)
देहरादून: देवभूमि उत्तराखंड में अगले चार दिन मौसम मेहरबान रहने वाला है. मौसम विभाग के ताजा अपडेट के मुताबिक 19 से 22 अक्टूबर तक प्रदेश के सभी 13 जिलों में मौसम पूरी तरह शुष्क और साफ रहेगा. दिन में खिली हुई चटक धूप से पहाड़ों में पड़ रही कड़ाके की ठंड से लोगों को बड़ी राहत मिलेगी. मौसम विज्ञान केंद्र, देहरादून ने आज किसी भी जिले के लिए बारिश या बर्फबारी का अलर्ट जारी नहीं किया है.
मैदान से पहाड़ तक धूप ही धूप
19 से 22 अक्टूबर तक देहरादून, हरिद्वार, उधम सिंह नगर, नैनीताल, अल्मोड़ा, बागेश्वर, पौड़ी, टिहरी, चंपावत, पिथौरागढ़, उत्तरकाशी, चमोली और रुद्रप्रयाग- सभी जिलों में मौसम साफ रहेगा. बात करें मैदानी जिलों की तो देहरादून, हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर में दिन में सुहावनी धूप खिलेगी. वहीं सुबह-शाम हल्की धुंध और ठंडक महसूस होगी. रात के तापमान में हल्की गिरावट आएगी, लेकिन बारिश की कोई संभावना नहीं है. उत्तराखंड में पहाड़ी क्षेत्रों का मौसम मैदानी इलाकों की तुलना में ठंडा रहेगा. ऊंचाई वाले स्थानों पर तापमान में गिरावट और कुछ इलाकों में बारिश की संभावना बनी रह सकती है.
23 अक्टूबर से बदलेगा मौसम का मिजाज
चार दिन की राहत के बाद 23 अक्टूबर से पहाड़ी इलाकों में मौसम करवट लेगा. मौसम विभाग के अनुसार, 23 अक्टूबर को उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग और पिथौरागढ़ के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हल्की बारिश हो सकती है.
चोटियों पर हल्की बर्फबारी का अनुमान- 3500 मीटर से ज्यादा ऊंचाई वाले इलाकों जैसे बद्रीनाथ, केदारनाथ, गंगोत्री और यमुनोत्री धाम की चोटियों पर हल्की बर्फबारी का अनुमान है. इस दौरान आकाशीय बिजली चमकने और गर्जन का अंदेशा भी जताया गया है. वहीं, 24 अक्टूबर को इस बदलाव के दायरे में बागेश्वर जिला भी शामिल हो जाएगा, जबकि राज्य के बाकी अन्य हिस्सों में मौसम शुष्क बना रहेगा.
अगर आप इन दिनों पहाड़ों की सैर पर निकलने की प्लानिंग कर रहे हैं, तो यह समय एकदम परफेक्ट है. दिन के वक्त साफ आसमान और खिलखिलाती धूप आपके सफर का मजा दोगुना कर देगी, बस शाम और रात के वक्त हल्की ठंड आपको महसूस होगी. जिससे बचने के लिए अपने साथ गर्म कपड़े रखना न भूलें.