App

न्यूजीलैंड के स्क्वॉड में कितना दम? भारत के खिलाफ टेस्ट सीरीज के लिए टीम का ऐलान, ये 5 खिलाड़ी बनेंगे खतरा!

भारत के खिलाफ होने वाली टेस्ट सीरीज के लिए न्यूजीलैंड क्रिकेट बोर्ड ने 14 सदस्यीय स्क्वॉड का ऐलान कर दिया है. स्टार बल्लेबाज डेवोन कॉनवे और रचिन रविंद्र की वापसी हुई है. टेस्ट टीम की कमान टॉम लैथम संभालेंगे.

न्यूजीलैंड के स्क्वॉड में कितना दम? भारत के खिलाफ टेस्ट सीरीज के लिए टीम का ऐलान, ये 5 खिलाड़ी बनेंगे खतरा!
Image Credit: न्यूजीलैंड के स्क्वॉड में कितना दम? भारत के खिलाफ टेस्ट सीरीज के लिए टीम का ऐलान (Blackcaps/X)

भारत के खिलाफ होने वाले दो मैचों की टेस्ट सीरीज के लिए न्यूजीलैंड की टीम का ऐलान हो गया है. टॉम लैथम कप्तानी का जिम्मा संभालेंगे. 14 सदस्यीय स्क्वॉड में कई ऐसे खिलाड़ियों का नाम शामिल है, जो ODI सीरीज का भी हिस्सा हैं. स्टार बल्लेबाज डेवोन कॉनवे भी टेस्ट के लिए चुने गए हैं, जो चोट की वजह से वनडे सीरीज से बाहर हुए थे. न्यूजीलैंड की टेस्ट टीम में भारतीय मूल के खिलाड़ी रचिन रविंद्र की भी वापसी हुई है.

सितंबर में एक प्रमोशनल शूट के दौरान डाइव लगाकर कैच पकड़ने की कोशिश में रचिन रविंद्र के दाहिने कंधे की हड्डी खिसक गई थी. इस चोट के कारण वो भारत के खिलाफ पांच मैचों की T20I सीरीज और अभी चल रही पांच मैचों की ODI सीरीज से बाहर हो गए थे. भारत और न्यूजीलैंड के बीच पहला टेस्ट 19 नवंबर से वेलिंगटन के बेसिन रिजर्व स्टेडियम में खेला जाएगा, जबकि दूसरा टेस्ट 27 नवंबर से क्राइस्टचर्च में होगा.

न्यूजीलैंड की टेस्ट टीम का ऐलान

टॉम लैथम (कप्तान), टॉम ब्लंडेल (विकेटकीपर), डेवोन कॉनवे, जैकब डफी, मैट हेनरी, काइल जैमीसन, डेरेल मिचेल, हेनरी निकोल्स, ग्लेन फिलिप्स, रचिन रविंद्र, मिचेल सैंटनर, नाथन स्मिथ, ब्लेयर टिकनर, विल यंग

न्यूजीलैंड की टीम काफी हद तक वैसी ही है, जिसने जून में इंग्लैंड के दौरे पर 2-1 से जीत हासिल की थी. इस टीम में बल्लेबाज केन विलियमसन (जिन्होंने उस दौरे के बीच में ही संन्यास ले लिया था) और तेज गेंदबाज विल ओ'रूर्के (जिनके वर्कलोड को इस सीरीज के बाद ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ होने वाले चार मैचों के टेस्ट दौरे को ध्यान में रखते हुए मैनेज किया जा रहा है), बेन सियर्स (टखने की चोट) और जैक फॉल्क्स (कूल्हे की चोट) शामिल नहीं हैं. टीम में एक नया नाम तेज गेंदबाज जैकब डफी का है, जो पैटरनिटी लीव (पिता बनने की छुट्टी) के कारण इंग्लैंड के दौरे पर नहीं जा पाए थे.

ये 5 खिलाड़ी बनेंगे भारत के लिए खतरा?

टी20 और वनडे सीरीज में भले ही न्यूजीलैंड ने उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं किया, लेकिन टेस्ट में उन्हें हल्के में लेने की गलती भारी पड़ सकती है. लंबे फॉर्मेट में कीवियों को उनके घर पर हराना आसान नहीं है. भारत को डेवोन कॉनवे, रचिन रविंद्र और डेरेल मिचेल से सावधान रहना होगा, जो टेस्ट के शानदार बल्लेबाज हैं. अगर ये तीनों क्रीज पर डट गए तो रनों का पहाड़ खड़ा कर सकते हैं. गेंदबाजी में जैकब डफी और मैट हेनरी शुभमन गिल एंड कंपनी के होश उड़ा सकते हैं. इन दोनों गेंदबाजों की स्पीड भले ही कम है, लेकिन दोनों हवा में गेंद तैराते हैं और टेस्ट में खतरनाक साबित हो सकते हैं.

19 नवंबर-23 नवंबर: भारत बनाम न्यूजीलैंड पहला टेस्ट- वेलिंगटन, बेसिन रिजर्व
27 नवंबर- 01 दिसंबर: भारत बनाम न्यूजीलैंड दूसरा टेस्ट-क्राइस्टचर्च, हेग्ले ओवल 
 

 

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Ritesh Kumar

Ritesh Kumar

रितेश कुमार स्पोर्ट्स न्यूज करने के लिए 24 घंटे तैयार रहते हैं क्योंकि इसी से सबसे ज्यादा प्यार करते हैं. पत्रकारिता में 5 साल का अनुभव. The Lallantop से सफर शुरू हुआ और R Bharat के रास्ते अब Zee News तक पहुंचा है. स्पोर्ट्स क्षेत्र में एक सफल पत्रकार बनने का सपना है. भारतीय क्रिकेटर्स, ओलंपिक और पैरालंपिक मेडलिस्ट का इंटरव्यू करने करने का अनुभव. ट्रेडिंग खबरों में डूबे रहने का शौक है.
Read More