How US Lost in New World Map Controversy? जिस अमेरिका को दशकों से इस बात का गुमान है कि दुनिया वही चला रहा है. धरती उसी के इशारे पर घूमती है, वो आज बुरी तरह हार गया. दुनिया के सबसे बड़े मंच पर यूएस को एकतरफा हार मिली है. ये हार दुनिया के नक्शे पर अंकित भी हो गई है.संयुक्त राष्ट्र में विश्व के नए मानचित्र के लिए मतदान हुआ. अमेरिका चाहता था कि जो नक्शा 457 वर्षों से चल रहा है, वही नक्शा रहे और नया नक्शा न आए. वहीं अफ्रीकन देश नया नक्शा लाने पर अड़े थे. क्यों अड़े हुए थे, ये हम आपको आगे बताएंगे लेकिन पहले मतदान का परिणाम जानिए.विश्व मंच पर अकेला पड़ गया अमेरिकासंयुक्त राष्ट्र में 164 देशों ने दुनिया का नक्शा बदलने का समर्थन किया. भारत ने भी इस ऐतिहासिक बदलाव के पक्ष में वोट दिया. 6 देशों ने वोटिंग में हिस्सा नहीं लिया. अमेरिका एकमात्र ऐसा देश था जिसने इस बदलाव के विरोध में वोट किया. यानी दुनिया के नए नक्शे पर स्कोर 164-1 रहा. 164 देश एक तरफ हो गए और अमेरिका विश्व मंच पर अकेला पड़ गया.इस घटना को सिर्फ एक नक्शे का नतीजा मत समझिए. ये एक महाशक्ति के पतन का संकेत भी है. इसे आप दुनिया भर में सुपरपावर अमेरिका के अलग-थलग पड़ जाने की शुरुआत भी कह सकते हैं. हम विस्तार से आपको बताएंगे कि दुनिया के नए नक्शे के साथ कैसे अमेरिकी वर्चस्व के टूटने का आरंभ हो गया है. लेकिन पहले आपको बताते हैं कि दुनिया के नए नक्शे और पुराने नक्शे में क्या अंतर है. आखिर क्यों अफ्रीकी देशों ने पुराने नक्शे को बदलने की मांग की थी.यूरोपीय नजरिये से बना था पुराना नक्शाअब तक जिस नक्शे के जरिए हम दुनिया को देखते और समझते थे, वो नक्शा वर्ष 1569 में यूरोप के मैप मेकर जेरारडस मरकेटर ने बनाया था. मकेटर ने ये नक्शा इसलिए बनाया था, ताकि यूरोपीय खोजकर्ताओं को दुनियाभर में यात्रा करने में मदद मिल सके. पुराना नक्शा यूरोपीय नजरिए और यूरोपीय सोच के हिसाब से बनाया गया. ध्यान रखिएगा जब पुराना नक्शा बना, तब पूरी दुनिया यूरोपीय उपनिवेशवाद का शिकार थी. यानी दुनिया के देशों पर यूरोपीय देश कब्जा कर रहे थे या करने की कोशिश कर रहे थे.दुनिया में अमेरिका अब अकेला पड़ गया!457 साल बाद.. दुनिया का नक्शा बदल रहाअमेरिका की 'एकतरफा हार' का विश्लेषण — Zee News (@ZeeNews) September 5, 2026अब समय बदला है, दुनिया को देखने समझने का नजरिया बदला है, इसलिए नक्शा भी बदल रहा है. मरकेटर नक्शा, पृथ्वी के घुमाव को दिखाने के लिए भूमध्य रेखा के पास के देशों को उनके असल आकार से छोटा और ध्रुवों के पास के देशों को बड़ा दिखाता है. जबकि 2018 में कार्टोग्राफर्स टीम ने जो नया नक्शा बनाया है वो देशों को उनके क्षेत्रफल के हिसाब से दिखाता है. इसलिए नए नक्शे को 'इक्वल अर्थ प्रोजेक्शन' नाम दिया गया है. यहां आपके लिए मरकेटर मैप और इक्वल अर्थ प्रोजेक्शन में फर्क को समझना जरूरी है. दोनों नक्शे में अंतर क्या है.ग्रीनलैंड से छोटा दिखता था अफ्रीका महाद्वीपदेखिए अफ्रीका का आकार पुराने मैप में बहुत छोटा दिखता था, नए मैप में अफ्रीका बड़ा दिखेगा. ग्रीनलैंड पुराने मैप में अफ्रीका के बराबर दिखता था. ग्रीनलैंड का क्षेत्रफल करीब 22 लाख वर्ग किलोमीटर है. वहीं अफ्रीका का क्षेत्रफल करीब 3 करोड़ वर्ग किलोमीटर है. यानी अफ्रीका ग्रीनलैंड से करीब 14 गुना बड़ा है. लेकिन पुराने नक्शे में दोनों बराबर दिखते थे. अब ग्रीनलैंड छोटा दिखेगा और अफ्रीका बड़ा दिखेगा. आप ये भी कह सकते हैं, जो जैसा है, वैसा दिखेगा.पुराने नक्शे में उत्तरी अमेरिका और यूरोप अपने क्षेत्रफल से 4 गुना बड़ा दिखते थे. नए नक्शे में वो अपने सही स्वरूप में दिखेंगे. रूस और कनाडा दोनों देश पहले अत्यधिक बड़े और विशाल दिखते थे. लेकिन अब रूस अफ्रीका से छोटा दिखेगा. भारत और दक्षिण एशिया को पुराने नक्शे में छोटा दिखाया जाता था. नए नक्शे में ये दोष भी दूर किया गया है. अब नक्शे में भारत का आकार भी पहले से बड़ा दिखेगा. यानी नया मैप देशों के सही स्वरूप को दिखाता है. इसलिए अफ्रीकी देश इसका समर्थन कर रहे हैं.यूएस को क्यों चुभ रहा नया नक्शा?नक्शे में बदलाव से वास्तविक जमीन, अंतरराष्ट्रीय सीमाओं या देशों के क्षेत्रफल में कोई बदलाव नहीं होगा. हां मानचित्र पर पृथ्वी को दिखाने का तरीका बदल जाएगा. समझिए ये दुनिया के मानचित्र का लोकतांत्रिकरण है. जो देश जिस आकार का है उसे उसी आकार में दिखाया जा रहा है. अमेरिका का आकार भी नक्शे में छोटा हुआ है. ये बात खुद को सर्वशक्तिमान समझने वाले अमेरिका को चुभ रही है. इसलिए अमेरिका नए नक्शे का विरोध कर रहा था.वैचारिक एजेंडा अमेरिका का असल दर्द यही है. अब तक अमेरिका अपना वैचारिक एजेंडा पूरी दुनिया पर थोप रहा था. नए वर्ल्ड मैप पर यूएन में हुए मतदान से साफ हो गया कि बहुमत अब अमेरिका के वैचारिक एजेंडे को नकार चुका है. यानी वर्ल्ड ऑर्डर अब बदल रहा है. अब दुनिया अमेरिका के धौंस से नहीं लोकतंत्र की आवाज और बराबरी के नियम से चलेगी.एकजुटता के खिलाफ अकेला पड़ गया अमेरिकालोकतंत्र की इसी आवाज और साम्राज्यवादी सोच के खिलाफ एकजुटता के सामने अमेरिका अकेला पड़ गया. वैसे इतनी बड़ी हार अमेरिका को पहली बार मिली है. इससे पहले भी वो अकेला पड़ा है लेकिन दायरा इतना बड़ा कभी नहीं रहा.ईरान वॉर में अमेरिका के करीबी उसके साथ नहीं दिख रहे. ट्रंप की धमकियों के बाद भी NATO में शामिल ज्यादातर देशों ने खुलकर अमेरिका का साथ नहीं दिया. इससे पहले इजरायल-हमास जंग के दौरान संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में युद्ध रोकने के लिए प्रस्ताव पेश किया गया था. नवंबर 2024 की बात है. सुरक्षा परिषद के 14 सदस्य देशों ने प्रस्ताव का समर्थन किया था. सिर्फ अमेरिका ने विरोध किया. अमेरिका ने अपने विशेषाधिकार यानी वीटो का प्रयोग किया और प्रस्ताव गिर गया.फ्रांस और ब्रिटेन भी छोड़ रहे साथजून 2025 में फिर यही प्रस्ताव पेश किया गया. रूस, चीन के साथ अमेरिका के करीबी फ्रांस और ब्रिटेन ने भी प्रस्ताव का समर्थन किया. अमेरिका ने फिर वीटो किया. इस बार भी मतदान का आंकड़ा 14-1 रहा. यहां एक छोर पर अमेरिका अकेला खड़ा रहा. सितंबर 2025 में छठी बार अमेरिका ने इस प्रस्ताव को वीटो किया. इस बार भी मतदान का स्कोर 14-1 ही रहा.अगस्त 2020 में अमेरिका ने सुरक्षा परिषद में ईरान पर लगे शस्त्र प्रतिबंध को अनिश्चित काल के लिए बढ़ाने का प्रस्ताव पेश किया था. इस प्रस्ताव के पक्ष में सिर्फ अमेरिका और डोमिनिकन रिपब्लिक ने वोट दिया. रूस, चीन के साथ अमेरिका के यूरोपीय सहयोगी फ्रांस, जर्मनी और ब्रिटेन समेत 11 देश अनुपस्थित रहे. यहां भी अमेरिका को सिर्फ और सिर्फ डोमिनिकन रिपब्लिक जैसे देश का समर्थन ही मिला.यरुशलम पर भी मुंह की खानी पड़ीदिसंबर 2017 में यरुशलम को इजरायल की राजधानी के तौर पर मान्यता देने के ट्रंप के फैसले के खिलाफ संयुक्त राष्ट्र में यमन और तुर्किये ने प्रस्ताव पेश किया था. इस प्रस्ताव का 128 देशों ने समर्थन किया था. विरोध में अमेरिका और इजरायल समेत 9 देशों ने वोट दिया था.मतलब हर बड़े मौके पर अमेरिका या तो अकेले खड़ा दिखता है. या उसके साथ गिने चुने देश ही दिखते हैं. ये अमेरिका के पतन की शुरुआत का प्रमाण है. अपने घटते वर्चस्व गिरती साख की खीझ मिटाने के लिए अमेरिका विश्व स्वास्थ्य संगठन से पूरी तरह अलग हो गया. अब भी दुनिया के 193 देश इस संगठन के सदस्य हैं. यानी WHO के बहिष्कार के मुद्दे पर भी अमेरिका अकेला है.इसी साल 7 जनवरी को भारत और फ्रांस के संयुक्त नेतृत्व वाले इंटरनेशनल सोलर अलायंस से भी अमेरिका बाहर हो गया, दुनिया के 125 देश इस संगठन से जुड़े हैं लेकिन अमेरिका बाहर है.अपनी कुंठा ऐसे निकाल रहे ट्रंपइसी साल की शुरुआत में, ट्रंप ने एक प्रेसिडेंशियल मेमोरेंडम पर साइन कर अमेरिका को 66 अंतरराष्ट्रीय संगठनों से बाहर निकाल दिया. ट्रंप ने कहा कि ये संगठन अब अमेरिकी हितों की सेवा नहीं करते. यानी इन संगठनों में अमेरिका की दादागिरी नहीं चलती.अमेरिका अब तक UN फ्रेमवर्क कन्वेंशन ऑन क्लाइमेट चेंज, UN जनसंख्या कोष, UN व्यापार और विकास सम्मेलन, इंटरगवर्नमेंटल पैनल ऑन क्लाइमेट चेंज, इंटरनेशनल रिन्यूएबल एनर्जी एजेंसी, इंटरनेशनल यूनियन फॉर कंज़र्वेशन ऑफ नेचरजैसे अंतरराष्ट्रीय संगठनों से बाहर हो चुका है.वर्ल्ड ऑर्डर में नीचे जा चुका है अमेरिकाअब आप समझिए. दुनिया का नया नक्शा संयुक्त राष्ट्र में पास होना, वैश्विक संगठनों से अमेरिका का बाहर होना ये देखने में छोटी-छोटी घटनाएं लगती हैं. अमेरिका ये दिखावा करता है उसके बगैर ये वैश्विक संस्थान नहीं चलेंगे. लेकिन ये घटनाएं बता रही हैं कि वर्ल्ड ऑर्डर में अब अमेरिका बहुत नीचे जा चुका है. जब तक इन संगठनों में अमेरिकी आवाज के सामने दुनिया चुप थी.अमेरिका की मनमानी चलती थी तब तक अमेरिका इन संगठनों का सिरमौर बना रहा. लेकिन अब भारत समेत ग्लोबल साउथ और अफ्रीकी देशों का वर्चस्व बढ़ा है. ब्रिटेन, फ्रांस जैसे देश अमेरिका का साथ छोड़ रहे हैं. नक्शे के साथ-साथ हो रहे ये वैश्विक बदलाव भी परिणामों में दिखने लगे हैं.