App

देहरादून में गर्मी के तेवर बरकरार: नवंबर में 10 साल का टूटा रिकॉर्ड, तापमान पहुंचा 31 डिग्री के पार; जानिए कब बढ़ेगी ठंड?

आज पूरे उत्तराखंड में मौसम शुष्क रहने वाला है. मौसम विभाग का कहना है कि राज्य में कहीं भी बारिश या बर्फबारी होने की कोई संभावना नहीं है. देहरादून में तो अभी भी गर्मी महसूस हो रही है. ऐसे में जानिए अगले कुछ दिनों के मौसम का हाल...

देहरादून में गर्मी के तेवर बरकरार: नवंबर में 10 साल का टूटा रिकॉर्ड, तापमान पहुंचा 31 डिग्री के पार; जानिए कब बढ़ेगी ठंड?

वैसे तो नवंबर आते ही गुलाबी ठंड का एहसास होने लगता है, लेकिन इस बार मौसम का मिजाज पूरी तरह से बदला हुआ नजर आ रहा है. उत्तराखंड के मैदानी इलाकों से इस समय कड़ाके की ठंड गायब है और तेज धूप लोगों के पसीने छुड़ा रही है. हालात यह है कि नवंबर का दूसरा हफ्ता बीतने को है, लेकिन देहरादून में सर्दी का दूर-दूर तक नामोनिशान नहीं है.

सामान्य से 5 डिग्री ऊपर पारा
मंगलवार को देहरादून का अधिकतम तापमान 31.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से पांच डिग्री सेल्सियस ज्यादा है. मौसम विभाग के आंकड़ों के मुताबिक, लगभग एक दशक बाद नवंबर महीने में अधिकतम तापमान ने इस उच्च स्तर को छुआ है. 

इससे पहले ठीक इतना ही तापमान यानी 31.2 डिग्री सेल्सियस, 2 नवंबर 2016 को दर्ज किया गया था. यह बदलाव सिर्फ दिन के समय तक सीमित नहीं है, बल्कि रातों के तापमान में भी बढ़ोतरी बनी हुई है.

अगले कुछ दिन कैसा रहेगा मौसम?
आमतौर पर नवंबर की शुरुआत से ही रातें ठंडी होने लगती हैं, लेकिन इस बार अपेक्षित गिरावट न होने के कारण सुबह और शाम के वक्त भी ठंड नदारद है. मौसम विज्ञान केंद्र के पूर्वानुमान के अनुसार, आने वाले दिनों में भी राज्य में मौसम के शुष्क बने रहने की संभावना है. 

हालांकि, कुछ ऊंचाई वाले पहाड़ी क्षेत्रों में हल्की बारिश और बर्फबारी के आसार जरूर हैं, लेकिन इसका मैदानी इलाकों के तापमान पर कोई खास असर पड़ता नहीं दिख रहा है. आज भी देवभूमि में मौसम पूरी तरह शुष्क है.

मौसम के पारंपरिक चक्र में बड़ा बदलाव
मौसम वैज्ञानिकों का मानना है कि पिछले कुछ सालों में क्लाइमेट चेंज के कारण मौसम के पारंपरिक चक्र में बड़ा बदलाव आया है. पहले मानसून की विदाई के बाद अक्टूबर से ही पारे में गिरावट शुरू हो जाती थी, लेकिन अब लंबे समय तक मौसम सूखा रहता है. आसमान का साफ रहना और दिनभर तेज धूप खिलना अधिकतम तापमान में लगातार उछाल की मुख्य वजह है. इसके अलावा, पश्चिमी विक्षोभ की कमजोर सक्रियता और बर्फबारी के समय में बदलाव भी तापमान के इस उतार-चढ़ाव को सीधे तौर पर प्रभावित कर रहा है.

IMD की नई भविष्यवाणी जानिए
मौसम विभाग का कहना है कि जब तक पहाड़ों पर अच्छी बारिश और बर्फबारी नहीं होती, तब तक मैदानी और घाटी वाले क्षेत्रों में ठंड की रफ्तार धीमी ही बनी रहेगी. फिलहाल देहरादून में शुष्क मौसम और तीखी धूप के चलते तापमान सामान्य से ऊपर चल रहा है. आने वाले दिनों में पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता और हवा की दिशा बदलने के बाद ही ठंड के असली तेवर देखने को मिल सकते हैं.

यह भी पढ़िए: सुबह कुहासा, रात में ठिठुरन: मुरादाबाद में 14 डिग्री पहुंचा पारा, जानिए अगले 7 दिन यूपी में बारिश होगी या नहीं

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Pooja Singh

Pooja Singh

पूजा सिंह डिजिटल पत्रकार हैं और ज़ी उत्तर प्रदेश-उत्तराखंड (Zee UP-UK) की डिजिटल टीम में सब-एडिटर के पद पर काम कर रहे हैं. दिल्ली से ताल्लुक रखने वाली पूजा को मीडिया जगत में 5 वर्षों से ज्यादा का अनुभव है. वे उत्तर प्रदेश की हाइपर-लोकल खबरों, क्राइम, प्रशासनिक गतिविधियों, राजनीतिक उठापटक और खेल जगत के मुद्दों पर पैनी नजर रखते हैं. खबरों की गहराई, ग्राउंड रियलिटी और तथ्य-आधारित डिजिटल कवरेज के लिए वे जाने जाते हैं.पूजा के पास डेस्क एडिटिंग का व्यावहारिक अनुभव है.  स्थानीय प्रशासन, जनसमस्याओं और राजनीतिक हलचलों की बेहतर समझ उन्हें ज़मीनी वास्तविकताओं को सटीक रूप से प्रस्तुत करने में मदद करती है. ज़ी मीडिया से पहले उन्होंने भारत के लिडिंग हिंदी न्यूज़ चैनल टीवी 9 डिजिटल और न्यूज नेशन में काम करने का अनुभव है. पूजा ने भारतीय विद्या भवन से पत्रकारिता की पढ़ाई पूरी की है.पूजा सिंह से आप pooja.singh@india.com पर सीधे ईमेल कर संपर्क कर सकते हैं. इसके अलावा आप पूजा से एक्स (ट्विटर) और लिंक्डइन पर कनेक्ट कर सकते हैं.
Read More