमवार को पूजा सिंह ने अपने पति भानु प्रताप सिंह, आईपीएस के खिलाफ उत्पीड़न से संबंधित मामले दर्ज कराया. आवेदिका के द्वारा लगाए गए आरोप अत्यंत गंभीर और महिलाओं के अधिकार और सुरक्षा से जुड़े हैं.
रिपोर्ट: हितेश कुमार