)
Uttarakhand Weather Today: उत्तराखंड से विदा लेते मानसून ने जाते-जाते एक बार फिर मौसम का मिजाज बदलने की तैयारी कर ली है. भले ही राज्य में मानसून की रफ्तार सुस्त पड़ चुकी है और अगले 24 से 48 घंटों में इसके पूरी तरह लौटने के आसार हैं, लेकिन पहाड़ियों पर ठंडक और बारिश का नया दौर शुरू होने वाला है. भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के देहरादून केंद्र के मुताबिक, 3 और 4 अक्टूबर को राज्य के सभी 13 जनपदों में धूप-छांव का खेल चलेगा और मौसम पूरी तरह साफ व शुष्क रहेगा.
मैदानी इलाकों में गुलाबी ठंड की दस्तक
इस वीकेंड पर खिली हुई धूप दिन के तापमान को थोड़ा जरूर बढ़ाएगी, लेकिन सुबह और देर रात हरिद्वार और उधम सिंह नगर जैसे मैदानी इलाकों में छाने वाला हल्का कोहरा गुलाबी ठंड की दस्तक दे रहा है. मौसम विभाग ने इन दो दिनों के लिए किसी भी तरह का अलर्ट जारी नहीं किया है, यानी घूमने-फिरने वालों के लिए यह समय मुफीद रहेगा.
पहाड़ों पर 5 अक्टूबर से बदलेगी हवा
शांति का यह दौर ज्यादा लंबा नहीं चलने वाला है. 5 अक्टूबर से मौसम फिर एक नया मोड़ लेगा. चमोली, रुद्रप्रयाग, उत्तरकाशी, पिथौरागढ़ और बागेश्वर जैसे ऊंचे पर्वतीय इलाकों में गर्जन के साथ हल्की बारिश और आकाशीय बिजली चमकने की संभावना है. हालांकि, मैदानी इलाके इस दिन भी सूखे ही रहेंगे.
7-8 को झमाझम बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग का कहना है कि 6 अक्टूबर से बादलों की आवाजाही और तेज होगी. देहरादून, टिहरी, नैनीताल, चम्पावत और पिथौरागढ़ में कई जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश दर्ज हो सकती है. इसके बाद 7 और 8 अक्टूबर को पूरे उत्तराखंड का मौसम रंग बदलेगा और सभी 13 जिलों के अधिकांश हिस्सों में बादलों की गड़गड़ाहट के साथ बारिश का दायरा फैलेगा.
पर्वतीय रास्तों पर निकलने का प्लान
अगर आप इन दिनों उत्तराखंड के खूबसूरत पर्वतीय रास्तों पर निकलने का प्लान बना रहे हैं, तो धूप के साथ-साथ अपनी गाड़ी में छाता और हल्के गर्म कपड़े रखना बिल्कुल न भूलें. मानसून भले ही रुखसत हो रहा हो, लेकिन पहाड़ों की यह रिमझिम बारिश आपके सफर को थोड़ा सुहाना और थोड़ा रोमांचक जरूर बना सकती है.