App

दूसरे राज्य से आकर राजस्थान में बसे लोगों को सरकारी नौकरी में नहीं मिलेगा आरक्षण, हाईकोर्ट ने खारिज की याचिका

राजस्थान हाईकोर्ट ने स्पष्ट किया कि दूसरे राज्य के आरक्षित वर्ग के अभ्यर्थी को यहां सरकारी नौकरी में उसी श्रेणी का आरक्षण नहीं मिलेगा. गुजरात की ST महिला की अपील खारिज करते हुए कोर्ट ने उन्हें सामान्य श्रेणी में मानने के फैसले को बरकरार रखा.

दूसरे राज्य से आकर राजस्थान में बसे लोगों को सरकारी नौकरी में नहीं मिलेगा आरक्षण, हाईकोर्ट ने खारिज की याचिका
Image Credit: Rajasthan High Court

राजस्थान हाईकोर्ट ने दूसरे राज्यों से आकर प्रदेश में बसने वाले आरक्षित वर्ग के अभ्यर्थियों को लेकर अहम फैसला सुनाया है. कोर्ट ने स्पष्ट किया है कि किसी व्यक्ति को अपने मूल राज्य में मिली आरक्षित वर्ग की सुविधा का लाभ दूसरे राज्य में सरकारी नौकरी के लिए नहीं मिलेगा. ऐसे अभ्यर्थियों की उम्मीदवारी सामान्य श्रेणी के तहत ही देखी जाएगी.

यह फैसला गुजरात की रहने वाली एक महिला की याचिका पर सुनाया गया है, जिन्होंने राजस्थान में नर्सिंग ऑफिसर की भर्ती में अनुसूचित जनजाति (ST) वर्ग के तहत आरक्षण मांगा था. वरिष्ठ न्यायाधीश विनीत कुमार माथुर और न्यायाधीश चंद्र शेखर शर्मा की खंडपीठ ने बारिया शर्मिष्ठा बेन की विशेष अपील खारिज कर दी.

गुजरात की ST महिला ने राजस्थान में मांगा था आरक्षण

मामले के अनुसार, बारिया शर्मिष्ठा बेन मूल रूप से गुजरात की रहने वाली हैं और वहां अनुसूचित जनजाति (ST) वर्ग से आती हैं. गुजरात में विवाह के बाद वह राजस्थान में आकर बस गईं. इसके बाद उन्होंने राजस्थान में नर्सिंग ऑफिसर के पद के लिए आवेदन किया और एसटी श्रेणी के तहत आरक्षण का लाभ मांगा. हालांकि, राज्य सरकार ने भर्ती विज्ञापन की शर्तों और नियमों का हवाला देते हुए उन्हें एसटी श्रेणी का लाभ देने से इनकार कर दिया. सरकार ने उनकी उम्मीदवारी को सामान्य श्रेणी में माना. इसके खिलाफ महिला ने हाईकोर्ट की एकल पीठ में याचिका दायर की थी.

एकल पीठ के फैसले को खंडपीठ में दी थी चुनौती

महिला की रिट याचिका 23 सितंबर 2025 को सुप्रीम कोर्ट के 'रंजना कुमारी बनाम उत्तराखंड राज्य' मामले में दिए गए फैसले के आधार पर खारिज कर दी गई थी. इसके बाद उन्होंने एकल पीठ के फैसले को हाईकोर्ट की खंडपीठ में चुनौती दी. सुनवाई के दौरान खंडपीठ ने सुप्रीम कोर्ट के 'मरी चंद्र शेखर राव' और 'एक्शन कमेटी ऑन द इशू ऑफ कास्ट सर्टिफिकेट' मामलों में दिए गए फैसलों का भी हवाला दिया.

एक राज्य का आरक्षण दूसरे राज्य में नहीं मिलेगा

हाईकोर्ट ने कहा कि कोई व्यक्ति एक राज्य के आरक्षित वर्ग से संबंधित होने के आधार पर दूसरे राज्य में उसी आरक्षण का दावा नहीं कर सकता. यानी किसी राज्य में मिलने वाला आरक्षित दर्जा दूसरे राज्य में अपने आप लागू नहीं हो जाता. खंडपीठ ने यह भी कहा कि अलग-अलग राज्यों में सामाजिक पिछड़ेपन और कठिनाइयों के आधार अलग हो सकते हैं. ऐसे में एक राज्य की आरक्षित जातियों की सूची में शामिल होने से दूसरे राज्य में भी आरक्षण का अधिकार नहीं मिल जाता. इन्हीं कानूनी आधारों पर हाईकोर्ट ने बारिया शर्मिष्ठा बेन की विशेष अपील खारिज कर दी.

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Rakesh Bhardwaj

Rakesh Bhardwaj

राकेश कुमार भारद्वाज पाली (राजस्थान) निवासी वरिष्ठ पत्रकार हैं, जो पिछले 20 से अधिक वर्षों से प्रिंट व इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में सक्रिय हैं। वर्तमान में वे ज़ी राजस्थान में जोधपुर जिला ब्यूरो चीफ के रूप में कार्यरत हैं।इतिहास में एमए, विधि (LL.B.)में अध्यनरत, पत्रकारिता (BJMC) में बहु-विषयक शिक्षा प्राप्त भारद्वाज जी ने अपने करियर की शुरुआत पाली में लॉकल न्यूज चैनल से की इसके बाद उन्होंने दैनिक नवज्योति ,ईटीवी राजस्थान ,जी राजस्थान जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में लंबे समय तक अपनी सेवाएँ दीं। पाली व जोधपुर में लम्बे समय से पत्रकारिता के क्षेत्र में विशेषकर स्वास्थ्य-चिकित्सा और क्षेत्रीय राजनीति की सटीक व संवेदनशील रिपोर्टिंग के साथ राजस्थान हाईकोर्ट मुख्यपीठ में पत्रकारिता के लिए जाना जाता है।
Read More