)
मुजफ्फरपुर के गन्नीपुर स्थित मां काली मंदिर में बंगाली संस्कृति से मां काली की पूजा की गई. इस पूजा में धुनुची आरती की भव्य झलक देखने को मिली. निशा पूजा के बाद धुनुची आरती से पूरा मंदिर परिसर गूंज उठा. ढाक की थाप पर की जा रही धुनुची आरती में भक्त उमड़ पड़े और उनका उत्साह देखते बन रहा था.
दरअसल, मुजफ्फरपुर के गन्नीपुर स्थित बंगाली कॉलोनी के श्री श्री श्यामा काली मंदिर में इन दिनों आस्था और बंगाली संस्कृति का अद्भुत संगम देखने को मिल रहा है. मां काली की वार्षिक पूजा के अवसर पर मंदिर परिसर भक्तिमय माहौल में सराबोर है. सोमवार देर शाम भव्य धुनुची आरती का अयोजन किया गया, जिसे देखने के लिए भारी संख्या में श्रद्धालुओं की भीड़ जुट गई और धुनुची आरती ने लोगों का मन मोह लिया. पारंपरिक ढाक की थाप पर महिलाओं और पुरुषों ने धुनुची लेकर नृत्य किया, जिससे पूरा मंदिर परिसर बंगाली संस्कृति के रंग में रंग गया.
मंदिर में मां काली की पूजा की परंपरा 1961 से चली आ रही है. छह दशक से अधिक समय से बंगाली रीति-रिवाज और पारंपरिक विधि-विधान के साथ यहां मां की आराधना की जा रही है. समय के साथ पीढ़ियां बदलती रहीं, लेकिन मां के प्रति श्रद्धा और पूजा की परंपरा आज भी उसी उत्साह के साथ कायम है. इस आयोजन में बंगाली समुदाय के साथ-साथ शहर के विभिन्न इलाकों से श्रद्धालु पहुंचते हैं.
वहीं, श्रद्धालुओं के लिए सबसे खास रही धुनुची आरती. बंगाल से आए पारंपरिक ढाकयों की गूंजती थाप ने पूरे वातावरण को उत्सवमय बना दिया. जब श्रद्धालुओं ने हाथों में धुनुची लेकर मां काली की आराधना शुरू की, तो मंदिर परिसर का नजारा देखते ही बन रहा था.
धुनुची मिट्टी का बना पारंपरिक पात्र होता है, जिसमें जलते कोयले और सुगंधित धूप सामग्री से धुआं निकलता है. इसी धुनुची को हाथों में लेकर बंगाली महिलाएं और पुरुष ढाक की थाप पर पारंपरिक अंदाज में नृत्य करते हुए मां की आराधना करते हैं.
कभी दोनों हाथों में धुनुची लेकर लयबद्ध नृत्य, तो कभी ढाक की तेज होती थाप पर भक्तों का उत्साह... धुनुची आरती का यह दृश्य बंगाली संस्कृति की जीवंत पहचान और मां के प्रति श्रद्धालुओं के समर्पण को दर्शाता नजर आया.
मंदिर के प्रधान पुरोहित भरत चक्रवर्ती ने कहा कि बंगाली विधि विधान से पूजा-अर्चना संपन्न हुआ, जिसमें मां काली की विशेष आराधना के दौरान सुख-समृद्धि, साहस और परिवार की खुशहाली की कामना की गई. इस पूजा की एक बेहद खास परंपरा है मां को अर्पित खिचड़ी, सब्जी, खीर और मिठाइयों का भोग. भोग के बाद श्रद्धालु एक साथ बैठकर मां का प्रसाद ग्रहण करते हैं.
श्री श्री श्यामा काली मंदिर में 8 से 10 नवंबर तक तीन दिवसीय धार्मिक आयोजन किया जा रहा है. 8 नवंबर की मध्यरात्रि में निशा पूजा संपन्न हो चुकी है. 9 नवंबर की शाम धुनुची आरती का भव्य आयोजन हुआ, जबकि 10 नवंबर को भी धार्मिक अनुष्ठान और पूजा-अर्चना जारी रहेंगे.
इनपुट: मणितोष कुमार