)
उत्तराखंड के मौसम में एक बार फिर बदलाव के आसान दिखने लगे हैं. पहाड़ी राज्यों में ठंड का अहसास अब धीरे-धीरे बढ़ने लगा है. इसी बीच मौसम विज्ञान केंद्र ने राज्य के मौसम को लेकर ताजा पूर्वानुमान जारी किया है, जिसके अनुसार आने वाले दिनों में प्रदेश के पर्वतीय इलाकों में हल्की बारिश और बर्फबारी की संभावना जताई जा रही है.
IMD की नई भविष्यवाणी
मौसम विभाग की मानें तो उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में मौसम का मिजाज बदल सकता है. इन पांच जिलों के कुछ जगहों पर बहुत हल्की से हल्की बारिश होने के आसार हैं. खास तौर पर, इन जिलों के 3300 मीटर या उससे अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की संभावना भी जताई गई है, जिससे ठंड में और इजाफा होने की उम्मीद है.
सुबह-शाम कोहरे का पहरा
पहाड़ी इलाकों में मौसम का यह बदलाव सुहावना तो है, लेकिन इसके साथ कुछ चुनौतियां भी हैं. मौसम विभाग के अनुसार, पहाड़ी घाटियों में कहीं-कहीं हल्के से मध्यम कोहरा छा सकता है. सुबह और शाम के समय इससे घाटी वाले इलाकों में विजिबिलिटी प्रभावित होने की आशंका है.
वाहन चालकों और यात्रा करने वाले पर्यटकों को इन इलाकों में आवाजाही के दौरान थोड़ी सावधानी बरतने की सलाह दी गई है. हालांकि, पूरे जिले में एक साथ भारी बारिश या बर्फबारी का अनुमान नहीं है, बल्कि यह असर कुछ चुनिंदा जगहों तक ही सीमित रहेगा.
मैदानी इलाकों में मौसम रहेगा शुष्क
जहां एक ओर पहाड़ों पर हल्की फुहारें और बर्फबारी के आसार बन रहे हैं, वहीं मैदानी जिलों समेत राज्य के अन्य हिस्सों में फिलहाल मौसम शुष्क बने रह सकता है. देहरादून, हरिद्वार, उधम सिंह नगर और नैनीताल जैसे मैदानी इलाकों में चटख धूप खिल सकती है, जिससे दिन के समय हल्की गर्माहट बनी रहेगी. हालांकि, पहाड़ों से आने वाली ठंडी हवाएं सुबह और शाम के तापमान में गिरावट लाएगी.
14 नवंबर को गरज-चमक संग बारिश के आसार
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, अगले कुछ दिनों तक मौसम में बहुत बड़े बदलाव के आसार नहीं हैं. अधिकांश इलाकों में स्थिति सामान्य बनी रहेगी, लेकिन 14 नवंबर को राज्य के कुछ हिस्सों में गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना जताई गई है, जिससे ठंड का असर और अधिक तेज हो सकता है.
देहरादून में आज कैसा रहेगा मौसम?
मौसम विभाग के अनुसार, 10 नवंबर को देहरादून शहर और उसके आसपास के क्षेत्रों में मौसम पूरी तरह सामान्य और शुष्क बना हुआ है. यहां आसमान बिल्कुल साफ है. आज यहां बारिश की कोई चेतावनी जारी नहीं की गई है.