Will Iran Continue to Clash with US? अमेरिका और ईरान के बीच चल रही जंग को आज 6 महीने हो चुके हैं. इसके बावजूद दोनों में से कोई भी झुकने को तैयार नहीं है. भयानक नुकसान सहने पर भी ईरान जहां सरेंडर के मूड में नजर नहीं आ रहा. वहीं, राष्ट्रपति ट्रंप ईरान को पूरी तरह झुकाए बिना जंग से पीछे नहीं हटना चाहते. इसका खामियाजा पूरी दुनिया को गंभीर तेल संकट के रूप में उठाना पड़ रहा है.सीएनएन की रिपोर्ट के मुताबिक, ईरान 40 साल बाद फिर ऐतिहासिक दोराहे पर खड़ा है. उसके सामने दुविधा है कि वह युद्ध जारी रखे या समझौता करके इस विनाशकारी जंग को खत्म करवा दे. यह स्थिति ईरान को और ज्यादा बदहाली के मार्ग पर धकेल रही है. लोगों को समझ नहीं आ रहा है कि आखिर यह खूनी युद्ध कब खत्म होगा और देश में सामान्य माहौल दोबारा स्थापित होगा. लेकिन सवाल है कि 40 साल पहले ऐसा क्या हुआ था, जिसने ईरान को दो हिस्सों में बांट दिया था. चार दशक पहले ईरान में क्या हुआ था?रिपोर्ट के मुताबिक, सद्दाम हुसैन के नेतृत्व में इराक ने 22 सितंबर 1980 को ईरान पर हमला बोल दिया था. इराकी वायुसेना ने ईरान के 10 सैन्य हवाई अड्डों पर बमबारी की और जमीनी सेना ने पश्चिमी ईरान की सीमा में प्रवेश कर लिया. इसके साथ ही इराक-ईरान के युद्ध की शुरुआत हो गई.सद्दाम हुसैन के हमले से ईरानी हक्के-बक्के रह गए और उन्हें भारी नुकसान उठाना पड़ा. वहीं इराकी सेना धीरे-धीरे आगे बढ़ती जा रही थी. कई महीनों की असफलताओं के बाद, ईरान के हजारों युवा सैनिकों ने एक अचानक और अप्रत्याशित हमला किया, जिसने युद्ध का रुख पूरी तरह पलट दिया. यह पहली बार ईरान की इराक पर सैन्य बढ़त थी.खोमेनी की रणनीति पड़ गई भारीईरान के तत्कालीन सर्वोच्च नेता अयातुल्ला रुहोल्लाह खोमेनी चाहते तो इस रणनीतिक बढ़त का इस्तेमाल करके युद्ध खत्म करवा सकते थे. लेकिन ऐसा करने के बजाय उनके मन में कुछ ओर ही चल रहा था. वे इराक से सद्दाम हुसैन की सत्ता को खत्म कर देना चाहते थे.उनका मानना था कि सद्दाम हुसैन अमेरिका के पिट्ठू हैं और उसी के इशारे पर यह हमला किया गया. इसलिए उन्होंने युद्ध बंद करवाने के बजाय इराक के खिलाफ युद्ध आगे बढ़ाने का निर्देश दिया. ऐसा करके वे भविष्य के दुश्मनों को यह संदेश देना चाहते थे कि ईरान के साथ युद्ध की भारी कीमत चुकानी होगी.इराक के साथ हुआ वह संघर्ष आधुनिक ईरान के लिए निर्णायक मोड़ साबित हुआ. खोमेनी के उस फैसले ने इस लड़ाई को 8 साल लंबे थकाऊ और विनाशकारी युद्ध में बदल दिया, जिसमें लाखों लोग मारे गए. यह पश्चिम एशिया के सबसे खूनी संघर्षों में से एक बन गया. लाखों लोगों की मौत और अरबों रुपये के नुकसान के बाद यह भीषण युद्ध 20 अगस्त 1988 को समाप्त हुआ.फिर ऐतिहासिक दोराहे पर खड़ा है भारतरिपोर्ट के मुताबिक, अब 4 दशक बाद ईरान एक बार फिर उसी ऐतिहासिक दोराहे पर खड़ा है. उसके हुक्मरान असमंजस में है कि युद्ध को आगे बढ़ाया जाए या किसी समझौते पर हस्ताक्षर किए जाएं? इसकी वजह ये है कि ईरान के शासक आज दो विचारधारा में बंटे हुए हैं. ईरान की शक्तिशाली सेना यानी आईआरजीसी समेत कट्टरपंथी तबका जहां अमेरिका के साथ कोई भी समझौता करने के सख्त खिलाफ है. वहीं राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियान, स्पीकर गालिफ और विदेश मंत्री अराघची के नेतृत्व में सुधारवादी तबका बढ़ते नुकसान को देखते हुए यूएस के साथ समझौता कर जंग खत्म करने के पक्ष में है.ईरान का कट्टरपंथी तबका पेजेश्कियान को एक कमजोर राष्ट्रपति के रूप में देखता है, जो प्लेन क्रैश में पूर्व राष्ट्रपति की मृत्यु के बाद संयोगवश सत्ता में आए. जून के युद्धविराम समझौते पर ट्रंप के हस्ताक्षर के साथ पेज़ेशकियान के हस्ताक्षर ने उन्हें अपनी ही राजनीतिक व्यवस्था में अलग-थलग कर दिया है. इससे कट्टरपंथियों को ध्वस्त अर्थव्यवस्था और वाशिंगटन के साथ विफल हुए समझौते का पूरा दोष राष्ट्रपति पर मढ़ने का मौका मिल गया है.लंबे समय तक टिके रहने की कट्टरपंथियों की रणनीतिअब कट्टरपंथियों के दिमाग में एक ही बात है और वो ये कि इस युद्ध को न हारना ही उनकी जीत है. वे सिर्फ वाशिंगटन से बेहतर डील पाने की कोशिश नहीं कर रहे हैं, बल्कि अपने राजनीतिक विरोधियों के साथ प्रतिस्पर्धा में आंतरिक रूप से लंबे समय तक सत्ता में बने रहने की रणनीति बना रहे हैं.उनका मानना है कि इसका परिणाम इस बात से तय नहीं होगा कि कौन सा पक्ष सैन्य रूप से अधिक शक्तिशाली है, बल्कि इससे तय होगा कि कौन सा पक्ष अधिक समय तक टिके रहने का धैर्य रखता है. दूसरी ओर, ईरान का अधिक मध्यमार्गी और व्यावहारिक गुट इस स्थिति में अपनी उपलब्धियों को मजबूत करने का मौका देख रहा है.यूएस से समझौता चाहते हैं सुधारवादी राजनेतावहीं पेजेश्कियान के नेतृत्व में व्यावहारिक राजनीतिज्ञों का तबका युद्ध को समाप्त करने के लिए एक ठोस और अंतिम समझौते का समर्थन कर रहा है. वे युद्ध से जर्जर हो चुकी अर्थव्यवस्था, अमेरिका की थका देने वाली नौसैनिक घेराबंदी और देश के बुनियादी ढांचे को पहुंचे भारी नुकसान का इशारा करते हुए जंग खत्म कर देने की वकालत कर रहे हैं.वे सार्वजनिक रूप से चेतावनी दे चुके हैं कि एक मजबूत स्थिति में रहते हुए इस संघर्ष को निपटाने का अवसर तेजी से हाथ से निकल रहा है. वे उन आम ईरानियों की आवाज बन रहे हैं जिनका मानना है कि वाशिंगटन के साथ जारी 47 साल पुराने संघर्ष को समाप्त करना ही देश के घरेलू आर्थिक संकटों को कम करने का सबसे सुरक्षित तरीका है. उनका मानना है कि वैश्विक अलगाव को तोड़कर ही इस्लामिक रिपब्लिक को सुरक्षित रखा जा सकता है.आधी सदी बाद ईरान में फिर धर्मसंकटराष्ट्रपति पेजेश्कियान ने इस महीने कहा था, 'युद्ध को किसी न किसी मोड़ पर समाप्त होना ही होगा. यह बेहतर होगा कि हम इसे आज ही समाप्त कर दें, जब हम एक मजबूत और सम्मानजनक स्थिति में हैं और पूरी दुनिया हमारी जीत को स्वीकार कर रही है.'दूसरी तरफ कट्टरपंथी रूढ़िवादी गुट खड़ा है. उनकी पूरी विचारधारा वाशिंगटन के प्रति गहरे अविश्वास पर टिकी है, जिसे वे इस्लामिक रिपब्लिक को नष्ट करने पर आमादा मानते हैं. आधी सदी से भी अधिक समय से वे अमेरिकी इरादों के खिलाफ चेतावनी देते रहे हैं. अब डोनाल्ड ट्रंप के युद्ध ने उनके इस रुख को अपने मध्यमार्गी विरोधियों के सामने सही साबित कर दिया है.वे पेजेश्कियान समेत मौजूदा राजनेताओं पर पश्चिमी-उन्मुख होने का आरोप लगाते हैं. दावा करते हैं कि वे घरेलू आर्थिक समस्याओं को बढ़ा-चढ़ाकर पेश कर रहे हैं ताकि जनता पर समझौते के लिए दबाव बनाया जा सके. कुल मिलाकर, ईरान अब असमंजस में फंस गया है, जो हर दिन उसकी बदहाली को बढ़ाता जा रहा है. जंग में ईरानी लोगों के मरने वालों की संख्या बढ़ती जा रही है. साथ ही, उसके नुकसान का दायरा भी बढ़ता जा रहा है. अब देखना होगा कि ईरान इस संकट का हल कैसे निकाल पाता है.