)
उत्तराखंड के कैंची धाम, भवाली और भीमताल जाने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों के लिए पुलिस ने 17 और 18 अक्टूबर को नया ट्रैफिक प्लान जारी किया है. वीकेंड पर भीड़ बढ़ने की आशंका को देखते हुए भारी वाहनों की आवाजाही पर रोक रहेगी और बसों व चौपहिया वाहनों को तय रास्तों से भेजा जाएगा. कैंची धाम जाने वाले पर्यटकों को अपनी गाड़ी तय पार्किंग में खड़ी करनी होगी. वहां से मंदिर तक पहुंचने के लिए शटल सेवा मिलेगी. जरूरत पड़ने पर यह व्यवस्था सोमवार और मंगलवार को भी लागू की जा सकती है.
नैनीताल पुलिस के मुताबिक 17 और 18 अक्टूबर को सुबह 3 बजे से रात 11 बजे तक भारी वाहनों की आवाजाही बंद रहेगी. ऐसे वाहनों को जिले की सीमा पर रोका जाएगा. वहीं सुबह 5 बजे से रात 8 बजे तक केमू बसों, निजी बसों और चौपहिया वाहनों के लिए तय डायवर्जन लागू रहेगा. पुलिस ने लोगों से अपील की है कि यात्रा शुरू करने से पहले रास्तों और पार्किंग की जानकारी जरूर ले लें.
अल्मोड़ा और पिथौरागढ़ जाने वाले वाहन यहां से गुजरेंगे
अल्मोड़ा, जागेश्वर, बागेश्वर और पिथौरागढ़ से मैदानी क्षेत्रों की ओर जाने वाले वाहन लमगड़ा, धानाचूली, धारी, खुटानी बैंड और भीमताल होते हुए जाएंगे. रानीखेत से मैदानी क्षेत्रों की ओर जाने वाले वाहन क्वारब, ओड़ाखान, रामगढ़, खुटानी बैंड और भीमताल का रास्ता अपनाएंगे. हल्द्वानी और काठगोदाम से अल्मोड़ा, जागेश्वर, बागेश्वर व पिथौरागढ़ जाने वाले वाहनों को खुटानी बैंड, भीमताल, धारी और धानाचूली बैंड के रास्ते भेजा जाएगा.
रानीखेत और दूसरे इलाकों के लिए अलग रास्ता
काठगोदाम से रानीखेत, बेतालघाट, सुयालबाड़ी और खैरना जाने वाले वाहन सैनिटोरियम से रातीघाट मार्ग का इस्तेमाल करेंगे. पुलिस ने वाहन चालकों से तय रास्तों का पालन करने को कहा है, ताकि कैंची धाम और आसपास के इलाकों में जाम की स्थिति न बने.
दो जगहों पर होगी पार्किंग की व्यवस्था
बाहरी जिलों और राज्यों से भीमताल के रास्ते कैंची धाम जाने वाले पर्यटकों को विकास भवन, भीमताल की पार्किंग में वाहन खड़े करने होंगे. यहां से शटल सेवा के जरिए भवाली और कैंची धाम मंदिर तक पहुंच सकेंगे. वहीं गेठिया और नैनीताल के रास्ते आने वाले पर्यटकों को भवाली सैनिटोरियम पार्किंग में गाड़ी खड़ी करनी होगी. यहां से भी मंदिर के लिए शटल सेवा मिलेगी.
कैंची धाम और नैनीताल में टैक्सी पर रोक
पुलिस के अनुसार वीकेंड के दौरान कैंची धाम क्षेत्र और नैनीताल में टैक्सी और दोपहिया वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी. श्रद्धालुओं और पर्यटकों से अपील की गई है कि वे अपनी यात्रा की योजना ट्रैफिक प्लान के मुताबिक बनाएं. पुलिस ने यह भी कहा है कि जरूरत पड़ने पर यही व्यवस्था सोमवार और मंगलवार को भी लागू की जा सकती है.