App

Bhai Dooj 2026: गोवर्धन पूजा के बाद भाई दूज की तारीख पर भी उलझन, भाई-बहन का पर्व आज मनेगा या कल?

दीपोत्‍सव पर्व का चौथा दिन गोवर्धन पूजा का और पांचवां दिन भाई दूज का होता है. साल 2026 में गोवधर्न पूजा और भाई दूज मनाने की तारीख को लेकर लोगों में खासी उलझन है. जानिए कब मनाया जाएगा भाई दूज?

Bhai Dooj 2026: गोवर्धन पूजा के बाद भाई दूज की तारीख पर भी उलझन, भाई-बहन का पर्व आज मनेगा या कल?
Image Credit: भाई दूज इस साल 11 नवंबर को मनाई जाएगी और सबसे शुभ मुहूर्त करीब 2 घंटे का है. (Photo:AI)

8 नवंबर को दिवाली थी, तो गोवर्धन पूजा उसके अगले दिन 9 नवंबर को होती, लेकिन तिथियों के घालमेल के चलते 9 नवंबर का दिन खाली गया और 10 नवंबर 2026 यानी कि आज गोवर्धन पूजा और अन्‍नकूट पर्व मनाया जा रहा है. अब इसके बाद 11 नवंबर 2026 को भाई दूज मनाया जाएगा और इसी के साथ 5 दिन का दीपोत्‍सव पर्व समाप्‍त होगा. आइए पहले समझते हैं कि तिथियों में कहां मामला फंसा, जिसके चलते इस साल दीपोत्‍सव पर्व 5 की बजाय 6 दिन का हो गया.

ये है पूरा मामला

गोवधर्न पूजा कार्तिक शुक्‍ल प्रतिपदा तिथि को की जाती है. इस साल यह तिथि दिवाली के अगले दिन 9 नवंबर को दोपहर 12:31 बजे से प्रारंभ होकर 10 नवंबर की दोपहर 2 बजे तक है. चूंकि गोवर्धन पूजा सुबह के समय की जाती है इसलिए यह पर्व 10 नवंबर 2026, मंगलवार यानी कि आज मनाया जा रहा है. इसके चलते 9 नवंबर का दिन खाली रहा.

भाई दूज 2026 कब है?

भाई दूज पर्व कार्तिक शुक्‍ल द्वितीया को मनाते हैं और इसे यम द्वितीया भी कहते हैं. द्रिक पंचांग के अनुसार, इस साल कार्तिक शुक्‍ल द्वितीया तिथि 10 नवंबर को दोपहर 2 बजे से शुरू होकर 11 नवंबर को दोपहर 03:53 बजे समाप्‍त होगी. चूंकि उदयातिथि (सूर्योदय के समय द्वितीया तिथि) 11 नवंबर को है, इसलिए भाई दूज का पर्व 11 नवंबर 2026, बुधवार को मनाया जाएगा.

भाई दूज पर भाई को तिलक लगाने का शुभ मुहूर्त

साल 2026 में भाई दूज पर भाई के माथे पर तिलक करने का सर्वश्रेष्ठ मुहूर्त दोपहर में है. मशहूर ज्‍योतिषाचार्य पंडित अजय भाम्‍बी के अनुसार इस साल भाई दूज मनाने का शुभ मुहूर्त : 11 नवंबर की दोपहर 01:10 बजे से 03:20 बजे तक है. बाकी राहुकाल को छोड़कर दिन के बाकी समय भी बहनें भाई को तिलक लगाकर उसकी लंबी आयु, अच्‍छे स्‍वास्‍थ्‍य और सुखी जीवन की कामना कर सकती हैं.

भाई दूज पर राहुकाल

प्रोकेरला पंचांग के अनुसार, 11 नवंबर को भाई दूज पर राहुकाल दोपहर 12:10 बजे से 01:33 बजे तक है. राहुकाल में शुभ कार्य नहीं किए जाते हैं. लिहाजा इस समय में बहन, भाई का तिलक करने से बचें. हालांकि कई पंचांगों के अनुसार शुभ मुहूर्त दोपहर 01:20 बजे से प्रारंभ हो रहा है. अच्‍छी बात यह है कि 11 नवंबर को भद्रा काल नहीं है, जिसमें यह पर्व मनाना वर्जित होता है.

मान्‍यता है कि भाई दूज के दिन भाई अपनी बहन के घर जाकर उससे तिलक लगवाए, उसके पैर छूकर आशीर्वाद ले, उसे भेंट दे, उसके घर पर भोजन करे तो अकाल मृत्‍यु का डर दूर होता है. इसी कारण इस दिन को यम द्वितीया भी कहते हैं.

(Disclaimer-  यह सामग्री धार्मिक मान्यताओं, प्रचलित परंपराओं एवं उपलब्ध धार्मिक स्रोतों पर आधारित है. विभिन्न क्षेत्रों, समुदायों और परंपराओं के अनुसार व्रत-त्योहारों की तिथि, पूजा-विधि एवं मान्यताओं में अंतर संभव है. साथ ही पंचांगों में भेद और अलग-अलग स्‍थानों पर मुहूर्त में भी कुछ अंतर हो सकता है. पाठक इसे सामान्य धार्मिक जानकारी के रूप में देखें.)
 

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Shraddha Jain

Shraddha Jain

पत्रकारिता में 15 वर्षों का व्यापक अनुभव रखने वाली श्रद्धा जैन वर्तमान में Zee News की नेशनल डिजिटल टीम में बतौर असिस्‍टेंट न्‍यूज एडिटर सक्रिय हैं. जहाँ वे धर्म, ज्योतिष, ग्रह गोचर, अंक शास्‍त्र और वास्तु शास्त्र जैसे विषयों पर अपनी विशेषज्ञता के लिए जानी जाती हैं। उन्होंने मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएशन और सिम्बॉयसिस इंटरनेशनल यूनिवर्सिटी से क्रिएटिव राइटिंग की पढ़ाई की है. बतौर फोटो जर्नलिस्ट करियर शुरू करने वाली श्रद्धा ने दूरदर्शन, दैनिक भास्कर और चौथी दुनिया जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में अपनी सेवाएं दी हैं.12 वर्षों की फील्ड रिपोर्टिंग के दौरान राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर गहरी पकड़ बनाने के बाद, उन्होंने डिजिटल मीडिया की ओर रुख किया और देश 24*7 जैसे पोर्टल्स में नेतृत्व की भूमिका निभाई. वर्तमान में धर्म, ज्योतिष, वास्तु और हस्तरेखा जैसे विषयों पर गहन अध्ययन और लेखन करते हुए जटिल विषयों को सरल और रोचक भाषा में पाठकों के सामने पेश कर रही हैं.
Read More