App

नवंबर में भी सूरज दिखा रहा तेवर! 10 साल बाद दून में टूटा गर्मी का रिकॉर्ड, सर्दी की दस्तक में देरी

उत्तराखंड में नवंबर के तीसरे सप्ताह में भी ठंड का असर कम है. देहरादून में तापमान 31.2 डिग्री तक पहुंचा. जानिए 25 नवंबर तक कैसा रहेगा मौसम और कब बढ़ेगी सर्दी.

नवंबर में भी सूरज दिखा रहा तेवर! 10 साल बाद दून में टूटा गर्मी का रिकॉर्ड, सर्दी की दस्तक में देरी
Image Credit: Uttarakhand Weather

देहरादून: नवंबर का महीना बीतने को है, लेकिन उत्तराखंड में सर्दी की दस्तक का इंतजार लंबा होता जा रहा है. खासकर मैदानी इलाकों में सूरज अपने खूब तेवर दिखा रहा है. आमतौर पर इस समय तक सुबह-शाम ठंड बढ़ने लगती है और दिन के तापमान में भी गिरावट आने लगती है. इसके उलट इस बार नवंबर के तीसरे सप्ताह में भी मैदानी इलाकों में गर्मी का अहसास हो रहा है. दिन में तेज धूप के चलते अधिकतम तापमान सामान्य से ऊपर बना हुआ है. वहीं, रात के तापमान में भी अपेक्षित गिरावट नहीं होने से ठंड का असर कम महसूस हो रहा है.

10 साल बाद टूटा रिकॉर्ड

मौसम के आंकड़े इस बदलाव की तस्वीर बयां कर रहे हैं. बीती 10 नवंबर को दून का अधिकतम तापमान 31.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 5 डिग्री अधिक था. खास बात यह है कि करीब 10 साल बाद नवंबर में अधिकतम तापमान इस स्तर तक पहुंचा है. इससे पहले 2 नवंबर 2016 को भी दून का अधिकतम तापमान 31.2 डिग्री दर्ज किया गया था. इसके बाद से लगातार दिन का तापमान सामान्य से ऊपर बना हुआ है.

रातें भी नहीं हो रहीं सर्द

मौसम के बदले मिजाज का असर केवल दिन तक सीमित नहीं है. रात का न्यूनतम तापमान भी सामान्य से अधिक रहने के कारण सुबह और शाम को ठंड का अहसास कम हो रहा है. सामान्य तौर पर नवंबर की शुरुआत से ही रातें सर्द होने लगती हैं, लेकिन इस बार ऐसा नहीं हो रहा है.

25 नवंबर तक कैसा रहेगा मौसम?

मैदानी और तराई क्षेत्र की बात करें तो अधिकतम तापमान सामान्य के आसपास रह सकता है और मौसम साफ रहेगा. पर्वतीय क्षेत्र में दिन का तापमान सामान्य या उससे अधिक रह सकता है, लेकिन ऊंचाई वाले कुछ इलाकों में तापमान माइनस में दर्ज किया जा रहा है.

25 नवंबर तक: प्रदेश में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है.अगले कुछ दिनों तक तापमान में बड़े बदलाव की उम्मीद नहीं है, हालांकि दिसंबर और जनवरी में शीतलहर व कोहरे के आसार हैं.

क्यों देर से आ रही सर्दी?

पिछले कुछ सालों में मौसम के पैटर्न में बदलाव देखने को मिल रहा है. पहले मानसून की विदाई के बाद अक्तूबर से ही तापमान में गिरावट शुरू हो जाती थी और नवंबर आते-आते ठंड का असर बढ़ने लगता था. अब कई बार मानसून की विदाई के बाद भी लंबे समय तक मौसम शुष्क बना रहता है. आसमान साफ रहने और दिन में तेज धूप निकलने से अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी हो रही है. मौसम वैज्ञानिक के मुताबिक पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता और बारिश-बर्फबारी के समय में बदलाव भी तापमान के उतार-चढ़ाव को प्रभावित कर रहा है.  जलवायु परिवर्तन के चलते तापमान के सामान्य व्यवहार में भी बदलाव दिखाई दे रहा है. नवंबर में सामान्य से अधिक तापमान दर्ज होना भी इसी बदलते मौसमी व्यवहार का संकेत है.

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Preeti Chauhan

Preeti Chauhan

प्रीति चौहान जीन्यूज में पत्रकार हैं, उत्तर प्रदेश-उत्तराखंड डिजीटल टीम में  ब्रेकिंग, हाइपरलोकल, क्राइम, और अन्य मुद्दों को लेकर खबरें लिखती हैं. 
Read More